मौजूदा समय में जासूसी कराने का मुद्दा खत्म होता नहीं दिख रहा है. अब देश के खोजी पत्रकार आनंद मंगनाले के फोन में पेगासस स्पायवेयर होने की बात सामने आई है. यह जानकारी रॉयटर्स ने एक फॉरेंसिक विशेषज्ञ के हवाले से साझा की है. रायटर्स की रिपोर्ट में जिक्र है कि आनंद के फोन में संदिग्ध क्रैश का एक पैटर्न देखा गया, जो पहले सामने आए पेगासस संक्रमण से मेल खाता था. फॉरेंसिक फर्म iVerify के संस्थापक रॉकी कोल ने रॉयटर्स को बताया कि वे पूरे यकीन के साथ कह सकते हैं कि उनके फोन को पेगासस के जरिये निशाना बनाया गया था.
आनंद मंगनाले खोजी पत्रकारों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क OCCRP के दक्षिण एशिया संपादक हैं. अगस्त में आनंद ने ओसीसीआरपी के अन्य पत्रकारों- रवि नायर और एनबीआर अर्काडियो के साथ साझा तौर पर लिखी एक रिपोर्ट में बताया था कि भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी के अडानी समूह ने अपने समूह की कंपनियों की वैल्यू बढ़ाने के लिए मॉरीशस के अपारदर्शी ऑफशोर फंड का इस्तेमाल किया था. आनंद उन लगभग दो दर्जन भारतीयों में से एक हैं, जिन्हें बीते 31 अक्टूबर को ‘एप्पल’ की तरफ से से चेतावनी मिली थी कि ‘राज्य-प्रायोजित हमलावर’ उनके आईफोन को निशाना बना सकते हैं.
भारत में विपक्षी दलों के कई शीर्ष नेताओं और कुछ पत्रकारों को मोबाइल फोन बनाने वाली कंपनी एप्पल से एक संदेश मिला था, जिसमें कहा गया है कि ‘एप्पल का मानना है कि आपको सरकार-प्रायोजित हमलावरों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है, जो आपके एप्पल आईडी से जुड़े आईफोन से दूर से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे.
भारत में इन्हें आया था एप्पल का अलर्ट
महुआ मोइत्रा (तृणमूल कांग्रेस सांसद)
प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना (यूबीटी) सांसद)
राघव चड्ढा (आप सांसद)
शशि थरूर (कांग्रेस सांसद)
असदुद्दीन ओवैसी (एआईएमआईएम सांसद)
सीताराम येचुरी (सीपीआई (एम) महासचिव और पूर्व सांसद)
पवन खेड़ा (कांग्रेस प्रवक्ता)
अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी अध्यक्ष)
सिद्धार्थ वरदराजन (संस्थापक संपादक, द वायर)
श्रीराम कर्री (रेजिडेंट एडिटर, डेक्कन क्रॉनिकल)
समीर सरन (अध्यक्ष, ऑब्ज़र्वर रिसर्च फाउंडेशन)
रेवती (स्वतंत्र पत्रकार)
केसी वेणुगोपाल (कांग्रेस सांसद)
सुप्रिया सुले (एनसीपी सांसद)
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यालय में काम करने वाले कई लोग
रेवंत रेड्डी (कांग्रेस सांसद, तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष)
टीएस सिंहदेव (छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता)
रवि नायर (पत्रकार, ओसीसीआरपी)
केटी रामा राव (तेलंगाना के मंत्री और बीआरएस नेता)
आनंद मंगनाले (क्षेत्रीय संपादक, दक्षिण एशिया, ओसीसीआरपी)


