नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) के तहत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने वालों के लिए एडवाइज़री जारी की है। 18 नवंबर 2026 को जारी इस एडवाइज़री (TAU/ADV/021) का विषय है- व्हाट्सऐप वेब का सुरक्षित इस्तेमाल।
एडवाइज़री के मुताबिक I4C की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने पाया है कि कुछ परिस्थितियों में व्हाट्सऐप वेब के लॉग-इन (ऑथेंटिकेटेड) सेशन का दुरुपयोग करके किसी यूज़र के व्हाट्सऐप अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।
ऐसी पहुंच मिलने पर कोई शरारती व्यक्ति संदेश पढ़ सकता है, यूज़र बनकर संदेश भेज सकता है, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप बातचीत तक पहुंच सकता है और खाताधारक की भरोसेमंद पहचान का इस्तेमाल धोखाधड़ी, फ़िशिंग, सोशल इंजीनियरिंग या दूसरी गलत गतिविधियों के लिए कर सकता है।
इसलिए यूज़र्स को सलाह दी गई है कि वे व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल सावधानी से करें, खासकर दफ्तर के कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे डिवाइस पर, जिन तक दूसरे लोगों की पहुंच हो सकती है।
एहतियात के लिए सुझाए गए उपाय
- आधिकारिक या संवेदनशील काम व्हाट्सऐप वेब पर न करें: सरकारी, संस्थागत, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील जानकारी का आदान-प्रदान यथासंभव कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब सेशन के जरिए न करें।
- व्हाट्सऐप वेब को हमेशा लॉग-इन न रखें: जरूरत न होने पर, खासकर दफ्तर या साझा कंप्यूटर पर, व्हाट्सऐप वेब सेशन सक्रिय न छोड़ें।
- हर सेशन के बाद लॉग आउट करें: काम पूरा होने के बाद खुद लॉग आउट करने की आदत डालें। सिर्फ ब्राउज़र विंडो या टैब बंद कर देने को लॉग आउट न मानें।
- मजबूरी हो तो इनकॉग्निटो/प्राइवेट मोड: अगर व्हाट्सऐप वेब अस्थायी तौर पर इस्तेमाल करना ही पड़े तो किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर इनकॉग्निटो/प्राइवेट ब्राउज़िंग मोड का इस्तेमाल करें और ब्राउज़र बंद करने से पहले खुद लॉग आउट करें।
- अनजान या सार्वजनिक कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफ़े, पब्लिक कियोस्क, होटल बिज़नेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय सिस्टम से व्हाट्सऐप वेब पर लॉग-इन न करें।
- अकाउंट की असामान्य गतिविधि पर नज़र रखें: अकाउंट से अचानक भेजे गए संदेश, कॉन्टैक्ट्स के असामान्य जवाब या कोई भी अस्पष्ट गतिविधि दिखे तो उसे गंभीरता से लें।
- अपना डिवाइस सुरक्षित रखें: ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउज़र और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें तथा संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों और क्रैक्ड सॉफ्टवेयर से बचें।
एडवाइज़री में संस्थाओं के लिए अलग से कहा गया है कि आधिकारिक और संवेदनशील माहौल में दफ्तर में व्हाट्सऐप वेब के इस्तेमाल से बचा जाए। इनकॉग्निटो/प्राइवेट ब्राउज़िंग को सिर्फ एक अतिरिक्त एहतियात के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
एडवाइज़री का संदेश है- “सतर्क रहें, हर सेशन के बाद लॉग आउट करें, अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित रखें।”

