अभिषेक टेकरीवाल-
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: आम्रपाली लेज़र पार्क समेत कई रिहायशी सोसायटी के निवासी इन दिनों भारी वायु और ध्वनि प्रदूषण से परेशान हैं। इसकी वजह है NBCC (National Buildings Construction Corporation) द्वारा रात 10 बजे के बाद भी ज़ोर-शोर से चलाया जा रहा निर्माण कार्य, जिसमें JCB मशीनों से खुदाई और भारी ट्रकों द्वारा मिट्टी की ढुलाई की जा रही है।
रिहायशी इलाकों के नजदीक रात के समय चल रही यह गतिविधि न केवल राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों का सीधा उल्लंघन है, बल्कि इससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य और मानसिक शांति पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
यहाँ देखिए वीडियो सबूत:
क्या कहते हैं नियम?
NGT और CPCB (Central Pollution Control Board) की गाइडलाइंस के अनुसार, रिहायशी इलाकों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक निर्माण गतिविधियाँ प्रतिबंधित हैं। Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 के तहत रात के समय किसी भी प्रकार का निर्माण-ध्वनि 45 dB(A) से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्माण स्थलों पर डस्ट कंट्रोल उपाय जैसे वाटर स्प्रिंकलर, ग्रीन नेट आदि अनिवार्य हैं, जिन्हें यहाँ स्पष्ट रूप से नजरअंदाज किया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों की बढ़ती बेचैनी
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही धूल और तेज मशीनों की आवाज़ से न केवल नींद में खलल पड़ रहा है, बल्कि बच्चों, बुज़ुर्गों और अस्थमा जैसे रोगियों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासी वरुण उपाध्याय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी पीड़ा का कुछ यूं इजहार किया है-


NGT में शिकायत की तैयारी
अब सोसायटी के जागरूक निवासी, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि यदि नियमों का पालन न हुआ तो वे कोर्ट से स्थगन आदेश (Stay Order) की मांग करेंगे और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी कठोर कार्रवाई के लिए मजबूर करेंगे।
अपील:
हम सभी संबंधित अधिकारियों — उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी, NGT और NBCC प्रबंधन — से निवेदन करते हैं कि:
इस अवैध निर्माण कार्य पर रात में तत्काल रोक लगाई जाए। प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लागू किया जाए। दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
देखें संबंधित वीडियो-
अगर आप भी एनबीसीसी जनित प्रदूषण से परेशान हैं तो पूरा विवरण भड़ास को मेल करें : [email protected]


