ये लड़की ग़ज़ब काम कर गई। नाम है भूमि जैन, उम्र महज़ 22 साल। जिस उम्र में ज़्यादातर युवाओं का दिन रील्स, कैफ़े, ऑनलाइन ऑर्डर और “आज क्या खाएं?” के सवाल में निकल जाता है, उस उम्र में भूमि ने 186 एकासन तप की कठिन साधना पूरी कर डाली।
एकासन तप में निर्धारित समय पर, एक ही बार बैठकर आहार ग्रहण किया जाता है। यानी दिन में बस एक बार भोजन। न बीच में नाश्ता, न रात का खाना। भूमि ने यह नियम लगातार 186 दिनों तक निभाया। इस साधना में आहार संयम, समय की मर्यादा, नियमितता और मानसिक दृढ़ता ही सबसे बड़ी कसौटी होती है।
भूमि ने यह आराधना श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य गुरुदेव श्री दिनेश मुनि जी म.सा., पूज्य डॉ. श्री द्वीपेन्द्र मुनि जी म.सा. एवं पूज्य डॉ. श्री पुष्पेन्द्र मुनि जी म.सा. के आशीर्वाद से संपन्न की।
उनकी इस तपस्या के उपलक्ष्य में शनिवार को श्री एस.एस. जैन सभा, गिद्दड़बाहा के जैन स्थानक में भव्य ‘अनुमोदना उत्सव’ आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने तपस्विनी के सम्मान में जयकारे लगाए और जैन समाज की ओर से भूमि को बहुमान हार, माला और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
युवाओं के लिए तपस्या बनी प्रेरक संदेश
धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य श्री दिनेश मुनि जी महाराज ने कहा कि तप करना अत्यंत कठिन कार्य है। इसके लिए केवल शारीरिक क्षमता नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और निरंतर संकल्प की ज़रूरत होती है। उन्होंने कहा कि भूमि ने इतनी छोटी उम्र में 186 एकासन तप करके सराहनीय उदाहरण पेश किया है, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए ख़ास तौर पर प्रेरणादायी है।
मुनि जी ने कहा कि जीवन की वास्तविक उपलब्धि केवल भौतिक सफलता और सुविधाओं में नहीं, बल्कि ख़ुद पर नियंत्रण रखने, इच्छाओं को मर्यादित करने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने में भी है। तपस्या व्यक्ति के भीतर सहनशीलता, धैर्य और आत्मानुशासन के गुण विकसित करती है।
समारोह में गिद्दड़बाहा नगर कौंसिल के चेयरमैन व सभा के प्रधान गौरव जैन, मंगल प्रदेश के अध्यक्ष सुभाष जैन तथा सोनिया-आंचल जैन ने संयुक्त भजन गाकर सभा को भावविभोर कर दिया। चारवी जैन और नीलम जैन ने तपस्विनी की अनुमोदना के गीत गाए।
इस अवसर पर मंगल प्रदेश के प्रधान श्री सुभाष जैन, गिद्दड़बाहा सभा के सरपरस्त श्री विलायतीराम जैन, सभा के प्रधान श्री गौरव जैन ‘चीनू’, मंत्री श्री विजय जैन, श्री भूषण जैन, श्री मनोज जैन ‘मंगी’ सहित अन्य पदाधिकारियों ने तपस्विनी को सम्मानित किया। महिला मंडल, ब्राह्मी सुंदरी बहू मंडल और वर्द्धमान जैन नवयुवक मंडल के सदस्यों ने भी उनका अभिनंदन किया। समारोह में लुधियाना, मेरठ, अंबाला, रायकोट, फरीदकोट, नादौन समेत कई शहरों से श्रद्धालु पहुंचे।
भूमि जैन, सुश्रावक श्री राकेश कुमार जैन ‘कीमती’ की पौत्री और श्रीमती अणु जैन एवं श्री श्रेयांस जैन की पुत्री हैं। उनका परिवार हिमाचल प्रदेश के नादौन का रहने वाला है।
जिस Gen Z को अक्सर “इंस्टेंट” पीढ़ी कहा जाता है, उसी पीढ़ी की भूमि ने दिखा दिया कि जिस इच्छाशक्ति और समर्पण से युवा करियर और ज़िंदगी के लक्ष्य हासिल करते हैं, उसी ऊर्जा से संयम और आत्मविकास की राह भी पकड़ी जा सकती है। भूमि का संदेश साफ़ है: सच्ची सफलता दुनिया को जीतने में नहीं, ख़ुद पर विजय पाने में है।
