Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

सत्ता के आलोचकों की पोस्ट उड़ाने से नाराज कांग्रेसी नौजवानों ने फेसबुक-इंस्टा की कंपनी मेटा के इंडियन ऑफ़िसेज में किया बवाल!

विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और इन्फ्लुएंसर्स के अकाउंट्स पर लगी पाबंदियों के खिलाफ इंडियन यूथ कांग्रेस ने हैदराबाद, गुरुग्राम और मुंबई में मेटा के दफ्तरों पर प्रदर्शन किया और कंपनी को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया।

मुंबई में मेटा के दफ्तर के बाहर तख्तियां लिए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता, सड़क पर स्प्रे से लिखा 'META RSS KA BETA'

मेटा है आरएसएस का बेटा!

सोशल मीडिया पर सत्ता के आलोचकों की पोस्ट हटाए जाने और अकाउंट्स पर पाबंदियां लगाए जाने से नाराज इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मालिक कंपनी मेटा (Meta) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पहले हैदराबाद, फिर गुरुग्राम और अब मुंबई में मेटा के दफ्तरों तक पहुंचकर प्रदर्शन कर चुके हैं।

इंडियन यूथ कांग्रेस ने X पर लिखा है कि यूथ कांग्रेस पूरे भारत में मेटा के दरवाजे खटखटा रही है। संगठन ने मेटा को 7 दिन का समय देते हुए मांग की है कि सभी विपक्षी नेताओं, इन्फ्लुएंसर्स और पत्रकारों के रोके गए (withheld) अकाउंट्स बहाल किए जाएं। IYC ने मेटा को संबोधित करते हुए लिखा, “भाजपा की दलाली बंद करो, वरना हम तुम्हें भारत में धंधा नहीं करने देंगे!”

संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर पूरे देश में मेटा के दफ्तरों में घुसकर ऐसा विरोध प्रदर्शन होगा कि कंपनी के लिए भारत में धंधा करना मुश्किल हो जाएगा।

सिलसिले की शुरुआत शुक्रवार को हैदराबाद के गाचीबावली स्थित मेटा के दफ्तर से हुई, जहां प्रदर्शन की अगुवाई तेलंगाना यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी ने की। पुलिस के मुताबिक करीब 25 कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए दोपहर करीब 3 बजे उस स्काई व्यू परिसर में दाखिल हुए, जहां मेटा का दफ्तर है। यह परिसर एक्सेस-कंट्रोल्ड है। मुंबई में प्रदर्शन की अगुवाई मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन ने की।

यूथ कांग्रेस का आरोप है कि मेटा ने उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर पाबंदियां लगाई हैं और उनकी पोस्ट हटाई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मेटा और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आरोप लगाया कि मेटा सत्ताधारी भाजपा का पक्ष ले रहा है।

हैदराबाद प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें कार्यकर्ता दफ्तर के गलियारों में दौड़ते और नारे लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में गमले तोड़े जाते भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

उधर भाजपा ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने X पर आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा के दफ्तर में तोड़फोड़ की और फिर उसे सोशल मीडिया पर दिखा भी रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को “गुंडों की पार्टी” करार दिया।

देखें वीडियो-

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास