पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, और यह उपमा केवल एक कहावत नहीं, बल्कि समाज की सच्चाई को प्रतिबिंबित करती है। पत्रकार न केवल समाचारों का संप्रेषण करते हैं, बल्कि वे समाज की आवाज़ बनकर सत्ता से सवाल भी करते हैं। 21वीं सदी में, जहाँ तकनीक ने संचार के सभी रूपों को बदल दिया है, वहीं पत्रकारिता भी अनेक बदलावों से गुज़र रही है। इसी पर आधारित प्रकाश मेहरा की एक पुस्तक “वे टू जर्नलिज्म” जिन्होंने पत्रकारिता में एक नई छाप छोड़ी है इस पुस्तक में राष्ट्र निर्माण से लेकर पत्रकारिता का बदलता परिदृश्य के बारे में प्रकाश मेहरा ने हर एक बिंदुओं पर शोध किया है।
पत्रकारिता का बदलता परिदृश्य
पहले जहाँ समाचार पत्र और टेलीविज़न ही मुख्य सूचना स्रोत हुआ करते थे, वहीं अब डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और स्वतंत्र पत्रकारों की भूमिका भी अहम हो गई है। अब कोई भी व्यक्ति कुछ ही क्षणों में मोबाइल से समाचार साझा कर सकता है। यह democratization of journalism है जिसमें हर व्यक्ति पत्रकार बनने की क्षमता रखता है। हालांकि, यह सुविधा जहां सूचनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मददगार है, वहीं इसके साथ ‘फेक न्यूज़’, भ्रामक प्रचार और ट्रोल कल्चर जैसी समस्याएं भी बढ़ी हैं। इस स्थिति में एक प्रशिक्षित और जिम्मेदार पत्रकार की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
लेखक का पहला कर्तव्य सत्य की खोज
एक पत्रकार का पहला कर्तव्य सत्य की खोज है। किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, संतुलित दृष्टिकोण प्रस्तुत करना और निष्पक्ष रहना अनिवार्य है। आज के समय में पत्रकार पर TRP और ‘व्यूज़’ का दबाव होता है, लेकिन उसकी प्राथमिकता समाज को सशक्त और जागरूक बनाना होनी चाहिए।
पत्रकारों के सामने कई चुनौतियाँ?
पत्रकारों के सामने कई चुनौतियाँ हैं राजनीतिक दबाव, कॉर्पोरेट हस्तक्षेप, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर खतरा, और सुरक्षा के मुद्दे। विशेषकर खोजी पत्रकारिता में लगे पत्रकारों को कई बार जान का भी खतरा उठाना पड़ता है। फिर भी, कई पत्रकार इन खतरों के बावजूद सच्चाई को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन है। यह समाज का आईना है जो सत्ता, प्रशासन और जनता के बीच पुल का काम करता है। आज की पीढ़ी के पत्रकारों को यह समझना ज़रूरी है कि उनका कार्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि लोकतंत्र को जीवंत बनाना है।
राष्ट्र निर्माण में पत्रकारिता का योगदान
“वे टू जर्नलिज्म” पुस्तक के लेखक प्रकाश मेहरा कहते हैं “पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है। इतिहास गवाह है कि जब-जब देश को दिशा की आवश्यकता पड़ी, तब-तब पत्रकारों ने कलम को तलवार बनाया और जनमत को जागृत किया। भारत की आज़ादी की लड़ाई हो या स्वतंत्रता के बाद का लोकतांत्रिक विकास पत्रकारिता ने हर युग में एक प्रहरी की भूमिका निभाई है।
स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारिता की भूमिका!
ब्रिटिश शासन के दौरान जब आम जनता की आवाज़ दबाई जा रही थी, तब पत्रकारिता ने उसे स्वर दिया। लोकमान्य तिलक का ‘केसरी’, महात्मा गांधी का ‘यंग इंडिया’ और ‘हरिजन’, पं. मदन मोहन मालवीय का ‘अभ्युदय’ जैसे समाचार पत्रों ने स्वतंत्रता के विचार को घर-घर पहुँचाया। ये अख़बार केवल समाचार पत्र नहीं थे, बल्कि विचारों की क्रांति थे। इन्होंने जनता में राष्ट्रप्रेम, आत्मबल और संघर्ष की भावना को जागृत किया। अंग्रेजों द्वारा कई बार इन अख़बारों पर प्रतिबंध लगाए गए, संपादकों को जेल भेजा गया, पर फिर भी ये रुकने का नाम नहीं लेते थे। पत्रकारिता ने जनता और स्वतंत्रता सेनानियों के बीच संवाद सेतु का काम किया।
स्वतंत्र भारत में पत्रकारिता की भूमिका!
स्वतंत्रता के बाद पत्रकारिता का दायित्व और भी बढ़ गया। अब वह शासन की नीतियों पर निगरानी रखने वाली एक ज़िम्मेदार संस्था बन चुकी थी। पत्रकारों ने भ्रष्टाचार, सामाजिक अन्याय, और नीतिगत विफलताओं को उजागर कर लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखा। चाहे 1975 का आपातकाल हो, जिसमें प्रेस की स्वतंत्रता पर आघात हुआ, या फिर घोटालों की परतें खोलने वाली खोजी पत्रकारिता पत्रकारों ने अपने दायित्व को निभाया। उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना करके लोकतंत्र को मजबूत किया और जनता को जागरूक रखने में मदद की।
सामाजिक चेतना और जनजागरण: प्रकाश मेहरा
पत्रकारिता ने केवल राजनीतिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर भी गहरी छाप छोड़ी है। महिला सशक्तिकरण, दलित अधिकार, शिक्षा, पर्यावरण, और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को उठाकर पत्रकारिता ने समाज में बदलाव की लहर चलाई है। ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का कार्य भी पत्रकारों ने ही किया है। आज के समय में क्षेत्रीय भाषाओं के पत्रकार भी स्थानीय समस्याओं को उजागर कर प्रशासन को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
डिजिटल युग में पत्रकारिता और राष्ट्र निर्माण
आज जब सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया की बाढ़ है, पत्रकारिता का स्वरूप बदला है, पर उसका उद्देश्य वही है सच को सामने लाना और जनहित में सूचना देना। डिजिटल पत्रकारिता ने सूचना को त्वरित और सुलभ बनाया है, लेकिन इसके साथ ही विश्वसनीयता और नैतिकता की चुनौतियाँ भी सामने आई हैं। इस समय पत्रकारों की भूमिका और ज़िम्मेदारी कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्हें न केवल खबर देना है, बल्कि उसे सही संदर्भ में, तथ्यात्मक और निष्पक्ष ढंग से प्रस्तुत भी करना है।
पत्रकारिता राष्ट्र की आत्मा!
पत्रकारिता राष्ट्र की आत्मा है। एक सजग, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकार समाज को सच दिखाता है, सरकार को जवाबदेह बनाता है, और नागरिकों को जागरूक करता है। राष्ट्र निर्माण केवल इमारतें और योजनाएँ नहीं, बल्कि विचारों, मूल्यों और चेतना से होता है और पत्रकारिता इन सबका संवाहक बनकर एक बेहतर भारत के निर्माण में निरंतर योगदान दे रही है।


