1989 में प्रभात खबर के नये प्रबंधन में हरिवंश सर (वर्तमान में उपसभापति, राज्यसभा) ने अखबार की कमान संभाली थी। पुराने साथी थे ही, नये लोगों की भी नियुक्तियां हो रही थीं। इसी दौर में एक संयोग ने मुझे गुमला से रांची और फिर प्रभात खबर के मुख्यालय तक पहुंचा दिया। हरि भाई (स्व. हरिनारायण सिंह जी) की सीख, लिखित परीक्षा की चुनौती और हरिवंश जी के इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ पत्रकारिता के उस सफर का नया अध्याय, जिसकी पहली मासिक तनख्वाह 900 रुपये थी।
-विजय पाठक
पार्ट-2 : प्रभात खबर और मैं
1989 का साल था। अक्तूबर में प्रभात खबर को नये प्रबंधन ने संभाल लिया था। अखबार में नयी ऊर्जा और नये उत्साह का संचार हो रहा था। संशय भी था। पुराने साथी पहले से काम कर रहे थे, वहीं अखबार को नये सिरे से मजबूत बनाने के लिए नये लोगों की बहाली भी शुरू हो गयी थी। मैं भी उन दिनों प्रभात खबर के दफ्तर आता-जाता रहता था। गुमला से मेरा जुड़ाव था, लेकिन रांची और प्रभात खबर के दफ्तर से भी एक रिश्ता बनने लगा था।
उन दिनों हरि भाई मेरी कॉपी देखा करते थे। वे बड़े ध्यान से लिखी हुई खबरों को पढ़ते और गलतियों की ओर ध्यान दिलाते थे। एक शाम उन्होंने मुझसे कहा, “तुम्हारी कॉपी में गलतियां छूट रही हैं। कुछ दिन रांची में ही रुक कर अपनी गलतियों को सुधारो।”
उनकी यह बात मेरे लिए महज एक सलाह नहीं थी, बल्कि सीखने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर थी। मैंने उनकी बात को गंभीरता से लिया। कुछ दिन रांची में रुककर काम करने और अपनी लेखन संबंधी कमियों को दूर करने की कोशिश करने लगा। हरि भाई लगातार मेरी कॉपी देखते और बताते कि कहां सुधार की जरूरत है।
कुछ दिनों बाद उन्होंने मुझसे कहा, “ऐसा करो, अब गुमला मत जाओ। रांची में ही रह जाओ। प्रबंधन ने वेकेंसी निकाली है। अप्लाई करो। लिखित परीक्षा होगी और फिर इंटरव्यू। ये दोनों तुम्हें निकालना होगा।”
हरि भाई के मुंह से निकले इन शब्दों ने मेरे भीतर एक नयी उम्मीद जगा दी। अब तक मैं बाहर से प्रभात खबर से जुड़ा हुआ था, लेकिन पहली बार यहां नियमित रूप से काम करने का अवसर सामने था। मैंने हामी भर दी और लिखित परीक्षा की तैयारी में जुट गया।
मन में उत्साह भी था और थोड़ी घबराहट भी। यह मेरे लिए एक बड़ा मौका था। परीक्षा दी और अच्छी बात यह रही कि मैं लिखित परीक्षा में सफल हो गया। इसके बाद इंटरव्यू की बारी आयी। मेरा इंटरव्यू हरिवंश जी ने लिया। इंटरव्यू बोर्ड में रविभूषण जी भी शामिल थे। उनके सामने बैठकर सवालों का जवाब देना अपने आप में एक अनुभव था।
इंटरव्यू के बाद शाम को ही परिणाम आ गया। कुल पांच लोगों का चयन हुआ था। इनमें मेरा नाम भी शामिल था। मेरे अलावा जयनंदन शर्मा, संदीप कमल और ललित मुर्मू का चयन हुआ। पांचवें साथी लोहरदगा के थे। जयनंदन शर्मा पहले से ही जमशेदपुर में प्रभात खबर के लिए स्ट्रिंगर के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि लोहरदगा से चयनित साथी ने चार-पांच दिनों बाद ही काम छोड़ दिया।
चयन के बाद हम लोगों को नियुक्ति पत्र भी मिल गया। नियुक्ति पत्र में जो शर्त लिखी थी, वह आज भी याद है। छह महीने का प्रोबेशन पीरियड था। इस दौरान हर महीने 900 रुपये मिलेंगे। आज के दौर में यह रकम बहुत छोटी लग सकती है, लेकिन उस समय मेरे लिए यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं थी। पत्रकारिता को पेशे के रूप में अपनाने और संस्थान के साथ नियमित रूप से जुड़ने का अवसर मिल रहा था। सबसे बड़ी बात यह थी कि अब मैं प्रभात खबर के मुख्यालय का हिस्सा बनने जा रहा था।
हालांकि, छह महीने का प्रोबेशन पूरा होने से पहले ही महज तीन महीने में हम लोगों को स्थायी कर दिया गया। इसके बाद वेतन बढ़कर 1275 रुपये हो गया। 900 रुपये से 1275 रुपये तक का यह सफर भले ही आर्थिक रूप से बहुत बड़ा बदलाव नहीं था, लेकिन मेरे लिए इसका महत्व कहीं ज्यादा था। मैं बेहद खुश था। मन में एक संतोष था कि मेहनत रंग लायी और अब पत्रकारिता को पूरी तरह अपना करियर बना सकता हूं।
इस तरह प्रभात खबर के मुख्यालय में बतौर उप संपादक सह संवाददाता मेरी नियमित पारी शुरू हुई। एक नयी जिम्मेदारी, नयी दुनिया और सीखने के अनगिनत अवसर सामने थे। पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि उस दौर में हरि भाई की भूमिका मेरे जीवन में कितनी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने मेरी कमियां बतायीं, उन्हें सुधारने का मौका दिया और फिर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सिर्फ नौकरी के लिए आवेदन करने को नहीं कहा, बल्कि भरोसा भी जताया कि मैं लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों निकाल सकता हूं। उनका यह भरोसा मेरे लिए बड़ी पूंजी था।
हरिवंश जी और रविभूषण जी के सामने दिया गया वह इंटरव्यू, शाम को आया चयन का परिणाम और नियुक्ति पत्र में लिखे 900 रुपये आज भी स्मृतियों में ताजा हैं। तब कहां पता था कि यह छोटी-सी शुरुआत एक लंबे पत्रकारिता सफर का आधार बनेगी।
किसी भी सफर की शुरुआत हमेशा बड़ी नहीं होती। कई बार वह महज 900 रुपये से शुरू होती है, लेकिन उसके पीछे सपने बड़े होते हैं। मेरे लिए प्रभात खबर का वह पहला नियुक्ति पत्र सिर्फ नौकरी का दस्तावेज नहीं था, बल्कि पत्रकारिता की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की दिशा में पहला ठोस कदम था।
पिछली कड़ी: प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा (पार्ट-1) : जब गुमला में अखबार की सिर्फ़ पांच कॉपियां आती थीं


