अब EMM न्यूज़रूम में संभालेंगे जिम्मेदारी, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में करेंगे इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग
जयपुर। सुधीर बिश्नोई ने दैनिक भास्कर के जयपुर स्थित प्रिंट न्यूज़रूम में बतौर इन्वेस्टिगेटिव सीनियर रिपोर्टर नई जिम्मेदारी संभाली है। वे दैनिक भास्कर के EMM न्यूज़रूम से जुड़कर राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ से संबंधित महत्वपूर्ण इन्वेस्टिगेटिव खबरों पर काम करेंगे।
इससे पहले सुधीर बिश्नोई दैनिक भास्कर डिजिटल की मध्यप्रदेश टीम के साथ भोपाल में कार्यरत थे। यहां उन्होंने करीब साढ़े तीन साल तक पत्रकारिता की। इस दौरान उन्होंने डिजिटल न्यूज़रूम, नेशनल न्यूज़रूम और स्पेशल रिपोर्टिंग के अलग-अलग अनुभव हासिल किए। वर्ष 2024 में दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश में कई महत्वपूर्ण स्टिंग ऑपरेशन और इन्वेस्टिगेटिव खबरों पर काम किया।
बिश्नोई की प्रमुख इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग में मध्यप्रदेश RTO चेकपोस्ट से जुड़ी अनियमितताओं का खुलासा, ड्रग्स नेटवर्क की पड़ताल, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक गड़बड़ियों से जुड़े मामले शामिल रहे हैं। इसके अलावा लोकायुक्त विभाग के भीतर कथित रिश्वतखोरी के नेटवर्क पर की गई उनकी पड़ताल ‘ऑपरेशन लोकायुक्त’ और सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़े बिजली विभाग के कथित भ्रष्टाचार का खुलासा भी काफी चर्चित रहा। इन खबरों के आधार पर संबंधित विभागों में कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया भी शुरू हुई।
सुधीर बिश्नोई ने राजस्थान के जोधपुर स्थित जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार (Journalism and Mass Communication) में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका अनुभव मुख्य रूप से इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग, अंडरकवर रिपोर्टिंग, स्टिंग ऑपरेशन, ग्राउंड रिसर्च और दस्तावेजों के आधार पर भ्रष्टाचार एवं व्यवस्थागत अनियमितताओं को उजागर करने से जुड़ा रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर भी रिपोर्टिंग की है।
जयपुर में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद बिश्नोई अब प्रिंट माध्यम में इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारिता को आगे बढ़ाएंगे। डिजिटल पत्रकारिता में हासिल अनुभव के साथ अब उनका फोकस राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में ऐसी इन्वेस्टिगेटिव खबरों पर रहेगा, जिनका सीधा संबंध आम जनता, सरकारी व्यवस्था और जवाबदेही से है।


