इथियोपिया में वैज्ञानिकों ने मानव के निचले जबड़े का 28 लाख साल पुराना जीवाश्म ढूंढ लिया है। अफार प्रदेश के ‘लीडी गेरारू रिसर्च एरिया’ से इस जीवाश्म को एक इथोपियाई छात्र शालाशेऊ सेयूम ने खोजा। सेयूम उसे देखते ही ‘हैरान’ रह गए थे। क्या यह सचमुच पहला मानव था, इस पर रिसर्च जारी है।
अमेरिका के नेवाडा विश्वविद्यालय (लास वेगास) के प्रोफ्रेसर ब्रायन विलमोर का कहना है कि वर्ष 1974 में मिले 31 लाख साल पुराने होमिनिन के जीवाश्म से इस हड्डी का संबंध है। वह होमिनिन मानव की तरह ही खड़े होकर चलने वाली जाति थी। उसे ‘लूसी’ नाम दिया गया था।’ वह ‘लूसी’अफरेनिसस प्रजाति का जीवाश्म था। पेड़ से जमीन पर लूसी के समय और बड़े दिमाग वाले और मानव की तरह के शारीरिक अनुपात वाले होमो इरेक्टस प्रजाति के बीच तकरीबन 20 लाख साल का अंतर है।
दावा है कि यह पहले मानव का हड्डियों का जीवाश्म है। यह शोधकर्ताओं के अनुमान से भी चार लाख साल पुराना बताया जा रहा है। यह मानव जाति के विकास की सबसे पहली कड़ी पर प्रकाश डालता है। जलवायु परिवर्तन की वजह से मनुष्यों ने पेड़ पर रहने की बजाय जमीन पर रहना और सीधे चलना शुरू किया था।