मुंबई। टीवी न्यूज इंडस्ट्री में विज्ञापन बाजार की सुस्ती के बावजूद Network18 Media & Investments ने वित्त वर्ष की चौथी तिमाही (Q4) में मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 9.7% बढ़कर 616 करोड़ रुपये पहुंच गया।
कंपनी का राजस्व तिमाही आधार पर भी बढ़ा है। दिसंबर तिमाही के 539 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 14.2% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मुनाफे के लिहाज से भी कंपनी ने सुधार दिखाया है। ऑपरेटिंग EBITDA बढ़कर 30 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 19 करोड़ और पिछली तिमाही में 10 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 4.9% हो गया, जो पहले 3.4% और 1.8% था।
पूरे साल का प्रदर्शन
पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का कंसोलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू 4.7% बढ़कर 2,121 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 2,026 करोड़ रुपये था। हालांकि, पूरे साल का EBITDA लगभग स्थिर रहा और 44 करोड़ रुपये के आसपास ही बना रहा।
कंपनी के मुताबिक, अगर चुनावी विज्ञापनों के कारण पहले क्वार्टर के हाई बेस को हटा दिया जाए, तो सालाना ग्रोथ करीब 7% रही।
कमजोर बाजार में बेहतर प्रदर्शन
Network18 ने दावा किया कि उसने कमजोर टीवी विज्ञापन बाजार में भी इंडस्ट्री से बेहतर प्रदर्शन किया। जहां पूरे बाजार में 10% से ज्यादा गिरावट रही, वहीं कंपनी के टीवी एड इन्वेंट्री कंजम्प्शन में 4.5% की बढ़ोतरी हुई।
इस प्रदर्शन का श्रेय कंपनी ने अपने मजबूत चैनल पोर्टफोलियो और बड़े इवेंट्स—जैसे Rising Bharat, Indian Business Leadership Awards, Global Wealth Summit और Forbes India Leadership Awards—को दिया।
डिजिटल में तेजी
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कंपनी की पकड़ मजबूत होती दिखी। Network18 के डिजिटल नेटवर्क ने हर महीने 35 करोड़ (350 मिलियन) से ज्यादा यूजर्स तक पहुंच बनाई। वहीं यूट्यूब पर वीडियो व्यूज में 90% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो प्रतिस्पर्धियों से कहीं ज्यादा है।
नए बिजनेस का योगदान
कंपनी ने बताया कि Moneycontrol Fintech और Creator18 जैसे नए बिजनेस भी तेजी से बढ़े हैं, जिससे रेवेन्यू के नए स्रोत बने हैं।
इसके अलावा CNBC-TV18, News18 India और CNN-News18 जैसे चैनलों ने अपनी लीडरशिप बरकरार रखी, जबकि मराठी, कन्नड़ और पश्चिम बंगाल बाजारों में भी अच्छा प्रदर्शन रहा।
कंपनी के चेयरमैन आदिल ज़ैनुलभाई ने कहा कि कंपनी ने साल का अंत सकारात्मक नोट पर किया है और आगे भी कोर न्यूज बिजनेस को मजबूत करने के साथ नए क्षेत्रों में विस्तार पर फोकस रहेगा।


