हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में कल दो वरिष्ठ पत्रकारों चंद्रमोहन कश्मीरी और भोलाराम भारतीय का आकस्मिक निधन हो गया।
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) में वरिष्ठ पत्रकार चंद्रमोहन कश्मीरी (69) चरान खड्ड के शिवधाम में पंचतत्व में विलीन हो गए। मुखाग्नि उनके पुत्र डॉ. पुष्कर कश्मीरी ने दी। चंद्रमोहन कश्मीरी कुछ समय से अस्वस्थ थे। उन्होंने अंतिम सांस सोमवार सुबह तीन बजे अपने निवास स्थान पर ली। उनका जन्म 1945 में जिला कागड़ा के हरिपुर गांव में हुआ था। विधि स्नातक कश्मीरी ने सरकारी सेवा छोड़ने के बाद 1972 में पत्रकारिता शुरू की थी। उन्होंने कई एक अखबारों, दूरदर्शन और आकाशवाणी में सेवाएं दीं। 1984 में उन्होंने गैर सरकारी संस्था संकल्प का गठन किया। वह धर्मशाला प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य एवं अध्यक्ष भी रहे।
सागर (म.प्र.) के वरिष्ठ पत्रकार भोलाराम भारतीय का भी सोमवार को हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। वे विगत 40 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय थे। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें मास्टर बलदेव प्रसाद आंचलिक पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया था। उनकी कोई संतान नहीं है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार रजाखेड़ी श्मशान घाट पर किया गया।