Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

सियासत

भारत में निर्मम हत्या पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष असीम मुनीश की साजिश है : राहुल देव

राहुल देव-

पहलगाम में पर्यटकों की इतनी बड़ी संख्या में निर्मम हत्या के पीछे सीधे-सीधे पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष असीम मुनीश की रणनीति है। पिछले बुधवार को ही उन्होंने सबको हैरान करते हुए द्विराष्ट्रवाद के सिद्धांत का अनुमोदन किया था।

आज का हत्याकांड इस नई रणनीति का पहला कदम लगता है। पाकिस्तानी रणनीति अब भारत में इस तरह की वारदातों से हिंदू-मुस्लिम दूरियों को बढ़ा कर दुश्मनी तक पहुँचाने की होगी।

भारत के हिंदुओं और मुसलमानों की यह साझा ज़िम्मेदारी है कि ख़तरे की गंभीरता समझते हुए असाधारण सावधानी, संतुलन, धैर्य और समझदारी से काम लें।

एक दूसरे को भड़काने वाली न कोई बात करें न काम। मुस्लिम नेतृत्व की भूमिका इस वक़्त बेहद अहम होगी। ज़ाहिर है ख़ुद को ‘हिंदू नेता-रक्षक’ आदि कहने मानने वाले तत्वों की भी।

यह सभी राजनीतिक-धार्मिक संगठनों की ज़िम्मेदारी है कि अपने-अपने लोगों को कड़े नियंत्रण में रखें। सांप्रदायिक और आक्रामक तत्व दोनों तरफ़ हैं। तुरंत भड़क कर बेक़ाबू हो जाने वाले युवा दोनों तरफ़ हैं।

ऐसे सारे संगठनों और लोगों पर कड़ी निगाह रखना, असाधारण और संवेदनशीलता के साथ सामाजिक शांति-सद्भाव को बनाए रखने की ज़िम्मेदारी सरकारों और एजेंसियों की है।

यह समय उत्तेजित होने और करने का नहीं एक-एक शब्द सोच समझ कर, संयम के साथ बोलने-बरतने का है।

पाकिस्तान और उसके एजेंटों का लक्ष्य हमारी एकता को तोड़ने, अशांति-उपद्रव और दंगे करवा कर हमें अलग करना है। भारत के फिर से टुकड़े करना है। दूसरा विभाजन करना है। उसे १९७१ का बदला लेना है।

यह हमारे सबके हाथ में है कि हम झगड़ते-बँटते-लड़ते हैं या हर उकसावे के बावजूद एकजुट बने रहते हैं। राष्ट्रीय एकता की नींव सामाजिक-साम्प्रदायिक एकता है। हर क़ीमत पर इस एकता को बचाना है क्योंकि बार-बार उसपर हमले होंगे। हमें बाँटने लड़ाने की कोशिशें की जाएँगी।

उन्हें नाकाम करना हर नागरिक के हाथ में है।

हिंदू हो या मुसलमान या दूसरे, जो भी इस मार्मिक राष्ट्रीय दुख की घड़ी में आपको भड़काने की, होश खो कर निर्दोष आम मुसलमानों से बदला लेने की बात कर रहा है समझ लीजिए वह देशद्रोही है। अपने हितों के लिए या अपनी घृणा को फैलाने के लिए, देश को अशांति-उपद्रव की आग में झोंकने के लिए बोल रहा है।

इस समय देशभक्ति की माँग है कि हम भारत को एकजुट रखें, शांत और मन से मज़बूत रखें।

पहलगाम हत्याकांड पर होश की बात करने पर नफरती जोश में भरे जो लोग बहुत बहादुरी दिखा रहे हैं, इस्लाम और मुसलमानों के खिलाफ आग उगल रहे हैं, आँय बाय बोल रहे हैं इतने ही बहादुर हैं तो निकलें घर से, कश्मीर जाकर आतंकवादियों को नेस्तनाबूद कर दें।

मूर्खों को यह समझ नहीं आता कि पाकिस्तान ठीक ऐसी ही प्रतिक्रिया पैदा करना चाहता है।

मूर्खों को यह भी समय नहीं आता कि जितना हिंदू मुसलमान एक दूसरे के खिलाफ ज़हर उगलेंगे उतना ही वे पाकिस्तान और दूसरे आतंकवादियों, भारत के शत्रुओं के मंसूबे पूरे करेंगे।

इस हमले का बदला लेने की, आतंकवादियों और उनके पाकिस्तानी आकाओं को सही सबक़ सिखाने की ज़िम्मेदारी सरकार की है। इसकी क्षमता भी उसी के पास है। यह समय किसी प्रशासनिक, गुप्तचर नाकामी के लिए किसी भी सरकार को कोसने की भी नहीं है।

सरकार पर भरोसा रखिए। निर्दोषों के इस नरसंहार का सटीक जवाब देने के उसके संकल्प और सामर्थ्य पर भरोसा रखिए और उसे अपना काम करने दीजिए। वह करेगी ही।

आपका-हमारा काम इस समय सबको एकजुट रखने, आपसी समझदारी, संवाद, सहयोग और दृढ़ता से अपने नागरिक कर्तव्य निभाने का है।

Related News…

कश्मीर के पत्रकारों को फोन करके आतंकी हमले पर चुप रहने के लिए कहा गया है!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन