हेमंत शर्मा-
मित्रों,
हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मांग पर… इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा, तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होंगे. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है.
कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है.

प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने-बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं.
मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोदपूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें.
जय जय.

(लेखक हेमंत शर्मा टीवी9 भारतवर्ष के निदेशक हैं.)
