Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

कलम की धार और जन-सरोकारों का संगम: अल्मोड़ा में उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह शुरू

हिमांशु लटवाल-

अल्मोड़ा: प्रखर व निर्भीक पत्रकार स्व. उमेश डोभाल की स्मृति में दो दिवसीय (24-25 मार्च) सम्मान समारोह कार्यक्रम शुरू हो गया है। मंगलवार को सांस्कृतिक जुलूस के साथ इस कार्यक्रम का आगाज हुआ। अल्मोड़ा सहित प्रदेश भर से आये पत्रकारों, साहित्यकारों, लेखकों, कवियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों लोगों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की।

एक तरफ लोक संस्कृति की परिचायक सांस्कृतिक टीमों के कार्यक्रम तो दूसरी ओर जनगीतों के गूंजते स्वर इस सांस्कृतिक जुलूस के परिचायक बने। आयोजन समिति की ओर से गांधी पार्क, चौघानपाटा से शुरू हुआ जुलूस मालरोड होते हुए मिलन चौक, लाला बाजार चौक बाजार, धारानौला मार्ग होते हुए आयोजन स्थल जिला पंचायत सभागार पहुंचा।

इस दौरान ​शिखर तिराहा स्थित शहीद पार्क में पुष्पांजलि और जिला पंचायत में स्वर्गीय रामसिंह धौनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इससे पहले आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. जीबी पंत, संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर, महान समाज सुधारक मुंशी हरिप्रसाद टम्टा, पं हरगोविंद पंत, विक्टर मोहन जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पाजंलि कर उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया और श्रद्धाजंलि अर्पित की।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के जन​कवि गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ के जनगीतों ने पूरे वातावरण को उत्साह से ओतप्रोत कर दिया। जुलूस में स्वर्गीय उमेश डोभाल की प्रतिबद्धता और शहादत को याद करते हुए जनसरोकार के लिए उनके द्वारा दिखाए गये मार्ग को अपनाने का संकल्प लिया गया।

सांस्कृतिक जुलूस के ​कार्यक्रम स्थल जिला पंचायत सभागार पहुंचने के बाद उत्तराखंड राज्य के 25 साल विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा, उमेश डोभाल केवल एक नाम नहीं, बल्कि निर्भीक पत्रकारिता का एक विचार हैं। आज के दौर में जब सूचनाओं का अंबार है, तब डोभाल जैसी सत्यनिष्ठा की सबसे अधिक आवश्यकता है।

इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत राजू, वरिष्ठ पत्रकार व राज्य आंदोलनकारी पी.सी तिवारी, सुरेश नौटियाल, चारू तिवारी, राजीव लोचन साह, जनकवि बल्ली सिंह चीमा, उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा के अध्यक्ष जगदीश जोशी, प्रकाश पंत, मुकुल, ईश्वर जोशी, डा. निर्मल जोशी, आनंद सिंह राणा आदि ने सत्र को संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन विभु कृष्णा ने किया। जबकि चन्द्र शेखर द्विवेदी, रमेश जोशी संचालक मंडल में रहे। अल्मोड़ा के पत्रकारों ने आयोजक मंडल की विभिन्न समितियों के माध्यम से कार्यक्रम के आयोजन में अपना सहयोग दिया।

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन