शीतल पी सिंह-
उत्तर प्रदेश – कुंडा से विधायक राजा भैया की पत्नी ने संलग्न चित्र और इसका वीडियो देश के प्रधानमंत्री को भेजा था । अन्य संस्थाओं जैसे उत्तर प्रदेश पुलिस को भी भेजा पर कोई कार्रवाई न होने पर पुनः इसे अपने X अकाउंट पर सार्वजनिक किया है।
पति पत्नी में विवाद चल रहा है लेकिन हथियारों के इतने बड़े ज़ख़ीरे की सूचना पर PM/CM के मौन से क्या समझा जाय?
देश में कानून कायदा है कि गंगा जी में तिरोहित किया जा चुका है? कहाँ सो रही हैं एजेंसियाँ?
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने एक्स पर क्या कुछ लिखा है पढ़िए…
यह शायद पहली बार होगा कि बेहद खतरनाक किस्म के अवैध हथियार का पूरा जखीरा किसी व्यक्ति के पास होने की जानकारी सबूत सहित देने के बावजूद संबंधित व्यक्तियों को सबूत मिटाने, तथ्यों से छेड़छाड़ करने और शिकायतकर्ता की सुरक्षा को ही जोखिम में डालने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।

यह इसलिए लिख रही हूँ क्योंकि जब से मेरी शिकायत पीएमओ और गृहमंत्रालय से प्रक्रिया के तहत और संदर्भ सहित जाँच के लिए प्रमुख सचिव, गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को भेजी गई तब से सिलसिलेवार तरीके से मुख्य अपराध से ध्यान बंटाने, तरह – तरह के हथकंडे अपनाकर सहानुभूति अर्जित करने और मेरे चरित्र हनन के लिए पानी की तरह पैसा बहाने का सिलसिला शुरू हो गया है।

यह चित्र आशिका सिंह के साथ एक कथित अवैध अस्त्र को दर्शाता है। साथ ही यह भी दर्शाता है कि आशिका सिंह को शस्त्रों से कितना गहरा लगाव है। आपकी जानकारी और प्रस्तुत किए गए दस्तावेज़ों के अनुसार, इस मामले में दुबई से जुड़े यशोधन शेट्टी के विरुद्ध एक शिकायत दुबई पुलिस को प्रस्तुत की गई थी और वह वहाँ दर्ज भी हो चुकी है। आरोपों और शामिल नामों की विस्तृत सूची संबंधित जाँच एजेंसियों को सौंपी जा चुकी है और मामले की नियमित कानूनी जाँच वहाँ जारी है।
मेरे न्याय के हित में कुछ ज़रूरी सवाल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में खतरनाक किस्म के अवैध हथियार एकत्र करने की पुख्ता सबूत सहित जानकारी देने पर भी जांच एजेंसियां हाथ पर हाथ धर कर क्यों बैठी हैं?
- क्या इस तरह के weapon रखने की अनुमति किसी को है?
- क्या यह संगीन और गंभीर अपराध नहीं है?
- क्या इस तरह के हथियार रखने वाले व्यक्ति से लोगों की सुरक्षा को खतरा नहीं है।
यह भी ध्यान देने योग्य बात है जिस व्यक्ति पर यह आरोप है उनका ऑडियो भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है जिसमे उन्होंने गोली चलाने की बात स्वीकार करने के साथ ही यह भी धमकी दी है कि फिर से गोली चला देंगे।
इतने संगीन अपराध की जानकारी देने के बाद मुझे उम्मीद थी कि सुरक्षा एजेंसियां मुझे सुरक्षा प्रदान करेंगी और न्याय के हित में लोगों की सुरक्षा का ख्याल करते हुए ऐसे संगीन अपराध की तत्परता से जांच करेंगी। लेकिन क्या यहाँ अपराध से ज़्यादा व्यक्ति महत्वपूर्ण है?
वह व्यक्ति जिसके पास राजनीतिक दल का कवच है। अपने दल में लोगों को पद देकर, कार्यकर्ताओं को भड़काकर मेरे ख़िलाफ़ माहौल बना रहा है जिससे मेरी और मेरी बेटियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
कुछ लोग मेरे घर छोड़ने की बात कर रहे हैं। मैं यही कहना चाहती हूँ मेरा कोई एक ऑडियो है क्या जिसमे मैंने किसी को गोली मारने की धमकी दी हो? लेकिन अभी इसका भी कोई संबंध उस अपराध से नहीं है जिसके सबूत मैंने दिए हैं। केवल जानकारी के लिये साझा कर रही हूँ ताकि लोग गुमराह न हों। मैंने स्वेच्छा से घर नहीं छोड़ा था, बल्कि अवध रिश्तों के ख़िलाफ़ सच बोलने और प्रतिरोध करने के कारण मुझे गोली फिर से चलाने की धमकी दी गई और हमें घर से बाहर निकाला गया। वजह केवल एक ही थी, जो अब कई तस्वीरों से साफ़ तौर पर उजागर हो चुकी है।
आज जिनसे ट्वीट कराया जा रहा है उनकी मजबूरी समझती हूँ। कोई सड़क पर नहीं आना चाहता। इसलिए उनसे मुझे कोई शिकवा नहीं।
लेकिन फिर दोहरा रही हूँ यहाँ रिश्तों की बात नहीं है। अपराध में शामिल लोग ध्यान भटका रहे हैं। मामला एक ही है वह है ‘अवैध हथियारों’ का जखीरा और इसमें शामिल पूरा अपराधी तंत्र जो समाज के लिए खतरा हैं। इसकी जाँच कब होगी।
अवैध हथियारों का जखीरा कहाँ से आया। क्या इसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है?
मेरे पास अवैध हथियारों के ठोस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य हैं, जिन्हें मैंने संबंधित जांच एजेंसियों को सौंप दिया है, अतः अनुरोध है कि इन साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से मिलान कराते हुए त्वरित फोरेंसिक जाँच करायी जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच सीबीआई को सौंपी जाये ताकी लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो।
नवरात्रि का पावन अवसर है मुझे उम्मीद है न्याय, सत्य और बेटियों की पुकार को माननीय प्रधानमंत्री जी, केंद्रीय गृहमंत्री जी और माननीय उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री जी सुनेंगे।
मेरे पास राजनीतिक दल नहीं है। मैं निजी स्वार्थ के लिए नेताओं कार्यकर्ताओं का उपयोग नहीं कर सकती लेकिन मेरे पास सत्य की शक्ति है।
- इस देश में एक निष्पक्ष जाँच संभव है या नहीं यह संस्थाओं, क़ानून और क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों को तय करना है ।
- मेरी और मेरी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये l
https://twitter.com/BhanviKumari/status/1970752145420177424
साभार भानवी सिंह का एक्स अकाउंट
ये भी पढ़ें…



