मीडिया क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों से जुड़ी तीन अहम नियुक्तियां और इस्तीफे बीते दिनों सामने आए हैं। इनमें अनुप्रिया आचार्य, रुचिरा श्रीवास्तव और सुंदर कोंडूर के बारे में ताजा जानकारी है– नीचे पढ़ें…
डीबी कॉर्प लिमिटेड की स्वतंत्र निदेशक अनुप्रिया आचार्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कंपनी को भेजे पत्र में अपने अन्य व्यावसायिक दायित्वों और व्यस्तताओं का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है। उनका इस्तीफा 15 मई 2025 से प्रभावी होगा।
कंपनी ने SEBI लिस्टिंग रेगुलेशंस के तहत स्टॉक एक्सचेंज को सूचित किया है कि अनुप्रिया आचार्य के इस्तीफे के पीछे कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है। उनके इस्तीफे के साथ ही वे ऑडिट कमिटी, नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमिटी, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कमिटी की चेयरपर्सन और कंपन्सेशन कमिटी की सदस्य जैसी जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएंगी।
टाइम्स ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग कंपनी लिमिटेड (TGBCL) ने एचआर हेड के पद पर रुचिरा श्रीवास्तव की नियुक्ति की है। वह एस. श्रीवत्सन की जगह लेंगी, जो अब कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस में नई भूमिका निभाएंगे। ट्रांजिशन पीरियड में श्रीवत्सन, रुचिरा को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने इस बदलाव पर आंतरिक मेल के ज़रिए श्रीवत्सन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को एक सशक्त पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
रुचिरा श्रीवास्तव एक अनुभवी एचआर प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, फार्मा और आईटी सेक्टर में दो दशक से अधिक का अनुभव है। वह पूर्व में ‘जी मीडिया’ और ‘एस्सेल ग्रुप’ की कंपनियों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुकी हैं।
बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (The Times of India) में भी एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सुंदर कोंडूर को टाइम्स एक्सपीरियंस के डायरेक्टर के रूप में प्रमोट किया गया है।
इस बात की जानकारी सुंदर कोंडूर ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में साझा की। उन्होंने लिखा, “मैं यह बताते हुए खुशी महसूस कर रहा हूं कि मैं Bennett Coleman & Co. Ltd. (The Times of India) में टाइम्स एक्सपीरियंस के डायरेक्टर की नई भूमिका में कदम रख रहा हूं।” इससे पहले वह साउथ और ईस्ट रीजन के डायरेक्टर पद पर कार्यरत थे।
इन नियुक्तियों और बदलावों के साथ यह साफ है कि भारतीय मीडिया जगत अपने नेतृत्व में नए चेहरों और नई रणनीतियों के साथ आगे बढ़ रहा है।


