Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

हेल्थ सेक्टर में मोदी सरकार के इस बड़े फेल्योर को लेकर दैनिक भास्कर में प्रकाशित अजय प्रकाश की स्टोरी पढ़िए!

दवा का बिल आपकी जेब से गया, स्वास्थ्य बजट के ₹1,32,749 करोड़ खजाने में लौट गए!

दैनिक भास्कर में अजय प्रकाश की खबर: खजाने में ₹1.32 लाख करोड़, फिर भी लोग इलाज का 67% तक खर्च उठा रहे

2019-20 से 2023-24 के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अपने बजट के ₹1,32,749 करोड़ खर्च नहीं कर सका, जबकि यूपी में इलाज के हर ₹100 में से ₹67 परिवारों ने अपनी जेब से दिए। दैनिक भास्कर में अजय प्रकाश की स्टोरी और गिरीश मालवीय की टिप्पणी।

पिछली बार डॉक्टर ने दवा लिखी, जांच कराने को कहा, तो बिल किसने भरा? 2023-24 में देशभर में मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवाओं का लगभग पूरा खर्च परिवारों ने अपनी जेब से उठाया। निजी लैब में जांच के हर ₹100 में से करीब ₹96 भी लोगों ने खुद दिए।

यूपी में इलाज पर खर्च हुए हर ₹100 में से ₹67 परिवारों ने अपनी जेब से दिए। केरल में करीब ₹65, बिहार में ₹47 और मध्यप्रदेश में ₹46। नेशनल हेल्थ अकाउंट्स के 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक, 21 प्रमुख राज्यों में से 10 में इलाज के कुल खर्च का 40% से 67.1% तक परिवारों ने सीधे चुकाया।

सरकार का लक्ष्य था कि स्वास्थ्य पर GDP का 2.5% खर्च हो। वास्तविक खर्च इससे कम रहा। इस बीच, 2019-20 से 2023-24 तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अपने बजट के ₹1,32,749 करोड़ खर्च नहीं कर सका। रकम खजाने में लौट गई। स्वास्थ्य के नाम पर जो सेस वसूला गया, उसके ₹43,426 करोड़ भी तय खाते में नहीं पहुंचे।


गिरीश मालवीय की टिप्पणी

मोदी सरकार कैसे काम कर रही है, इसका ठीक-ठीक विश्लेषण कैग की रिपोर्ट में ही सामने आ पाता है। मोदी सरकार की कथनी और करनी कैग की रिपोर्ट ही बताती है।

देश में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल किसी से छिपा नहीं है। एक तरफ तो देश के अस्पतालों में साबुन तक खरीदने के लिए फंड नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पता लगता है कि स्वास्थ्य के नाम पर वसूले गए हेल्थ सेस के 43,426 करोड़ रुपए निर्धारित खाते में ट्रांसफर ही नहीं हुए।

लेकिन जरा रुकिए, यह तो कुछ भी नहीं है। अगला आंकड़ा जानकर आप चौंक जाएंगे… 2019-20 से 2023-24 के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय अपने आवंटित बजट में से 1 लाख 32,749 करोड़ रुपए खर्च ही नहीं कर सका। नतीजा यह हुआ कि यह राशि वापस सरकारी खजाने में चली गई।

जब स्वास्थ्य मंत्रालय के पास बजट उपलब्ध था, तो पांच वर्षों में ₹1.32 लाख करोड़ से अधिक राशि खर्च क्यों नहीं की गई?

हम जानते हैं कि भारत में इलाज का बड़ा हिस्सा आज भी लोग अपनी जेब से देते हैं। दवाइयों का खर्च, निजी अस्पतालों में इलाज, जांच, डायग्नोस्टिक सेवाएं और अस्पताल में भर्ती होने का खर्च, ये सब आम आदमी का बजट पूरी तरह से बिगाड़ देते हैं।

और जब सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में पर्याप्त निवेश नहीं होता, तो आम नागरिक को निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोर पर निर्भर होना पड़ता है। दूसरी तरफ हमें पता लगता है कि मोदी सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के पास लाखों करोड़ रुपए पड़े रहते हैं, लेकिन वह उन्हें खर्च ही नहीं कर पाता!

क्या कमाल की सरकार चला रहे हैं मोदी जी!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास