Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

लोकसभा टीवी के युवा पत्रकार अमरेन्द्र गुप्ता हुए सम्मानित

मथुरा : लोकसभा टीवी चैनल के वरिष्ठ पत्रकार अमरेन्द्र गुप्ता को साहित्य-मण्डल ने ‘पत्रकार प्रवर’ सम्मान से सम्मानित किया। राजस्थान के श्रीनाथद्वारा में हिन्दी साहित्य की अग्रणी संस्था ‘साहित्य-मण्डल’ के द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में देशभर के हिन्दी साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए कई लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर श्रीनाथद्वारा मंदिर मण्डल के मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेन्द्र कुमार ओझा, केन्द्रीय हिंदी संस्थान, आगरा की उप कुलसचिव प्रो. बीना शर्मा, दिल्ली के साहित्यकार शान्ति कुमार स्याल और पूर्व राजभाषा अधिकारी जयप्रकाश शाकद्वीपी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दी पुरोधा स्वर्गीय भगवती प्रसाद देवपुरा की स्मृति में साहित्य-मण्डल, श्रीनाथद्वारा हर साल सम्मान समारोह आयोजित करता है। साल 2019 के लिए भी कई श्रेणियों में सम्मान दिए गए। सम्मान की श्रंखला में मथुरा के विजय नगर, महोली रोड निवासी और वर्तमान में लोकसभा टेलीविज़न, दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार अमरेन्द्र गुप्ता को ‘पत्रकार प्रवर’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

अमरेन्द्र के साथ ही पोर्टब्लेयर के सी एच हेमन्त राव को यशवंत सिंह सिसोदिया स्मृति सम्मान, डॉ. किशोर काबरा को कन्हैया लाल राठी स्मृति सम्मान, विष्णु प्रसाद वैष्णव को श्रीमती शशिकला मेहता स्मृति सम्मान, मुम्बई के बनज कुमार बनज, मुरैना के भगवती प्रसाद कुलश्रेष्ठ, सीतापुर के विकास विमल को काव्य कलाधर, किशनगढ़ की डॉ. अंजली शर्मा को साहित्य सौरभ सम्मानोपाधि से अलंकृत किया गया।

अमरेन्द्र गुप्ता पिछले करीब पन्द्रह वर्षों से टीवी पत्रकारिता में सक्रिय हैं। चूंकि लोकसभा टेलीविज़न एक संसदीय चैनल है जिसकी मुख्य ज़िम्मेदारी लोकसभा की कार्यवाही को सीधे प्रसारित करने के साथ-साथ लोकरुचि के दूसरे कार्यक्रमों का भी प्रसारण करना है। सामान्य दर्शकों की रुचि को ध्यान में रखकर बनाए गए कार्यक्रमों की यहां पूरी श्रृंखला है जिसमें लोकतंत्र और शासन के साथ ही सामाजिक, आर्थिक और संवैधानिक मुद्दों पर आधारित डाक्यूमेंट्री शामिल है। लोकसभा टेलीविज़न पर अमरेन्द्र गुप्ता के कई कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रसारित होती रही है जिसमें ‘संसद और हम’, ‘बहस संसद की’, ‘समितियां संसद की’, ‘हमारी विधानसभाएं’, ‘सदन में आज’, ‘डेटलाइन’ ‘फैसले’, ‘विकास पथ’, ‘मेरा भारत’, ‘संविधान क्विज़’, ‘विशेष’ और ‘प्रेरक पहल’ आदि कार्यक्रम शामिल हैं।

लोकसभा टीवी से पहले अमरेन्द्र एपीएन न्यूज़ चैनल, न्यूज़ एक्सप्रेस चैनल, टीवी नाईन मुंबई, लहरें न्यूज़ मुंबई, एस वन न्यूज़, डीडी न्यूज़ सहित कई चैनलों में काम कर चुके हैं। अमरेन्द्र इन सभी चैनलों में बतौर रिपोर्टर और प्रोड्यूसर कई बीट पर काम कर चुके हैं साथ-साथ अमरेन्द्र रनडाउन प्रोड्यूसर के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पत्रकारिता के शुरुआती दिनों में अमरेन्द्र ने दैनिक जागरण में भी काम किया है। आकाशवाणी मथुरा और दिल्ली से कई समसामयिक विषयों पर अमरेन्द्र के कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण होता रहा है। टीवी पत्रकारिता के दौरान ही अमरेन्द्र का कई पत्र-पत्रिकाओं में विभिन्न विषयों पर लेखन भी जारी है।

इससे पहले अमरेन्द्र गुप्ता को उनके कार्यक्रम ‘फैसले’ (सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसलों पर आधारित कार्यक्रम) के लिए विख्यात ‘जस्टिस वी आई अय्यर अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही ब्रज और दिल्ली से जुड़ी कई संस्थान, पत्र-पत्रिकाओं और कई क्लबों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका सम्मान किया है। बीएसए कॉलेज, मथुरा से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद दैनिक जागरण मथुरा में अपना करियर शुरू करने वाले अमरेंद्र गुप्ता मथुरा के लोकल चैनल में भी काम कर चुके हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन