Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (75) : अयातुल्ला या आयतुल्ला? ख़ामेनेई या ख़ामनई?

नीरेंद्र नागर-

ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei की हत्या कर दी गई। इसपर एक गंभीर राजनीतिक टिप्पणी बनती है। लेकिन चूँकि इस हत्या के विरोध में कई लोग अपनी राय ज़ाहिर कर ही रहे हैं, इसलिए यहाँ उसे दोहराने के बजाय हम इस स्तंभ को शब्दचर्चा तक ही सीमित रखते हैं।

आज की शब्दचर्चा में हम उनके नाम से पहले इस्तेमाल होने वाली शिया धार्मिक पदवी के बारे में बात करेंगे जिसकी अंग्रेज़ी स्पेलिंग है Ayatollah. इसे हिंदी मीडिया में चार तरह से लिखा जाता है – अयातुल्ला, अयातुल्लाह, आयुतल्ला और आयतुल्लाह। एक ही संस्थान की अलग-अलग ख़बरों में अलग-अलग वर्तनियाँ चल रही हैं।

  • अयातुल्ला – आजतक, नवभारत टाइम्स, जागरण, दैनिक भास्कर, अमर उजाला, प्रिंट हिंदी, ज़ी न्यूज़।
  • अयातुल्लाह – जागरण, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, इंडिया.कॉम।
  • आयतुल्ला – आजतक, NDTV हिंदी।
  • आयतुल्लाह – बीबीसी हिंदी।

सही है आयतुल्लाह। यह शब्द अरबी से आया है। फ़ारसी में इसका उच्चारण आयतोल्लाह होता है। आपको मालूम होगा कि फारसी के कई शब्दों में ‘उ’ का उच्चारण ‘ओ’ किया जाता है।

इसलिए अरबी के हिसाब से लिखें तो सही शब्द होगा आयतुल्लाह (जो बीबीसी लिख रहा है) और फ़ारसी के हिसाब से लिखेंगे तो होगा आयतोल्लाह।

इसलिए इसे आयतुल्लाह भी लिख सकते हैं और आयतोल्लाह भी। लेकिन अयातुल्ला या अयातुल्लाह तो बिल्कुल ग़लत हैं।

जहाँ तक Khamenei का प्रश्न है तो इसके दो रूप चल रहे हैं – खामेनेई (अधिकतर साइटें) और खमेनेई (DW)। इनमें से खमेनेई तो बिल्कुल ग़लत है।

यह सरनेम आया है ईरान के एक शहर से जिसका नाम है ख़ामन्अ। इसी में ई जोड़कर बना है यह सरनेम।

फ़ारसी में ‘अ’ का उच्चारण हल्के ‘ए’ की तरह किया जाता है जिससे ख़ामन्अ उच्चारण ख़ामेन्ए जैसा हो जाता है। इसी कारण इसकी रोमन स्पेलिंग है – Khameneh.

अब शहर के नाम की लिखित वर्तनी ख़ामन्अ में ‘ई’ जोड़ेंगे तो बनेगा ख़ामनई (उच्चारण ख़ाम्+अ+न+ई जैसा)।

अगर शहर के नाम के फ़ारसी उच्चारण के हिसाब से बोलेंगे तो बनेगा ख़ामेनेई।

इसलिए इसे ख़ामनई भी लिखा जा सकता है और ख़ामेनेई भी। ख़ामनई लिखने में गड़बड़ी यह है कि हिंदी की प्रकृति के हिसाब से उसे कोई ख़ाम्नई या ख़ामनी पढ़ सकता है जो मूल उच्चारण को और भ्रष्ट कर देगा।

इसलिए ख़ामेनेई बेहतर विकल्प है जो हिंदी में चल भी रहा है।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा (74) : इसराइली संसद KNESSET को बीबीसी के अलावा सबने ग़लत लिखा

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन