यशवन्त सिंह-
राहुल गांधी आ गए हैं तो अब आंदोलन के भटकने का पूरा इंतज़ाम हो गया है। कूदकर पीएम आवास के सामने बैठ गए और दिल्ली पुलिस ने निर्देश मिलते ही दन्न से सबको उठा फेंका! अब बड़े आराम से मोदी जी गाना गायेंगे कि जो लोग पुराने पापी हैं, पुराने भ्रष्टाचारी हैं, पुराने दमनबाज़ हैं, ये अब राजनीति की रोटी सेंकने के लिए बच्चों को बरगला रहे हैं। जब तक राहुल और कांग्रेस चुप थी, आंदोलन सही चला। अब देखिएगा। कन्फ्यूज लोग सब फ्यूज कर देंगे!
आपिया सांसद संजय सिंह ने सही कहा- “CJP के धरने को कमजोर करने के लिए मोदी जी ने राहुल गांधी को अपने आवास पर धरने पर बिठा दिया।”

मुझे पप्पू राहुल गांधी और कांग्रेस से चिढ़ है। उसी तरह जैसे भ्रष्ट बीजेपी और फेंकू मोदी से प्रॉब्लम है। आप और सीजेपी सही हैं। नए लोग नया खून। कांग्रेस के चोरवे सत्ता में आते ही मलाई बटोरने और मलाई बाँटने का नया खेल शुरू कर देंगे। कांग्रेस राज में कामरेड लोग और अल्पसंख्यक लोग को मिलाकर खाया पिया जाएगा जैसे बीजेपी मोदी राज में बीजेपी संघ के छिहत्तर संगठनों के साथ साथ सभी चहेते साधु महंतों लंठों कट्टरपंथी बहुसंख्यकों और दक्खिन लगे लोगों को मलाई बांटी जा रही है।
हे राहुल भाई, जब तक आप ऐक्टिव हैं तब तक मोदी शाह की गद्दी को कोई खतरा नहीं है। गुजरात नरसंहार में मोदी को क्लीनचिट किसने दिलवाई, बदले में दामाद जी रॉबर्ट वाड्रा को जेल जाने से सुरक्षा चक्र कैसे हासिल हुआ!
ये दोनों मिले हुए हैं जी। बार बार चेक कर लो। कांग्रेसी चमचे बहुत दिन से मलाई नहीं खाये हैं तो राहुल कांग्रेस जैसे पापियों अवसरवादियों को हीरो बनाने में लगे हुए हैं।

गांधी जी ने सही कहा था, आज़ादी मिलने के बाद कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए क्योंकि कांग्रेस का आज़ादी दिलाने का मिशन पूरा हो चुका है। लेकिन सत्ता लोलुप नेहरूवादी कांग्रेसियों ने कांग्रेस को ज़िंदा रखकर जमकर सत्ता सुख भोगा और देश को भ्रष्ट त्रस्त करते गए।
नेहरू खानदान के हाथ में ही ये पार्टी रहे, इसके लिए जाने कितने अच्छे नेताओं के करियर की बलि ले ली गई! अब तो राहुल छोड़ दो कांग्रेस। दे दो किसी ग़ैर नेहरू खानदान वाले को ये पार्टी। पर नहीं जी, सत्ता का लड्डू तो नेहरू खानदान के नेतृत्व में ही फूटेगा फिर चमचों में बंटेगा!

मैं कांग्रेस के भ्रष्टाचार और अवसरवाद को देखते हुए पचास पार का हुआ हूँ। मुझे कांग्रेस बेहद घटिया पार्टी लगती थी, और लगती है। भ्रष्ट बीजेपी का विकल्प किसी तीसरी पार्टी को होना चाहिए और ऐसा होगा क्योंकि काठ की हांडी को बार बार चूल्हे पर नहीं चढ़ाया जा सकता।
देश में सांप्रदायिकता को उभारने और पालने पोसने का श्रेय कांग्रेस को जाता है। देश में धर्म जाति को वोट बैंक के रूप में देखने का खेल खेलने का श्रेय कांग्रेस को जाता है। देश में भ्रष्टाचार को संस्थाबद्ध करने का श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है। संघ भाजपा को महादैत्य बनाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया। मतलब सारे पापों को पालने पोसने वाली महा माता कांग्रेस पार्टी ही है।
ये महा खतरनाक पार्टी है जिसे मर जाना चाहिए था। वैसे भी राहुल के जो सलाहकार हैं वो सब जमीनी रियल्टी से कटे हुए हैं। उनके रहते राहुल कभी कायदे का निर्णय ले ही नहीं सकते।
काक्रोच जनता पार्टी ज़िंदाबाद!


