Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

सीहोर के वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर और पत्रकार सुशांत समाधिया ‘बिल्लू’ का निधन

सीहोर के वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर और पत्रकार सुशांत समाधिया ‘बिल्लू’ का 20 नवंबर को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। हरिभूमि और राज एक्सप्रेस के ब्यूरो चीफ रह चुके बिल्लू ने तीस साल पत्रकारिता को दिए।

सीहोर के वरिष्ठ पत्रकार सुशांत समाधिया (बिल्लू) को श्रद्धांजलि

कार्तिक सागर समाधिया-

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास सीहोर जिले के वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर और पत्रकार सुशांत समाधिया का 20 नवंबर को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। सुशांत समाधिया को शहर में बिल्लू के नाम से जाना जाता था।

वह स्वतंत्रता सेनानी (भोपाल विलीनीकरण) और एडवोकेट विद्यासागर समाधिया के सबसे छोटे बेटे थे। उनकी दो बेटियां रागिनी और अनुजा तथा एक बेटा वीर समाधिया हैं।

ऐसा कोई सरकारी कार्यक्रम या घटनाक्रम नहीं होता था, जहां बिल्लू समाधिया की पहुंच न हो। रोजाना सुबह 10 बजे फील्ड पर निकल जाना और शाम को उन खबरों को अखबारों में लगवाना, यह उनकी अपनी शैली थी।

उनकी पत्रकारिता उस दौर (80-90 के दशक) की है, जब जिला ब्यूरो से कागज पर कलम से लिखी खबर, फोटो की रील के साथ डाक के जरिये राजधानी भोपाल के दफ्तर तक पहुंचाई जाती थी, ताकि अगले दिन अखबार में खबर छप सके।

पत्रकारिता में उनकी शुरुआत नवभारत भोपाल से हुई, जब उनके बड़े भाई राकेश समाधिया नवभारत भोपाल के सीहोर जिला ब्यूरो चीफ बने थे। तब वह प्रेस फोटोग्राफी, अखबार बांटने और खबरें इकट्ठी करने का काम किया करते थे। उनके एक और भाई प्रदीप समाधिया वर्तमान में दैनिक जागरण सीहोर के ब्यूरो चीफ हैं।

खुद सुशांत समाधिया अलग-अलग समय पर हरिभूमि और राज एक्सप्रेस के ब्यूरो चीफ रह चुके थे। उन्हें टीवी पत्रकारिता का बड़ा शौक था। पढ़ाई-लिखाई कम होने के चलते कभी कोई बड़ा चैनल तो हाथ नहीं लगा, लेकिन माइक आईडी लेकर फोटो खिंचवाने का उनका अपना शौक था। साधना न्यूज चैनल समेत कई छोटे रीजनल चैनलों में उन्होंने अपनी रिपोर्टिंग से छाप छोड़ी।

उनके निधन से शहर में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के समय शहर के समाजसेवी, जिला पत्रकार संघ के सदस्य, शहर के विधायक, पूर्व विधायक और विभिन्न पार्टियों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। लगभग सभी अखबारों के जिला ब्यूरो चीफ उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उन्हें जानने वाले अपने-अपने तरीके से उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर रहे हैं।

बिल्लू समाधिया छोटे-मोटे कानूनी झगड़े अपने स्तर पर अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाकर खत्म करवा दिया करते थे, ताकि लोगों को कानूनी पचड़ों में अपना समय जाया न करना पड़े। पत्रकारिता को ही अपना धर्म मानने वाले बिल्लू समाधिया ने आंचलिक पत्रकारिता की ताकत और उसके समय को अपने ही अंदाज में जिया।

एक एक्सीडेंट के बाद उनकी पत्रकारिता सिमटती चली गई। इस बीच उन्होंने राज एक्सप्रेस के ब्यूरो की जिम्मेदारी भी संभाली, लेकिन गिरते स्वास्थ्य के चलते वह फिर फील्ड पर नहीं लौट सके। रीढ़ की चोट ने सीहोर और भोपाल जिले से एक प्यारा पत्रकार छीन लिया। पत्रकारिता के इतिहास में प्रभाष जोशी की पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाने का काम बिल्लू समाधिया ने आंचलिक स्तर पर किया।

उनकी धमक प्रशासनिक अधिकारियों में देखी जा सकती थी और नेताओं से उनका दोस्ताना व्यवहार था। खबर खिलाफ छपे या पक्ष में, सुशांत समाधिया की पत्रकारिता के कायल उनके विरोधी भी रहे। एक फोन पर अधिकारी उन्हें जानकारी देते नजर आते थे। उनसे कुछ छिपाया नहीं जाता था, क्योंकि सब जानते थे कि अगर इस रिपोर्टर से कुछ छिपा तो यह कहीं से भी जानकारी निकाल लाएगा। कई बार घटनास्थल पर सुशांत समाधिया पुलिस से पहले पहुंचे दिखते थे।

उन्होंने अपने जीवन के तीस साल पत्रकारिता को दिए। वह 19 साल की कम उम्र में ही इस पेशे में उतर गए थे और अंत तक इसे बरकरार रखा। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते थे। कभी जब खबर तक रिपोर्टर नहीं पहुंच पाता था, तो किसान अपनी समस्या लेकर उनके घर तक आ जाया करते थे।

भरी ठंड में शहर में पड़ने वाली ओस की तस्वीरों से लेकर प्रशासनिक कार्यक्रमों में खींची गई तस्वीरें, अपने इस प्रेस फोटोग्राफर पत्रकार को हमेशा याद करेंगी।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास