Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

मुजफ्फरनगर के दो वरिष्ठ पत्रकार उत्तम शर्मा और अनिल रायल फिर से हो गए दोस्त

मुजफ्फरनगर में नदी के दो किनारे माने जाने वाले प्रेस काउंसिल सदस्य उत्तम चंद्र शर्मा और रायल बुलेटिन के प्रधान संपादक अनिल रायल अब एक हो गए हैं. ये करीब दो दशकों से आमने-सामने खड़े थे. पत्रकार जगत के इन दो किनारों को एक करने की तमाम कोशिशें नाकाम रही. बुधवार को भरे मंच से रायल बुलेटिन के प्रधान संपादक एवं मीडिया सेंटर के अध्यक्ष अनिल रायल ने कहा कि मीडिया सेंटर को उत्तम चंद्र शर्मा ने स्थापित किया था और आज मैं भरे मंच से ये घोषणा करता हूं कि मीडिया सेंटर की कमान अब श्रीशर्मा ही संभालें. ये घोषणा होते ही पूरा पंडाल तालियां की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

नगर कोतवाली के मुख्य द्वार पर बने मीडिया सेंटर की नींव प्रेस काउंसिल के छठी बार निर्विरोध चुने गए सदस्य और मुजफ्फरनगर बुलेटिन के प्रधान संपादक उत्तम चंद्र शर्मा तथा रायल बुलेटिन के प्रधान संपादक अनिल रायल आदि वरिष्ठ पत्रकारों ने वर्षों पहले रखी थी. उत्तम चंद्र शर्मा पहले अध्यक्ष चुने गए जिसके बाद आपसी मतभेद की वजह से पत्रकारों के इस सबसे मजबूत संगठन में दो फाड़ हो गई. इसका परिणाम ये हुआ कि मीडिया सेंटर के वार्षिक चुनाव में अनिल रायल भारी मतों से अध्यक्ष निर्वाचित हुए.

उस दौर में मीडिया सेंटर के अध्यक्ष पद को लेकर काफी उथल-पुथल रही. निर्वाचित होने के बाद भी अनिल रायल ने अध्यक्ष पद की कुर्सी छोड़कर उत्तम चंद्र शर्मा को ही कार्यभार दे दिया. इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि प्रशासन मीडिया सेंटर पर काबिज हो गया और ताला लगा दिया गया. कई दिनों तक अनिल रायल आदि ने शिव चौक पर धरना-प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन को घुटने टेकने पड़े और मीडिया सेंटर को वापस पत्रकारों के सुपुर्द कर दिया गया. इसके बाद अनिल रायल को मीडिया सेंटर का दायित्व सौंपा गया.

बुधवार को जिलाधिकारी राजीव शर्मा की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा नुमाइश ग्राउंड में चल रही कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी के बीच ‘वर्तमान में पत्रकार एवं पत्रकारिता के समक्ष चुनौतियां’ विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया. गोष्ठी आयोजित करने के पीछे जिले के तमाम पत्रकारों को एक मंच पर लाना था और डीएम की ये पहल रंग भी लाई। गोष्ठी में समाचार टुडे के प्रधान संपादक अमित सैनी समेत कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया.

गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे वरिष्ठ पत्रकार भारत डोगरा ने अपने विचार व्यक्त कर अपने अनुभव साझा किए. विशिष्ठ अतिथि एवं दैनिक जागरण के सीनियर न्यूज एडिटर मुकेश कुमार ने अपने विचार वक्त करते हुए पत्रकार और पत्रकारिता की तुलना एयर फोर्स से की. उन्होंने कहा कि जैसे एयर फार्स हवाई रास्ते से अपना काम करके आगे बढ़ जाती है और फिर बाकी का काम थल सेना पर छोड दिया जाता है तो ठीक वैसे ही पत्रकार का काम भी समाज, शासन-प्रशासन को आइना दिखाना है, बाकी का काम समाज और सरकारी तंत्र का है.

इनके अलावा वरिष्ठ पत्रकार उत्तम चंद्र शर्मा, अनिल रायल, सतीश मलिक, बिनेश पंवार और कपिल कुमार ने भी अपने विचार वक्त किए. कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम राजीव कुमार ने की. उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि कई जिलों में जिलाधिकारी रहा हूं, लेकिन मुजफ्फरनगर जैसी मीडिया कहीं की नहीं है. इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए.

https://www.youtube.com/watch?v=55NezS4H4_4

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन