रंगनाथ सिंह-
एक कोरियाई प्रेम कहानी है, मेरी पसन्दीदा फिल्मों में एक है। नायिका नायक से कहती है कि प्रेम वह है जिसमें सीने पर गोली खा सकें। देश से प्यार बहुत से लोग करते हैं, मगर उस प्यार के लिए सीने पर गोली खाने के लिए तैयार रहने वाले लोग केवल सैनिक होते हैं। विकास यादव, अब करोड़ों भारतीयों के लिए हीरो हो चुके हैं। सीआईए ने निर्लज्जता दिखाते हुए उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया है। उनपर गुरुवंत पन्नू को न्यूट्रलाइज करने की साजिश का आरोप लगाया है। पन्नू के वीडियो हर हिन्दुस्तानी को देखने चाहिए और यह भी जानना चाहिए कि वह सीआईए का एसेट है, यह बात अब साफ हो चुकी है।

विकास यादव की तस्वीर देखिए। चेहरे से मुस्कराहट और भोलापन टपक रहा है। मैं नहीं मानता कि उन्होंने कनाडा में किसी आतंकी को मारने में भूमिका निभायी होगी। मुझे नहीं लगता है कि वह कभी कनाडा या अमेरिका गये भी होंगे।
इसी वॉल पर कई बार यह सवाल उठा चुका हूँ कि वह कौन सी जादू की झप्पी है कि भारत और उसके पड़ोसी देशों के ज्यादातर खूंखार आतंकी अमेरिका-ब्रिटेन-यूरोप में शरण पा जाते हैं! निज्जर अवैध तरीके से कनाडा में घुसा और उसे अवैध तरीके से ही ट्रूडो ने महज अपनी सरकार बचाने के लिए रातोंरात नागरिक घोषित कर दिया! पन्नू के वीडियो जिसने भी देखे हैं, उसे पता होगा कि वह सस्ते लेवल का आतंकी है मगर सवाल ये है कि ऐसे आतंकी को अमेरिकी खुफिया एजेंसी क्यों पाले हुए थी!
सवाल ये है कि वह कौन सा काम है जो अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी भारत सरकार से कराना चाहती है और वह नहीं हो पा रहा है जिसकी वजह से ये सारा स्वांग रचा गया है।
कनाडा-अमेरिका सिख आतंकवादियों की जन्नत है। निज्जर और पन्नू से बहुत बड़े आतंकी तलविंदर सिंह परमार थे। उन्होंने एक बार में ही 329 लोगों की हत्या कर दी थी। पूरा एयर इंडिया का विमान उड़वा दिया था। जिस तरह नेपाल के एयरपोर्ट से कुछ लोग एयर इंडिया के विमान में घुस गये और IC 814 हाईजैक कर लिया उसी तरह कुछ लोग कनाडा एयरपोर्ट से आया एक बैग टोक्यो एयरपोर्ट से एयर इंडिया में चढ़ाया गया और वह आसमान में फट गया। इसके अलावा भी तलविंदर जी पर पंजाब पुलिस के जवानों की हत्या समेत कई मामले थे।
तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा जी ने जस्टिन ट्रूडो के पापा पियरे ट्रूडो से कहा कि तलविंदर को भारत कौ सौंप दें। पियरे ने उसे नहीं सौंपा। उस जमाने में खालिस्तानियों के लिए भारत हॉलीडे होम हुआ करता था। एयर इंडिया का विमान उड़वाने के बाद तलविंदर जी करीब सात साल बाद भारतीय पंजाब में आकर छुट्टी मना रहे थे तभी पंजाब पुलिस से उनकी नजर लड़ गयी और वह गोलोक चले गये। निज्जर जी कनेडा से ही गोलोक चले गये।

मुझे लगता है कि जिस विकास यादव ने कभी भारत के बाहर कदम नहीं रखा उसके ऊपर झूठे आरोप लगाने की सजा रामलला सीएआई को जरूर देंगे। अभी भारत सरकार ने कनाडा के एक पुलिस अफसर को आतंकियों की मदद करने के आरोप में चिह्नित किया है। हो सकता है कि अगले चरण में भारत में रहकर सीआईए के लिए काम करने वाले कुछ लोगों के नाम सार्वजनिक किये जाएँ।
आप लोगों को याद ही होगा कि एक जमाने में अज्ञेय जैसे बड़े साहित्यकार पर सीआईए द्वारा वित्तपोषित संस्था का लाभार्थी होने का आरोप लगा था। तब हमारे देश के कम्युनिस्ट अमेरिका-विरोधी थे तो उन्होंने इसे बहुत हवा दी थी। खैर, वह तो केवल आरोप था। आपने उस रूसी जासूस का विडियो देखा होगा जिसमें वह बताता है कि उसे भारतीय बुद्धिजीवियों को अनुकूलित करने का काम दिया गया था। वह दिल्ली में रहता था। उसने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें हिन्दी के एक प्रसिद्ध कवि भी दिखते हैं जो उस जासूस के माध्यम से दलबदल के साथ मास्को दौरे पर गये थे। बाद में वह जासूस अमेरिका के हाथों बिक गया और उसने केजीबी के इन कारनामों की पोल खोलनी शुरू कर दी।
गुप्तचर्या पर दुनिया में कई शानदार फिल्में बनी हैं। हमारे हिन्दी सिनेमा में ड्रामा ज्यादा सिनेमा कम होता है इसलिए वह ज्यादातर नौटंकी लेवल से ऊपर नहीं उठ पाती। खासकर बात वीररस की हो तो यह आशंका और बढ़ जाती है। उम्मीद है कि किसी दिन भारतीय गुप्तचरों पर भी संवेदनशील और सूचनाप्रद फिल्में बनेंगी। ऐसे ही किसी फिल्म में विकास यादव नायक होंगे।
मूल खबर….
RAW के गुप्तचर विकास यादव के लिए अमेरिका में FBI ने ये पोस्टर छपवा दिया!


