ग्रेटर नोएडा वेस्ट : सोमवार को आम्रपाली गोल्फ होम्स एवं किंग्सवुड सोसाइटी में लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर पोल खुल गई, जब एक ही दिन में अलग-अलग टावरों की लिफ्टों में कई लोग फंस गए। इन लगातार घटनाओं से पूरी सोसाइटी में भय और हड़कंप का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जे क्लस्टर में दूध देने के लिए सोसाइटी में आया एक दूधिया करीब आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। वहीं सी ब्लॉक में भी इसी प्रकार की घटना सामने आई, जहां कुछ लोग लगभग 20 से 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे।
सबसे गंभीर और चिंताजनक घटना डी-1 टावर में हुई, जहां एक 76 वर्षीय बुजुर्ग करीब 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। भीषण गर्मी और बंद लिफ्ट में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण उनकी हालत बेहद खराब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई प्रभावी सहायता नहीं पहुंच सकी।
स्थिति की गंभीरता तब और उजागर हुई जब काफी देर बाद पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड एवं लिफ्टकर्मी, दोनों ही अनट्रेंड होने के कारण लिफ्ट का दरवाजा तक नहीं खोल पाए। काफी मशक्कत और देरी के बाद करीब 30 मिनट पश्चात बुजुर्ग को बाहर निकाला जा सका।



सोसाइटीवासियों का कहना है कि पूरी सोसाइटी में कुल 126 लिफ्टें हैं और आए दिन लिफ्ट खराब होने तथा लोगों के फंसने की घटनाएं लगातार होती रहती हैं। इसके बावजूद एडहॉक एओए हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस राशि वसूलने के बाद भी लिफ्टों का उचित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि सोसाइटी में रहने वाले हजारों परिवारों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
सोसाइटी के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही सभी लिफ्टों का तकनीकी निरीक्षण, नियमित मेंटेनेंस तथा प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की जानलेवा घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 18 May 2026


