Connect with us

Hi, what are you looking for?

उत्तर प्रदेश

दैनिक जागरण को पांच करोड़ का मानहानि नोटिस, कारोबारी ने खबरों को बताया भ्रामक

ममतांजलि सर्विसेज सॉल्यूशंस के एमडी संतोष यादव ने दैनिक जागरण के प्रधान संपादक संजय गुप्ता समेत चार लोगों को नोटिस भेजकर पांच करोड़ रुपये की मानहानि क्षतिपूर्ति और बिना शर्त माफीनामे की मांग की है।

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र निवासी और ममतांजलि सर्विसेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संतोष यादव ने दैनिक जागरण के प्रधान संपादक संजय गुप्ता समेत चार लोगों को विधिक नोटिस भेजकर पांच करोड़ रुपये की मानहानि क्षतिपूर्ति और बिना शर्त माफीनामे की मांग की है। संतोष यादव का आरोप है कि अखबार ने 13 अक्टूबर, 14 अक्टूबर और 9 नवंबर 2026 के अंकों में उनके और उनकी कंपनी के बारे में भ्रामक, असत्य और अतिरंजित खबरें छापीं।

गाजीपुर के अधिवक्ता संजय सिंह कुशवाहा की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी इस नोटिस में दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ला, वाराणसी के मुद्रक/प्रकाशक/स्थानीय संपादक डॉ. अंकुर चड्ढा और गाजीपुर के ब्यूरो चीफ/जिला संवाददाता शिवानंद राय को भी पक्षकार बनाया गया है।

नोटिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर के अंक में “जिले से लेकर पाँच राज्यों तक फैला है 400 करोड़ रुपये की ठगी का नेटवर्क” शीर्षक से खबर छापी गई और उसके भीतर “400 करोड़ की धोखाधड़ी” लिखकर संतोष यादव को एक संगठित अपराधी के रूप में पेश किया गया। नोटिस में कहा गया है कि गाजीपुर कोतवाली में दर्ज मूल एफआईआर संख्या 712/2026 में निवेशकों द्वारा कंपनी में करीब 80 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े विवाद/आरोप का ही उल्लेख है। किसी आधिकारिक ऑडिट, पुलिस चार्जशीट या अदालती आदेश के बिना इस रकम को पांच गुना बढ़ाकर 400 करोड़ बताने को नोटिस में गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता और मीडिया ट्रायल बताया गया है।

13 अक्टूबर की उस खबर पर भी आपत्ति जताई गई है, जिसमें कहा गया था कि निवेशकों ने सदर और मुहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। नोटिस के अनुसार, पुलिस रिकॉर्ड में मुहम्मदाबाद कोतवाली में संतोष यादव के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।

उसी अंक में देवचंद्र यादव के बारे में छपी इस खबर को भी झूठा बताया गया है कि गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक के फोन करने पर उन्हें छोड़ दिया गया। नोटिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को मुजफ्फरपुर (बिहार) के सदर थाना क्षेत्र में भिखनपुरा मोड़ के पास से खुद संतोष यादव और रतन कुमार झा का अपहरण हुआ था, जिन्हें पुलिस ने सकुशल बरामद किया। इस मामले में मुजफ्फरपुर सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1), 140(3) और 3(5) के तहत अपराध संख्या 962/2026 दर्ज है। नोटिस के अनुसार इसमें देवचंद्र यादव मुख्य अभियुक्त हैं, अनुज कुमार मिश्रा, अजय यादव और रामदुलार यादव नामजद हैं और देवचंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

9 नवंबर के अंक में विवेचना अधिकारी के हवाले से छपा था कि संतोष ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की है। नोटिस के अनुसार उनका जमानत प्रार्थना पत्र गाजीपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने 13 और 27 अक्टूबर 2026 को निरस्त किया था। इसके बाद 6 नवंबर को गाजीपुर के सत्र न्यायालय में जमानत अर्जी दी गई, जिसे सुनवाई के लिए अपर सत्र न्यायाधीश, कक्ष संख्या 1 में अंतरित कर दिया गया। नोटिस का कहना है कि हाईकोर्ट में कोई जमानत अर्जी दाखिल नहीं की गई।

नोटिस में आरोप है कि इनमें से किसी भी खबर को छापने से पहले संवाददाता या संपादकीय मंडल ने संतोष यादव या उनकी कंपनी का पक्ष जानने की कोशिश नहीं की, जो भारतीय प्रेस परिषद के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। यह भी कहा गया है कि अखबार, ई-पेपर और सोशल मीडिया के जरिए इन खबरों के फैलने से निवेशकों में भय पैदा हुआ और कंपनी का कामकाज बाधित हुआ। अखबार को यह चेतावनी भी दी गई है कि नोटिस मिलने के बाद वेबसाइट या ई-पेपर से इन खबरों को हटाने या उनमें छेड़छाड़ को साक्ष्य मिटाने का प्रयास माना जाएगा।

नोटिस में 15 दिनों के भीतर उन्हीं पृष्ठों पर प्रमुखता से बिना शर्त माफीनामा और खंडन छापने, पांच करोड़ रुपये की मानहानि क्षतिपूर्ति और 51 हजार रुपये नोटिस शुल्क देने की मांग की गई है। ऐसा न होने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 के तहत आपराधिक मानहानि का परिवाद और दीवानी अदालत में मानहानि का वाद दायर करने की बात कही गई है।

इस नोटिस पर दैनिक जागरण का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास