अक्सर लोग बुजुर्गों के चेहरे की झुर्रियों में जिंदगी का तजुर्बा, सादगी और मासूमियत तलाशते हैं। जब कोई इंसान 100 साल की उम्र पार कर ले तो समाज उसे एक चलती-फिरती मिसाल मानने लगता है। मैं तो खैर उसे इतिहास मानता हूं।
लोग बुजुर्गों से लंबी उम्र का राज़ पूछते हैं, उनकी मुस्कुराहटों पर फिदा होते हैं और उनकी कही हर बात को जिंदगी का फलसफा समझ लेते हैं। आजकल तो गलियों में फोटोग्राफर ऐसे बुजुर्गों की फोटो खींचकर इंस्टाग्राम पर भी डालने लगे हैं।
…मगर इतिहास बड़ी निर्मम चीज़ है। कभी-कभी वक्त की धूल पोंछ-पांछकर ऐसे राज़ निकालता है कि अच्छे-अच्छों की इमेज बदल दे।
डेनमार्क में ऐसा ही हुआ। देश की सबसे बुजुर्ग महिला किर्स्टन श्वाल्बे की कहानी ऐसी ही है।
10 मार्च 1914 को जन्मीं किर्स्टन श्वाल्बे हाल ही में तब पूरी दुनिया की सुर्खियों में आईं, जब उन्होंने उम्र का एक ऐतिहासिक पड़ाव पार किया। अक्टूबर 2026 में वो 112 साल और 218 दिन की उम्र पूरी करते ही डेनमार्क के इतिहास में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली इंसान बन गईं। उन्होंने अपनी ही हमवतन कार्ला लिंडहोम जेन्सेन का रिकॉर्ड तोड़ा था।
इस मौके पर पूरा डेनमार्क जश्न मना रहा था। किर्स्टन रातोंरात नेशनल सेलिब्रिटी बन चुकी थीं। अपने घर के सोफे पर बैठकर स्वेटर बुनती हुई, हंसमुख और जिंदादिल किर्स्टन सबकी चहेती थीं। उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि उन पर एक रियलिटी टीवी शो बनाया जाने लगा और अक्टूबर की शुरुआत में ही उनकी जिंदगी पर एक किताब भी छपी। किताब का नाम था- ‘वी नीड समथिंग टू लाफ अबाउट’। इस किताब में उनकी लंबी उम्र, खुशमिजाजी और साधारण जीवन के किस्से भरे पड़े थे। लोग बड़े चाव से इसे पढ़ रहे थे और यह किताब बेस्टसेलर बन गई।
सब कुछ किसी खूबसूरत परीकथा जैसा चल रहा था, लेकिन कहानी में असली मोड़ तब आया जब डेनमार्क के कुछ खोजी पत्रकारों और इतिहासकारों ने उनके अतीत के पन्ने पलटने शुरू किए।
जब डेनमार्क के राष्ट्रीय अभिलेखागार के पुराने दस्तावेज खंगाले गए, तो एक ऐसा सच सामने आया जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। जिस प्यारी-सी दादी को पूरा देश पूज रहा था, दूसरे विश्व युद्ध के दौरान उनका नाता हिटलर की कुख्यात नाज़ी पार्टी से निकल आया।
दस्तावेजों से पता चला कि 1941 में, जब जर्मनी ने डेनमार्क पर कब्जा कर रखा था, तब 27 साल की किर्स्टन ने नेशनल सोशलिस्ट वर्कर्स पार्टी ऑफ डेनमार्क यानी डेनिश नाज़ी पार्टी की सदस्यता ली थी। बात सिर्फ एक मामूली सदस्य होने तक सीमित नहीं थी। रिकॉर्ड्स ने साबित किया कि अगस्त 1943 से जुलाई 1944 के बीच वो होल्स्टब्रो शहर में नाज़ी पार्टी की स्थानीय शाखा की कार्यवाहक प्रमुख रही थीं। इतना ही नहीं, वो उस इलाके की नाज़ी महिला शाखा की भी मुखिया थीं। उनके दिवंगत पति भी उस दौर में इसी पार्टी में बड़े पद पर थे।
ये वही दौर था जब पूरे यूरोप में नाज़ी विचारधारा का आतंक था। डेनमार्क के हज़ारों आम नागरिक अपनी जान पर खेलकर नाज़ियों के खिलाफ लड़ रहे थे और यहूदी परिवारों को नावों में छिपाकर सुरक्षित स्वीडन पहुंचा रहे थे। ऐसे समय में किर्स्टन और उनके पति नाज़ी व्यवस्था का हिस्सा थे।
हैरानी की बात यह थी कि उनकी हाल ही में छपी किताब में उनके जीवन के इस सबसे बड़े और काले अध्याय का कहीं कोई ज़िक्र तक नहीं था। किताब के लेखकों और प्रकाशक को भी इस बात की भनक नहीं थी।
जैसे ही यह ख़बर मीडिया में आई, पूरे देश में हड़कंप मच गया। जो लोग कल तक किर्स्टन की लंबी उम्र की दुआएं मांग रहे थे, वे खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे। 112 साल की किर्स्टन से जब इस बारे में सवाल किए गए तो उन्होंने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में कभी दिलचस्पी नहीं ली थी और उस ज़माने में पत्नियां अपने पतियों के कहने पर ही सब कुछ करती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि 80 साल पुरानी बात की सज़ा उन्हें इस उम्र में मिलना ठीक नहीं है।
लेकिन इतिहासकारों का मानना था कि दस्तावेज़ साफ गवाही देते हैं कि किर्स्टन सिर्फ मूक दर्शक नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर पार्टी की एक प्रभावशाली नेता थीं।
इस खुलासे का असर इतना गहरा हुआ कि प्रकाशक ने तुरंत प्रभाव से उनकी किताब की बिक्री पर रोक लगा दी और बाज़ार से सारी प्रतियां वापस मंगवा लीं। प्रकाशक ने साफ कहा कि वह एक ऐसी जीवनी को लोगों के सामने नहीं रख सकता जिसमें मुख्य किरदार के जीवन का एक बेहद अहम हिस्सा ही छिपाया गया हो। दूसरी तरफ उनकी सेहत और परिवार के अनुरोध को देखते हुए उन पर बन रहे टीवी शो की शूटिंग भी बीच में ही रोक दी गई।
किर्स्टन श्वाल्बे रातोंरात चर्चा में आई थीं और अब अचानक विवादित हो गईं। उनका नाम उस सूची से जुड़ गया, जिसमें वे लोग हैं जो अपने नाज़ी इतिहास से छिपना चाहते थे मगर छिप नहीं पाए। इंसान चाहे कितना भी लंबा जीवन जी ले, चाहे कितनी भी नई उपलब्धियां हासिल कर ले, लेकिन अतीत में लिए गए फैसले उसका पीछा कभी नहीं छोड़ते। नफरत और हिंसा से जुड़ाव आज भले आपको स्टार बना दे, मगर भविष्य शांति, अमन और मोहब्बत को ही नवाज़ेगा। इतिहास उन्हें पॉज़िटिवली याद रखेगा जिन्होंने किसी को बचाया, न कि उन्हें जो किसी को मार रहे थे।

-नितिन ठाकुर


