नई दिल्ली: वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी एक बार फिर टेलीविज़न की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। वे अब अपने नए शो ‘Decode with Sudhir Chaudhary’ के ज़रिए डीडी न्यूज़ पर नज़र आएंगे।
सुधीर चौधरी ने मार्च 2025 में आज तक से विदा ली थी, जहां वे लोकप्रिय प्राइम-टाइम शो ‘Black & White’ को होस्ट करते थे। इससे पहले वे लंबे समय तक ज़ी न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ और सीईओ रहे, और 2022 में आज तक से जुड़े थे।
इस नए शो की जानकारी सुधीर चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। शो का निर्माण उनकी कंपनी Essprit Productions Private Limited कर रही है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों को गहराई से समझाने और जनचेतना को दिशा देने का प्रयास करेगा।
हालांकि, शो के प्रसारण से ठीक पहले एक बड़ा विवाद सामने आ गया। NewsDrum की एक रिपोर्ट के अनुसार, पहले एपिसोड में जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया, जो भारत के सख्त नक्शा नियमों का उल्लंघन है। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर माना गया और डीडी न्यूज़ के अधिकारियों ने तुरंत एपिसोड को हटा लिया।

सूत्रों के अनुसार, यह एपिसोड बुधवार को प्रसारण के लिए भेजा गया था, लेकिन न तो बुधवार को और न ही गुरुवार को यह ऑन एयर हो सका।
इससे पहले 8 अप्रैल को सुधीर चौधरी ने X पर शो का टीज़र जारी किया था और अपनी कंपनी Essprit Productions में प्रोड्यूसर, राइटर, रिसर्चर, ग्राफिक डिज़ाइनर और अन्य संपादकीय भूमिकाओं के लिए आवेदन मांगे थे। उन्होंने लिखा, “हम भारत का सबसे डायनामिक न्यूज़ स्टार्टअप बना रहे हैं। यदि आपके पास जुनून, जोश और बदलाव लाने की ताकत है, तो हम आपको टीम में चाहते हैं।”
6 मई को उन्होंने एक प्रोमो तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरे जीवन के सबसे गर्व के क्षणों में से एक… यह सिर्फ एक करियर माइलस्टोन नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ लौटाने का जरिया है।”
Essprit Productions और प्रसार भारती के बीच एक कंटेंट प्रोडक्शन समझौता पहले ही हो चुका है, जिसके तहत यह कंपनी डीडी न्यूज़ के लिए सालाना 260 एपिसोड बनाएगी। यह समझौता लगभग 15 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है।
सुधीर चौधरी की यह वापसी न सिर्फ पत्रकारिता के क्षेत्र में बल्कि सरकारी मीडिया के लिए भी एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है।
देखें प्रोमो…
ये भी पढ़ें…
सुधीर चौधरी सबसे महंगे टीवी पत्रकार बने, सालाना पंद्रह करोड़ रुपये प्लस जीएसटी, देखें कांट्रैक्ट लेटर!


