Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (76) : Jerusalem Post हिंदी में जेरूसलम पोस्ट होगा या यरूशलम पोस्ट?

नीरेंद्र नागर-

इन दिनों इसराइल का Jerusalem शहर ख़बरों में आया हुआ है क्योंकि ईरान से उसपर क्लस्टर बम बरसाए हैं। यह शहर दुनिया के सबसे पुराने शहरों में गिना जाता है और यहूदी, ईसाई और इस्लाम तीनों धर्मों के अनुयायियों के लिए यह पवित्र शहर है।

इस शहर का नाम हिंदी मीडिया में मुख्य तौर पर दो तरह से लिखा जाता है – जेरूसलम और यरूशलम। कहीं-कहीं येरूशलम या यरूशलेम भी दिख जाते हैं।

आज हम जानेंगे कि इनमें से कौनसा सही है और क्यों?

हीब्रू में इसकी स्पेलिंग है ירושלים और इसे बोला जाता है येरूशलाइम (येरू+शलाइम)। इसी से बना है उर्दू का यरूशलम। हिंदी में आम तौर पर यही लिखा जाता है।

लेकिन कुछ नए पत्रकार इसकी अंग्रेज़ी स्पेलिंग (Jerusalem) को देखते हुए इसे जेरूसलम लिख रहे हैं। शायद उनको पता नहीं कि अंग्रेज़ी में इसका उच्चारण जेरूसलम नहीं है। यदि अंग्रेज़ी स्पेलिंग और उच्चारण के हिसाब से भी लिखना हो तो उन्हें लिखना चाहिए जरूसलम या जिरूसलम।

अरबी में इस शहर का नाम है अलक़ुद्स।

चलिए, एक फ़ैसला तो हो गया कि आप इस शहर का नाम यरूशलम भी लिख सकते हैं और जरूसलम भी। लेकिन एक सवाल बचता है। यदि Jerusalem शब्द किसी अख़बार के नाम में हो तो हिंदी में उसे यरूशलम लिखेंगे या जरूसलम।

यह मुद्दा इसलिए उठा कि युद्ध शुरू होने से पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसराइल गए थे तो वहाँ के एक सरकारपरस्त अख़बार The Jerusalem Post ने उनकी बहुत तारीफ़ की थी। यह ख़बर मोदीभक्त मीडिया में बढ़-चढ़कर आनी ही थी। आई। लेकिन इस ख़बर को छापते समय हिंदी मीडिया दो हिस्सों में बँट गया।

डीडी न्यूज़, हिंदुस्तान और भास्कर ने इसे यरूशलम या यरूशलेम पोस्ट लिखा तो नवभारत टाइम्स ने जेरूसलम पोस्ट।

आजतक में दोनों तरह के प्रयोग मिले। एक ख़बर में यरूशलम पोस्ट तो दूसरी में जेरूसलम पोस्ट।

ABP न्यूज़ ने तो कमाल कर दिया। उसकी एक ही ख़बर के शीर्षक में येरूशलम पोस्ट है और मैटर में जेरूसलम पोस्ट।

अब इनमें से सही कौन हैं? वही जिन्होंने जेरूसलम पोस्ट लिखा। क्योंकि वे जानते हैं कि किसी शहर या देश का नाम अलग-अलग भाषाओं में अलग-अलग हो सकता है परंतु यदि वह नाम किसी संस्थान के नाम का हिस्सा है तो उसके परिवर्तन नहीं होगा। इसीलिए शहर के रूप में यरूशलम लेकिन अंग्रेज़ी अख़बार के नाम के तौर पर जरूसलम।

अब भारत और India का मामला ही लीजिए। अंग्रेज़ी में हम भारत को India लिखते हैं। अगर अंग्रेज़ी की किसी ख़बर में India लिखा हो तो हम हिंदी में अनुवाद करते समय उसे भारत कर देंगे। लेकिन अगर The Times Of India की किसी ख़बर को हिंदी में उद्धृत करें तो भी क्या हम उसे ‘भारत का टाइम्स/समय’ कर सकते हैं? नहीं। हमें ‘द टाइम्स ऑव इंडिया’ ही लिखना होगा।

इसी तरह यदि The Jerusalem Post नाम के किसी अंग्रेज़ी अख़बार में मोदी के बारे में कुछ छपा है तो उसके बारे में लिखते समय हिंदी में ‘द जरूसलम पोस्ट’ ही लिखना चाहिए, न कि ‘द यरूशलम पोस्ट’।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा (75) : अयातुल्ला या आयतुल्ला? ख़ामेनेई या ख़ामनई?

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन