लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के साउथसिटी स्थित आशीर्वाद अस्पताल में गुरुवार शाम साइनस (नाक) के ऑपरेशन के दौरान भोजपुरी फिल्मों के उभरते कलाकार प्रिंस यादव (19) की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जानकारी सीएमओ को भी दी गई है। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
रायबरेली का रहने वाला था प्रिंस
मूल रूप से रायबरेली जिले के गुरुबक्शगंज के कुंसा दिलीप शाह खेड़ा निवासी रामबाबू यादव इस समय वृंदावन योजना के सेक्टर-16 में परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा प्रिंस यादव भोजपुरी फिल्मों में काम करता था। प्रिंस की नाक की हड्डी में समस्या थी, जिसके इलाज के लिए पिता उसे गुरुवार को आशीर्वाद अस्पताल लाए।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि 15 मिनट का ऑपरेशन है और समस्या दूर हो जाएगी। लेकिन तीन घंटे गुजर जाने के बाद भी प्रिंस को ओटी से बाहर नहीं लाया गया। जब उन्होंने जानकारी लेनी चाही तो अस्पताल स्टाफ टाल-मटोल करने लगा। शक होने पर परिजन अंदर गए तो प्रिंस मृत पाया गया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
पुलिस का पक्ष
घटना की जानकारी मिलने पर पीजीआई थाने के इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले में सीएमओ को अवगत करा दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
खुशमिजाज स्वभाव और एक्टिंग का जुनून
प्रिंस के पिता रामबाबू यादव ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही एक्टिंग और डांस में नाम कमाना चाहता था। उसने मुंबई में काफी संघर्ष किया और हाल ही में भोजपुरी फिल्म में काम भी मिला। सोशल मीडिया पर उसकी रील्स खूब वायरल होती थीं। परिवार का खर्च भी अब उसी की कमाई से चल रहा था। पिता पहले से न्यूरो संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं और खेती-बाड़ी से मुश्किल से घर चलता था। प्रिंस ही मां ऊषा, छोटे भाई लवकुश (12) और बहन प्रिया (15) की पढ़ाई और घर का सहारा था।
परिजनों ने बताया कि प्रिंस अक्सर कहता था—फिल्मों में कामयाबी पाकर माता-पिता को सभी सुख-सुविधाएं दिलाएगा। उसका खुशमिजाज और व्यवहारिक स्वभाव सभी को भाता था।
ऑपरेशन से पहले ली थी आखिरी सेल्फी
परिवारजन के मुताबिक, ऑपरेशन से पहले प्रिंस ने अस्पताल के बाहर खुद की एक सेल्फी खींची थी। वह उसमें काफी खुश दिखाई दे रहा था। उन्हें क्या पता था कि यही उसकी आखिरी तस्वीर साबित होगी।
“ऑपरेशन के बाद प्रिंस को होश आया था, लेकिन अचानक उसे हार्ट अटैक पड़ा। हमने प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं सके।” – डॉ. रवि श्रीवास्तव
जांच के आदेश– सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि, “एसीएमओ डॉ. एपी सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी में एक ईएनटी विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यदि जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि होती है तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।”



