महान बने रहने की कोशिशें जारी। 1000 साल की गुलामी के बाद गरीबी मेरा देश छोड़ गई…. कैसे, क्यों? कुछ नहीं…. क्योंकि मैं कुर्सी तोड़ता रहा?
संजय कुमार सिंह
आज की दो खबरें बताती हैं कि देश में सब-कुछ ठीक नहीं है। सरकार और सुप्रीम कोर्ट को पता है कि काम ठीक नहीं हो रहा है फिर भी स्वीकार नहीं करना है कि सब ठीक नहीं है। प्राथमिकताएं ठीक नहीं करनी है। सरकार जनता की सेवा करके चुनाव जीतने की बजाए, भ्रम फैलाकर, गलत जानकारी देकर ही चुनाव जीतते रहने की कोशिश कर रही है। पहली खबर, भारत के मुख्य न्यायाधीश की है। उन्होंने कहा है, फैसलों पर सवाल उठाएं, मगर संस्थाओं पर नहीं। फैसलों पर सवाल तो जमाने से उठाए जाते रहे हैं। अब अब सुप्रीम कोर्ट या भारत के चुनाव आयोग नाम की संस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं तो अकारण नहीं हैं। सीजेआई को चाहिए कि उन कारणों को दूर और दुरुस्त करें। ऐसा कोई काम करें तो निश्चित रूप से खबर हो सकती है लेकिन सिर्फ सलाह देना खबर नहीं है।
इसके बावजूद अमर उजाला ने इसे पहले पन्ने पर टॉप की तीन खबरों में रखा है और दो कॉलम से ज्यादा में छपी है। मामला चुनाव आयोग और ईवीएम का भी है। ईवीएम से संबंधित शिकायतें नहीं सुनी गईं तो चुनाव आयोग के कारनामे सामने आ रहे हैं और चुनाव आयोग ने जो किया है उसमें से काफी कुछ की आशंका सुप्रीम कोर्ट को पहले बताई जा चुकी है लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐसी संस्था को स्वायत्त होना मान लिया जिसके मुखिया के चुनाव में गड़बड़ी से संबंधित शिकायतों पर सुप्रीम कोर्ट अभी तक कार्रवाई नहीं कर पाया है। इससे पहले ईवीएम की साख बचाने का काम प्रधानमंत्री और सत्तारूढ़ पार्टी करती रही है। अब बात सुप्रीम कोर्ट पर आ गई है।
आज दैनिक भास्कर और दूसरे अखबारों में एक खबर है, बिसलेरी के पानी में हानिकारक तत्व मिले… कंपनी पर मुकदमे की मंजूरी। मुकदमा चले, कार्रवाई हो और पैसे देकर खरीदने वालों को पीने का साफ पानी मिलना ही चाहिए। लेकिन बुनियादी जरूरत और भरपूर सरकारी प्रचार के बावजूद देश भर में पीने का साफ पानी बहुत सारे लोगों को नहीं मिलता है। जो खरीद कर नहीं पी सकता है उनकी कोई चिन्ता नहीं है। जो सप्लाई का सरकारी पानी पीकर मर गए उन्हें क्या मुआवजा मिला पता नहीं है उन्हें और दूसरे लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा है उसकी गारंटी नहीं है लेकिन उस संस्था को बदनाम किया जा रहा है जो सरकारी नाकामी को ढंग छुपा कर रखने के काम आता रहा है। संयोग से दोनों खबरें आज ही छपी हैं। सरकार के लिए कोई संदेश नहीं है। जो है, सब आम लोगों के लिए। (एफएसएसएआई की कार्रवाई)
अमर उजाला में एक ‘खुलासा’ है। प्रदूषण से लड़ाई में दिल्ली व पड़ोसी राज्य पिछड़े, एनसीआर में न हरित शवदाह गृह बने, न कचरे के पहाड़ घटे। (सरकार कहां है?) आज की सबसे महत्वपूर्ण खबर है, “जीवाश्म ईंधन को हटाने के मुद्दे पर सदस्यों के बीच असहमति के कारण COP31 वार्ता विफल रही”। 2009 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब जलवायु सम्मेलन में कोई आम सहमति नहीं बन पाई। रविवार को तुर्की के अंताल्या में जलवायु शिखर सम्मेलन में जीवाश्म ईंधन से हटने और फंडिंग के वादों को लेकर टकराव रहा। 130 से अधिक पक्षों ने ‘कवर टेक्स्ट’ को मानने से इनकार कर दिया; उनका आरोप है कि इसके जरिए जीवाश्म ईंधन को ‘ग्रीनवॉश’ (पर्यावरण के अनुकूल दिखाने) की कोशिश की गई है। भारत, चीन और सऊदी अरब ने इस टेक्स्ट का समर्थन किया है। भारत (सरकार) का कहना है कि जलवायु लक्ष्यों और उन्हें लागू करने के साधनों के बीच तालमेल होना चाहिए। आज यह खबर टाइम्स ऑफ इंडिया और द हिन्दू की लीड है।
हिन्दुस्तान टाइम्स और इंडियन एक्सप्रेस में यह सेकेंड लीड है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर का इंट्रो मंत्री के हवाले से है, भारत ने रचनात्मक रूप से भागीदारी की… हम आम सहमति बनाने के लिए बातचीत के प्रति प्रतिबद्ध हैं। प्रदूषण से संबंधित एक अंतरराष्ट्रीय मामले में यह भारत सरकार की स्थिति है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने बताया है कि 2026 चार वर्षों में सबसे गर्म रहने वाला है। इस क्रम में आज नवोदय टाइम्स की लीड का शीर्षक है, वायु प्रदूषण से निपटने की कार्य योजना बनाएं राज्य। खबर के अनुसार, पहली बार जिला स्तर पर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस खबर का उपशीर्षक है – सीक्यूएम (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) ने कहा, जिला स्तर पर उठाए जाने वाले कदमों को भी शामिल करें। हिन्दुस्तान टाइम्स की एक खबर के अनुसार, सीपीसीबी (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) की वायु गुणवत्ता सूचकांक विधि दिल्ली के वायु प्रदूषण की गंभीरता को कम करके दिखाती है।
