Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

पूर्व राज्यसभा सांसद और पत्रकार आरके सिन्हा का निधन, ब्रेन स्ट्रोक के बाद लंबे समय से कोमा में थे!

Man wearing glasses and a light blue vest, hands pressed together in a namaste gesture, tilak on the forehead.

नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और एसआईएस (सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज) ग्रुप के संस्थापक और हिंदुस्थान समाचार एजेंसी के कर्ताधर्ता डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा का शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। परिवार की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमार थे। ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह लंबे समय तक कोमा में रहे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

आरके सिन्हा का व्यक्तित्व केवल एक राजनेता या कारोबारी तक सीमित नहीं था। उनका पत्रकारिता से भी गहरा नाता रहा। पत्रकारिता के शुरुआती दौर में उन्होंने देश के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की भी रिपोर्टिंग की थी। इसके बाद 1974 के जेपी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। पत्रकारिता और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों से होते हुए उनका जुड़ाव जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी से मजबूत हुआ।

रविंद्र किशोर सिन्हा जनसंघ के दौर से ही संगठन से जुड़े रहे और भाजपा के संस्थापक सदस्यों में गिने जाते थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के करीबी माने जाते थे। पार्टी संगठन में उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। उनका संसदीय सफर 2014 में शुरू हुआ, जब वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। वह 2020 तक राज्यसभा सांसद रहे।

राजनीति के साथ-साथ उन्होंने कारोबार के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (SIS) की स्थापना की थी। यह कंपनी सुरक्षा और अन्य सेवाओं के क्षेत्र में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। आरके सिन्हा इसके संस्थापक और चेयरमैन रहे।

परिवार की ओर से जारी संदेश में कहा गया, “अत्यंत भारी और दुखी मन से आप सभी को सूचित करना पड़ रहा है कि हम सभी के अभिभावक, भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद, SIS ग्रुप के संस्थापक, माननीय डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा जी का आज नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया।” परिवार ने लोगों से दिवंगत आत्मा की शांति और इस कठिन समय में परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करने की अपील की है।

उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए नोएडा से पटना लाया गया है। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

जनता दल (यूनाइटेड) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, एसआईएस के संस्थापक और पूर्व सांसद आरके सिन्हा का निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सिन्हा का स्नेह, अनुभव और मार्गदर्शन संगठन को मिलता रहा। संगठन के प्रति उनका समर्पण और विचारों के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।

पत्रकारिता से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले आरके सिन्हा ने राजनीति और उद्यमिता के क्षेत्र में भी लंबा सफर तय किया। उनके निधन से बिहार और देश के राजनीतिक, सामाजिक, पत्रकारिता तथा कारोबारी जगत ने एक ऐसा व्यक्तित्व खो दिया, जिसकी सार्वजनिक जीवन में कई भूमिकाएं रही हैं।


वरिष्ठ राजनेता, उद्यमी और लंबे समय तक पत्रकार रहे पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर आर के सिन्हा के निधन की दुखद सूचना मिली। डॉक्टर सिन्हा से वर्षों निजी संबंध रहा। ईश्वर इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों को धैर्य दें। दिवंगत आत्मा की शांति की कामना।
-हरिवंश, पूर्व पत्रकार और उप-सभापति राज्यसभा


धीरेंद्र प्रताप सिंह-

एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व को भावभीनी श्रद्धांजलि

एसआईएस ग्रुप के चेयरमैन, हिन्दुस्थान समाचार के पूर्व चेयरमैन एवं पूर्व सांसद आदरणीय श्री आर.के. सिन्हा जी का निधन अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। उनका जाना न केवल उद्योग और मीडिया जगत, बल्कि सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन के लिए भी एक बड़ी क्षति है।

वर्ष 2015 से 2017 के दौरान देहरादून में मुझे भी उनके सान्निध्य, मार्गदर्शन और उनके साथ कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके व्यक्तित्व में अद्भुत नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता, संगठन कौशल और समाज के प्रति गहरी संवेदनशीलता का अनूठा समन्वय था।

वे केवल एक सफल उद्यमी ही नहीं, बल्कि परहित और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित ऐसे कर्मयोगी थे, जिन्होंने अपने कार्यों और विचारों से अनेक लोगों को प्रभावित किया। उनका व्यवहार, कार्यशैली और लोगों को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।

मेरे लिए उनका सान्निध्य और मार्गदर्शन जीवन की एक महत्वपूर्ण स्मृति है। आज उनके निधन का समाचार व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक है।

ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भावभीनी श्रद्धांजलि। शत्-शत् नमन।

ॐ शांति शान्तिः शान्तिः


उदय सिंह-

Tribute poster with a smiling man in a red vest, two faded background portraits, a lit lamp and flowers, and the Hindi text 'विनम्र श्रद्धांजलि'.

श्री आर.के. सिन्हा जी के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत दुःखी है। सिन्हा जी ने अपने जीवन में उद्यमिता, समाजसेवा और सार्वजनिक जीवन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई। SIS समूह की स्थापना कर उन्होंने देश में सुरक्षा सेवा के क्षेत्र में एक बड़ा संस्थान खड़ा किया। वहीं, जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के आरंभिक सफर तक उनकी संगठनात्मक भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान, कार्यशैली और दूरदर्शिता लंबे समय तक स्मरणीय रहेंगे। उनका निधन समाज, राजनीति और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन