त्रिभुवन
31 अक्टूबर 2026 को सुविख्यात पत्रकार निधि राजदान ने जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला के साथ विवाह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “It’s done bro”। उधर उमर ने लिखा, “A new journey began yesterday.” एक तरफ़ विवाह को जीवन की नई यात्रा बताने वाली परिचित रोमानी भाषा थी, दूसरी तरफ़ उसी विवाह को किसी निबटाए हुए काम की तरह प्रस्तुत करती इंटरनेट की खिलंदड़ी शब्दावली!
मेरे कई परिचित मित्रों ने Bro कॉमेंट के साथ उनके ट्वीट को रिट्वीट किया और मज़ा लिया कि देखो, दुलहन अपने दूल्हे को ब्रो बोल रही है! लेकिन दरअसल, यह बदली हुई भाषा और बदले हुए युग का मामला है।
मुझे इस छोटे-से ‘ब्रो’ में समकालीन भाषा का एक दिलचस्प सौंदर्यशास्त्र दिखाई देता है। यहाँ विवाह की गंभीरता का निषेध नहीं है, उसकी सार्वजनिक अभिव्यक्ति को गंभीरता के बोझ से मुक्त करने की शरारत है। भावुकता को चुटकुले की ओट में छिपा देने का नया शिष्टाचार। जैसे आधुनिक मनुष्य प्रेम तो करना चाहता है, लेकिन प्रेम करते हुए भावुक दिखाई पड़ने के पुराने जोखिम से बचना भी चाहता है।
और यह भी देखिए कि जिस शब्द की जड़ों में पुरुष-संबंधी अर्थ था, उसे एक स्त्री अपने जीवनसाथी को संबोधित करते हुए इतनी सहजता से इस्तेमाल कर रही है कि उसके भीतर का पुरुषवाचक इतिहास अप्रासंगिक हो जाता है। यह अपने आप में भाषायी परंपरा की छोटी-सी अवज्ञा है। यानी पुरुष एक शब्द को बोले तो उसका एक अर्थ है और स्त्री बोले तो दूसरा!
भाषा के इतिहास में कुछ शब्द अपने अर्थों के विस्तार से समृद्ध होते हैं। कुछ अर्थों के संकोच से दरिद्र और कुछ इतने अधिक इस्तेमाल से घिस जाते हैं कि अंततः उनका मूल अर्थ ही उनसे निर्वासित हो जाता है। अंगरेज़ी का ‘Bro’ इसी तीसरी प्रजाति का विचित्र जीव है। कभी ‘Brother’ का आत्मीय संक्षेप रहा यह शब्द अब न रक्त-संबंध का मोहताज है, न जेंडर का, न उम्र का और न किसी वास्तविक आत्मीयता का। यह ऐसा भाई है, जिसके भाई होने की सारी शर्तें समाप्त हो चुकी हैं!
दिलचस्प यह है कि शब्द ने अपनी वंशावली तो बचाए रखी, लेकिन वंश का अर्थ खो दिया। ‘ब्रदर’ से ‘ब्रो’ तक की यात्रा केवल अक्षरों का क्षरण नहीं, सामाजिक संबंधों के भाषायी पुनर्गठन की कहानी भी है। पहले भाई होना एक रिश्ता था; अब ‘ब्रो’ कहना एक मुद्रा है। उसमें मित्रता भी हो सकती है, बेपरवाही भी, चुटकी भी, व्यंग्य भी और कभी-कभी ऐसा आत्मीय उपहास भी, जो किसी बहुत निकट व्यक्ति के लिए ही संभव है।
भाषाविज्ञान में मेरे शिक्षक जेके शर्मा इसे Semantic Bleaching कहा करते थे। अर्थ का धीरे-धीरे विरंजित होना। लेकिन ‘ब्रो’ की विडंबना यह है कि उसका पुराना अर्थ जितना विरंजित हुआ, उसका सामाजिक इस्तेमाल उतना ही रंगीन होता गया। वह संबोधन से अधिक एक discourse marker बन गया; एक ऐसा शब्द, जो सूचना कम और बोलने वाले का मिज़ाज अधिक प्रकट करता है।
दरअसल, शब्दकोश हमें बताते हैं कि शब्दों का अर्थ क्या है, लेकिन समाज बताता है कि किसी क्षण उनका अर्थ क्या हो सकता है। ‘ब्रो’ की यही कहानी है। वह भाई से दोस्त, दोस्त से संबोधन, संबोधन से मनोदशा और अंततः मनोदशा से मीम बन गया।
भाषा की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि कोई शब्द अपना पूरा अतीत खोकर ही अपने वर्तमान में सबसे अधिक जीवित हो उठता है।
और सोचिए, प्रेम की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक विवाह का समाचार अब उस संबोधन से दिया जा सकता है, जो अपने मूल अर्थ में विवाह-संबंध की कल्पना तक को असहज बना देता है!
यहाँ विवाह नया नहीं है; भाषा की निर्लज्ज आत्मीयता नई है। ‘ब्रो’ में भाई मर चुका है, लेकिन उसकी जगह एक ऐसा संबोधन जन्म ले चुका है, जो प्रेमी को भी बिना किसी संकोच के पुकार सकता है।


