नवेद शिकोह-
ABP News के विशाल पाण्डेय के लिए ईरान-इजराइल युद्ध की मिसाइलों के खतरों और बम वर्षा के बीच रिपोर्टिंग करना इतना कठिन नहीं था जितना कठिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सवाल पूछना साबित हुए। विशाल अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष से सवाल पूछ रहे थे तो उनका माइक छीनने की कोशिश में उन्हें घेर लिया गया।
पराए विदेशों में बड़े से बड़े युद्ध कवर करने में उन्हें इतनी दिक्कत नहीं हुई जितनी रुकावटें उन्हें अपने घर और आस्था के केंद्र अयोध्या राम मंदिर प्रकरण पर चार सवाल पूछने में पेश आईं।
बता दें कि विशाल पांडेय का घर और जन्मभूमि है अयोध्या। श्री राम मंदिर इनकी आस्था का केंद्र है। राम नगरी की मंदिरों के गलियारों में इनका बचपन गुजरा। बचपन से लेकर अबतक इनके कानों तक जो आवाजें सबसे अधिक दाखिल हुईं- उसमें पवित्र राम नाम के भजन, आरती ओर मंदिरों के घंटों की आवाजे थी।
विशाल शायद देश के पहले पत्रकार होंगे जिन्होंने पंद्रह वर्षों के छोटे से अनुभव और काफी कम उम्र में आधी दुनिया में रिपोर्टिंग कर ली। कई बार अमरीका और तमाम देशों में प्रधानमंत्री के दौरे कवर किए। व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की। विदेशों में युद्ध, सुनामी, भीषण भूकंप की कवरेज की। देशभर में कोरोना के डरावने हालात, भीषण दंगे, महाकुंभ और दर्जनों चुनावों की विशेष कवरेज कर एक से एक एक्सक्लूसिव खबरे निकालते रहे।
यूक्रेन युद्ध हो या इजराइल-ईरान का भीषण युद्ध हो, इस युद्ध में सबसे लम्बे समय तक ये इजराइल में जान की बाजी लगाकर रिपोर्टिंग करते रहे।
राम मंदिर के फैसले से लेकर शिलान्यास, मंदिर निर्माण की तैयारी, प्राण प्रतिष्ठा से लेकर राम मंदिर के ध्वजारोहण की लाइव कवरेज के साथ राम मंदिर पर आधारित कई दर्जन विशेष स्टोरीज की।
अपनी इसी अयोध्या में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष से चार सवाल पूछने में उन्हें इतनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा जितनी चुनौतीपूर्ण रिपोर्टिंग उन्हें इजराइल-ईरान युद्ध में गिरती मिसाइलों और बम वर्षा के बीच भी मुश्किल नहीं हुई थी। कुंभ की भगदड़, यूक्रेन युद्ध या किसी दंगे की कवरेज में भी कभी विशाल का माइक छीनने की कोशिश कहीं नहीं की गई, पर उन्हें अपने घर और जन्मस्थली अयोध्या में आस्था और अपने परमात्मा के केंद्र राम मंदिर परिसर में चंद सवाल पूछने पर उनका माइक छीनने की कोशिश की गई।
हे राम!
मूल खबर…
एबीपी न्यूज़ के सवालों से झुंझलाए गोविंद देव गिरी, रिपोर्टर के माइक पर हाथ मारा, देखें वीडियो



