- रक्त रंजित छलनी शव देखकर गम और गुस्से का दिखा गुबार
- पत्रकार के घर पर कस्बा और आस-पास गांवों के सैकड़ों लोगों की जुटी भीड़
- परिजनों को सांत्वना और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
- छह घंटे के बवाल के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ पत्रकार का नैमिष घाट पर अंतिम संस्कार
राहुल मिश्रा-
सीतापुर | हमलावरों की गोली का निशाना बने विशल ब्लोवर व पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई का शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की देर रात उनके घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। रक्त रंजित गोलियों से छलनी शव देखकर परिजन और सगे संबंधियों के आंसू थम नहीं रहे थे। पुलिस की लचर कार्यशैली से परिजनों, पत्रकारों व कस्बावासियों में आक्रोश भी बढ़ रहा था। मालूम हो कि दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई का महोली से सीतापुर आते समय हेमपुर पुल पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी थी।
पीएम होने के बाद देर रात पत्रकार का शव महोली स्थिति आवास पर पहुंचा। सूचना मिलते ही लोग एकत्रित होना शुरु कर दिए। सुबह होते ही पत्रकार के घर लोगों की भीड़ जुटने लगी। परिजन और जुटे लोगों में गम और गुस्से का गुबार था। मृतक पत्रकार के परिजनों ने मांगों को लेकर कई घंटों तक अंतिम संस्कार न करने पर अड़े रहे।

करीब छह घंटे बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा कमलेश मिश्रा, पूर्व सांसद रेखा वर्मा, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक शंशाक त्रिवेदी भाजपा नेता अनुराग तिवारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिसद के प्रांत सह मंत्री अभिषेक बाजपेयी सहित एडीएम, एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों के मान मनौव्वल के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए नैमिषारण्य रवाना हुए। देर शाम नैमिषारण्य के गोमती घाट पर पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई का कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार हुआ। राघवेन्द्र के दस वर्षीय बेटे आराध्य ने मुखाग्नि दी। पत्रकार राघवेंद्र जन सूचना अधिकार के तहत भी विभागीय जानकारी एकत्र कर खबरें भी प्रकाशित करता था।
मांगों को लेकर अड़े परिजनों व पुलिस के बीच हुई नोक झोंक
पत्रकार राघवेन्द्र के परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार न करने पर अड़े थे। इसके साथ ही परिजन पत्नी को शैक्षिक योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी व एक करोड़ मुआवजे की मांग कर रहे थे। परिजनों की मांग थी कि मुख्यमंत्री अपने एक्स या फिर जिलाधिकारी लिखित रुप से मांगो को पूरा करने का आश्वासन दें। डीएम अवकाश पर होने के कारण एडीएम पत्रकार के घर पहुंचे। मांगो को लेकर करीब छह घंटे से अधिक बवाल चला। इसी बीच परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने जा रहे थे जिसको रोकने पर शहर कोतवाल अनूप शुक्ला से नोक झोंक भी हुई।

अंतिम संस्कार करने के लिए समझाने आए विधायक शंशाक त्रिवेदी व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा को भी आक्रोशित लोगों से काफी नोक झोंक हुआ। काफी देर हुए बवाल के बाद प्रदेश अध्यक्ष भाजपा व विधायक के आश्वासन पर अंतिम संस्कार हुआ।
कस्बे में मातमी सन्नाटा, आस पास जिलो में हुआ प्रदर्शन
पत्रकार की हत्या के बाद पूरे कस्बे में सन्नाटा छाया रहा। पूरे जिले में हत्याकांड को लेकर चर्चा होती रही। जिले सहित आस पास के जिलों में पत्रकारों ने प्रदर्शन कर कार्यवाही की मांग की। महोली में हत्याकांड को लेकर कस्बेवासी सहमे रहे। दिवंगत पत्रकार के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए हुजूम उमड़ता रहा। सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर, हरदोई, उन्नाव आदि अनेकों जिलों के पत्रकार संगठनों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए हंगामा भी किया है। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सहित पीड़ित परिवार को मुआवजा सहित मृतक पत्रकार की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग पत्रकारों ने उठाई है। महमूदाबाद में पत्रकार के न्याय को लेकर कैंडल मार्च निकाला।
कड़ी से कड़ी जोड़ रही पुलिस, जल्द होगा खुलासा
पत्रकार की हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। देर रात घटनास्थल पर मुआयना करने के बाद एडीजी प्रंशात कुमार ने मृतक पत्रकार के पजिरनांें से मुलाकात की। उन्होने जल्द घटना का खुलासा करने के लिए एसटीएफ सहित चार पुलिस की टीमें लगाई है। पुलिस ने राजस्व विभाग के चार लेखपालों सहित आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अंतिम संस्कार के बाद एसपी चक्रेश मिश्रा महोली थाने व घटनास्थल की जांच पड़ताल की।
राघवेंद्र निडर पत्रकार था- रेखा अरुण वर्मा
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा परिजनों से मुलाकात करने पहुंचीं। परिवार को आर्थिक सहित हर संभव मदद का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा रेखा वर्मा ने कहा- राघवेंद्र बहुत ही निडर पत्रकार था। हमेशा गरीबों की मदद किया करता था। इस तरीके एक पत्रकार की हत्या हो जाना गलत है। मैं परिवार वालों के साथ हूं। हर संभव मदद की जाएगी।
हर एक आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी- डिप्टी सीएम
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, पत्रकार की हत्या में शामिल हर एक आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। इस घटना को शासन ने संज्ञान में लिया है। हत्या के पीछे जो भी साजिशकर्ता होंगे, छोड़े नहीं जाएंगे।
यूपी में जंगलराज कायम-पल्लवी पटेल
पत्रकार के परिजनों से मुलाकात करने कमेरावादी पार्टी की विधायक पल्लवी पटेल भी मौके पर पहुंची। परिवार को आर्थिक मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यूपी में जंगलराज कायम है। सरकार हर जगह फेल हो रही है। परिवार को न्याय नहीं मिला तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।
न्याय की लड़ाई लड़ेंगे- अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार सुबह राघवेंद्र के घर पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा- प्रदेश में जंगल राज है। योगी सरकार अपनी हेकड़ी और बात कहने में मस्त है। केवल धूल पीट रही है। पूरे प्रदेश में तबाही मची हुई है। कानून व्यवस्था के नाम पर केवल फर्जी एनकाउंटर और हत्याएं हो रही हैं। पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार को न्याय दिलाने के लिए सदन से सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे। प्रदेश अध्यक्ष महोली में पत्रकार के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद सांसद राकेश राठौर के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मिले। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सांसद को साजिशन फंसाया गया है। कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। हम न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।
चौबीस घंटे बाद भी नहीं हुआ खुलासा
चौथे स्तम्भ पत्रकार की निर्मम हत्या का पुलिस चौबीस घंटे के बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस से आगे पत्रकार चल रहे है। पुलिस को जांच में सहयोग करने के लिए महोली से सीतापुर तक लगे सीसीटीवी फुटेज का खंगाल कर उपलब्ध करा रहे है। पत्रकार की पत्नी की रश्मि बाजपेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के बजाय मृतक पत्रकार के घर के आस पास छावनी में तब्दील कर दिया था। पुलिस के लापरवाही का आरोप लगाते हुए पत्रकारों सहित अन्य में आक्रोश व्याप्त है।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 1 मिनट 33 सेकेंड के एक फुटेज में शनिवार दोपहर 2.52 बजे पत्रकार राघवेंद्र बाइक से जाते दिख रहे हैं। 20 सेकेंड के बाद दोपहर 2.53 बजे उनके पीछे एक बाइक पर दो युवक दिख रहे हैं। फुटेज में बाइक चला रहा युवक मुंह पर रुमाल बांधे हुए है। इसके 5 सेकेंड बाद एक ब्लैक थार चौपहिया वाहन पीछे से जाती हुई दिख रही है। ये फुटेज घटना से कुछ मिनट पहले का है। फुटेज में दिख रहा है कि बाइक और थार कार राघवेंद्र का पीछा कर रही थीं। बाइक सवार को पुलिस द्वारा हिरासत में लेना बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें…
पत्रकार हत्याकांड : पुलिस ने चार लेखपालों, एक फौजी समेत 8 को उठाया, अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार!