खबर के अनुसार, हिन्दुस्तान टाइम्स ने दिल्ली के हर-घंटे के आंकड़ों का एक साल तक विश्लेषण किया और पाया कि भारत का आधिकारिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सबसे खराब दिनों में भी प्रदूषण को कम करके दिखाता है। इसका कारण यह है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) इस सूचकांक की गणना करते समय इसकी अपनी ही परिभाषा का पालन नहीं करता है। आप जानते हैं कि दिल्ली में प्रदूषण एक पुरानी और गंभीर समस्या है। इसके बावजूद आज अमर उजाला की लीड और द हिन्दू की सेकेंड लीड अमित शाह का दावा है। अमर उजाला का शीर्षक है, चीन से सटे अरुणाचल के 40 गावों में पलायन थमा। द हिन्दू की खबर का शीर्षक हिन्दी में कुछ इस तरह होगा, अमित शाह का दावा : केंद्र सरकार की नीतियों के कारण अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती गांवों में लोग वापस लौट रहे हैं। अरुणाचल सीमा से पलायन रोक दिए जाने की खबर द टेलीग्राफ में फोटो के साथ है। चार कॉलम की इस खबर के शीर्षक में रोक दिए जाने के लिए अंग्रेजी के ‘हालटेड’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है और यह सिंगल कोट में है।
आज की एक और लीड नेपाल के प्रधानमंत्री का भारत दौरा है। यह दि इंडियन एक्सप्रेस और हिन्दुस्तान टाइम्स में लीड है। एचटी में इसका शीर्षक है – ऊर्जा, संरचना पर फोकस के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारत यात्रा शुरू की। दि एशियन एज में इस खबर का शीर्षक है, नेपाल के प्रधानमंत्री आज मोदी से मिलेंगे; व्यापार, रेल और संरचनाओं पर जोर देना यात्रा का मकसद है। द टेलीग्राफ की आज की लीड पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा विधायक और 2024 के संदेशखाली आंदोलन के चेहरों में एक, रेखा पात्रा की तबियत अचानक खराब होने और उनके अस्पताल में दाखिल होने की खबर है। उनके खून में पौधों को नुकसान पहुंचाने वाले कीड़ों को मारने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले यौगिक की मात्रा मिली है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है और खबर का शीर्षक है, भाजपा विधायक की बीमारी को लेकर संदेह।
दैनिक भास्कर की लीड पंजाब की खबर है। इसके अनुसार, 7 मौजूदा और रिटायर अफसरों को ईडी ने समन दिए है। यह संयोग नहीं हो सकता है कि चुनावी राज्यों में केंद्र सरकार अचानक सक्रिय हो जाती है। हालांकि, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच भ्रष्टाचार होने के बाद होती है, सबूतों से साबित नहीं होने की भी समस्या है लेकिन भाजपा है कि मानती ही नहीं है। वह भी तब जब भाजपा में शामिल होने वालों का मामला किसी ना किसी तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। दैनिक भास्कर की सेंकेड लीड भी महत्वपूर्ण है। नेशनल हेल्थ अकाउंट्स और सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार देश के 10 राज्यों में इलाज का बोझ परिवारों पर ज्यादा पड़ रहा है। खजाने में रुपए 1.32 लाख करोड़ हैं फिर भी लोग इलाज का 67 प्रतिशत तक खर्च स्वयं उठा रहे हैं।
आप जानते हैं कि मोदी राज में स्वास्थ्य और शिक्षा की हालत सबसे ज्यादा खराब हुई बताई जाती है। अमर उजाला की एक खबर के अनुसार, स्कूली शिक्षा से दूर नौवीं से 12 वीं तक के दो करोड़ बच्चों को फिर थमाएंगे किताबें। देशबन्धु की लीड दो सड़क दुर्घटनाओं की है। इनमें 17 लोगों की मौत हुई है। यह खबर दूसरे अखबारों में भी प्रमुखता से है। इस तथ्य के बावजूद की दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अखबारों में इन खबरों को प्रमुखता देने का मकसद शायद यही होता है कि लोग संभल कर रहें। सुरक्षा का ख्याल रखें आदि। लेकिन सरकार क्या कर रही है। दुर्घटनाएं कम हों इनके लिए सरकार ने क्या किया है?
