नई दिल्ली/जयपुर/भोपाल। मध्य भारत का प्रमुख डिजिटल मीडिया ब्रांड ‘द सूत्र’ अब राजस्थान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रभावशाली रिपोर्टिंग और जन सरोकारों से जुड़े कंटेंट के लिए पहचान बना चुके ‘द सूत्र’ ने अब राजस्थान संस्करण की घोषणा की है।
इस विस्तार के साथ ही देश के वरिष्ठ पत्रकार जिनेश जैन को ग्रुप एडिटर नियुक्त किया गया है। जिनेश जैन को पत्रकारिता का लगभग चार दशकों का अनुभव है। वे राजस्थान पत्रिका ग्रुप में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के स्टेट एडिटर के साथ-साथ दिल्ली और जयपुर समेत कई बड़े केंद्रों पर अहम संपादकीय भूमिकाएं निभा चुके हैं। वे समाचार एजेंसी यूएनआई (वार्ता) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
‘द सूत्र’ के एडिटर इन चीफ आनंद पांडे और मैनेजिंग एडिटर हरीश दिवेकर ने राजस्थान विस्तार को एक निर्णायक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक ब्रांड विस्तार नहीं है, बल्कि पत्रकारिता को और अधिक जिम्मेदारी और गहराई के साथ राजस्थान की जमीनी हकीकत से जोड़ने का प्रयास है।
जल्द शुरू होगी राजस्थान की खबरें
‘द सूत्र’ अब राजस्थान की राजनीति, प्रशासन, समाज, शिक्षा, युवाओं, रोजगार और संस्कृति से जुड़ी सटीक, निष्पक्ष और असरदार खबरें अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स – वेबसाइट, यूट्यूब और सोशल मीडिया पर प्रस्तुत करेगा।
1 जुलाई 2025 को ‘द सूत्र’ के स्थापना दिवस पर राजस्थान संस्करण की औपचारिक लॉन्चिंग की जाएगी। इस अवसर पर देशभर से कई वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, यूट्यूबर, नीति-निर्माता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
गहराई और विश्वसनीयता के साथ रिपोर्टिंग
जब अधिकांश डिजिटल प्लेटफॉर्म तेजी में गहराई खोते जा रहे हैं, ‘द सूत्र’ ने खुद को ठहरकर, जांचकर और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने वाले एक जिम्मेदार मंच के रूप में स्थापित किया है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ के जरिए ‘द सूत्र’ ने यह सिद्ध किया है कि पत्रकारिता अब भी जनहित में प्रभावशाली भूमिका निभा सकती है।
‘द सूत्र’ का फोकस संख्या नहीं, गुणवत्ता पर है — और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।