अब जब यह यकीन हो चला है कि भाजपा वोट चोरी से चुनाव जीतती रही है और एसआईआर के जरिए ऐसी व्यवस्था करने में लगी थी कि फिर कभी चुनाव हारे ही नहीं। यह सब चुनाव आयोग की जबरदस्ती और सुप्रीम कोर्ट की सहमति (या सहयोग) से हो रहा था। पोल खुलने के बाद भी मीडिया के बड़े वर्ग ने सरकारी प्रचार नहीं छोड़ा है, भाजपा के पास अपने प्रचार के लिए कुछ नया नहीं है, आरोपों से बचाव के लिए भी कुछ खास नहीं है और सरकार जनहित (या अपना काम) छोड़कर चुनाव जीतने में ही लगी है। प्रधानमंत्री हावर्ड के मुकाबले हार्डवर्क की तारीफ कर चुके हैं। इंडिया इंक से जबरदस्ती ताली पिटवा चुके हैं। कहा है कि पेट ही नहीं भरता है। इसके बावजूद वे पूरी तरह सही नहीं हैं। फिर भी उनका प्रचार चल रहा है।
लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए 21 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश में देश भर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में सिर्फ प्रमाणपत्र या कागजी डिग्री से पहचान नहीं बनेगी, बल्कि व्यक्ति का व्यावहारिक कौशल (हुनर) ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और भविष्य तय करेगा। समाज की मानसिकता बदलने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मेरे लिए चाहे आईआईटी हो या आईटीआई, दोनों ही मेरे देश की अमानत हैं। यही मेरे देश का सामर्थ्य और भविष्य हैं।” आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से नौकरी जाने की चिंताओं पर उन्होंने कहा कि “जिसके पास कौशल (स्किल) है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता”।
जाहिर है, सरकार न तो खुद को कमजोर या अक्षम मान रही है और न जनता को पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध हैं। अरुणाचल से पलायन रुका जैसा प्रचार जारी है। एक खबर है, व्यापारियों ने सोना न खरीदने की पीएम की सलाह पर आभार जताया। और बात इतनी ही नहीं है, कांग्रेस माफी मांगे क्योंकि उसने इस सलाह को डेथ वारंट बताया था। 2) सेना, केंद्रीय बलों के व्हाट्सऐप्प ग्रुपों में पाकिस्तान की सेंध। 3) 50 करोड़ गरीब घटे, पर कुछ लोग इसे पचा नहीं पा रहे हैं : मोदी। 4) भाजपा-आरएसएस को भारतीय परंपराओं की समझ नहीं : राहुल। कांग्रेस नेता ने असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताते हुए आलोचना की। 5) अभिषेक बनर्जी ने बागी गुट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। 6) संजय राउत ने सांसद खरीदने की भाजपा की तैयारी का संजय राउत का आरोप 7) संजय निरुपम ने आरोप को झूठा करार दिया और कहा कि माफी मांगें 8) बर्फबारी से पहले घुसपैठ की फिराक में आतंकी। 9) टाटा संस का मामला निपट नहीं रहा है और नुकसान टाटा संस को होगा तो देश को भी होगा ही। 10) रिजर्व बैंक का दबाव मुझे गैर जरूरी लग रहा है और सरकार के इन दावों के बीच है।
इन खबरों में कुछ सरकार के समर्थन में हैं और कुछ खिलाफ। लेकिन 50 करोड़ गरीब कम होने का मोदी का दावा हवा-हवाई है। नौकरी नहीं बढ़ी, वेतन नहीं बढ़ा के बावजूद गरीबी कैसे दूर हो सकती है? साबित करने की बजाय दावा कर रह रहे हैं और कह रहे हैं, कुछ लोग इसे पचा नहीं पा रहे हैं। यह भी कि 1000 साल बाद प्रधानमंत्री के देश से सिर्फ उनके प्रधानमंत्री रहने के कारण गरीबी खत्म हो गई है। अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संवाद और आश्वासन के प्रस्ताव को स्थानीय विरोधियों और आदिवासी संगठनों ने फिलहाल स्वीकार नहीं किया है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।


