Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

टीवी

सारे एंकरों और चैनलों के मालिक ‘अर्नब’ ही हैं : रवीश कुमार

रवीश कुमार-

अर्णव के दो आगे अर्णव, अर्णव के पीछे दो अर्णव,बोलो कितने अर्णव…

आप किससे उम्मीद कर रहे हैं? भारत का 99.999 प्रतिशत मीडिया गोदी मीडिया है। यह एक परिवार की तरह काम करता है। इस परिवार के संरक्षक का नाम आप जानते हैं। इस परिवार में सारे एंकर और चैनलों के मालिक अर्णव ही हैं। नाम सबके अलग हैं मगर काम अर्णव का ही है। आप सोचिए कि एक अर्णव दूसरे अर्णव के बारे में कैसे बोलेगा। इसलिए अर्णव अर्णव के बारे में चुप ही रहेगा। भले इस कथित चैट में गोदी मीडिया की आपसी प्रतिस्पर्धा दिख रही है लेकिन आप ये तो देखिए कि गोदी मीडिया का संरक्षक कौन है? क्या यह गोदी मीडिया दुस्साहस करेगा कि वह आपसी प्रतिस्पर्धा की लड़ाई में संरक्षक को सामने ले आए? कभी नहीं करेगा। इसलिए वह अर्णव को बचाने के लिए चुप नहीं है बल्कि अपने संरक्षक को बचाने के लिए चुप है। जिस खेल को अर्णव के कथित चैट के ज़रिए उजागर किए जाने का दावा किया जा रहा है वो कौन नहीं जानता। उस खेल में तो 99.999 प्रतिशत गोदी मीडिया लाभार्थी है। तो कोई कैसे अपने अर्णव होने के ख़िलाफ़ अर्णव की पोल खोल दे।

अर्णव सिर्फ़ एक न्यूज़ एंकर नहीं है। वह एक समाज है। अर्णव के झूठ को देखने और दिन रात गटकने वाला समाज अर्णव बन चुका है। उस समाज की सोच में अर्णव और अर्णव के संरक्षक के फ़र्क़ की सीमा रेख मिट चुकी है। उसके लिए संरक्षक ही अर्णव है और अर्णव ही संरक्षक है। तो वह समाज अर्णव और संरक्षक के लिए चुप रहेगा। जबकि वही समाज रक्षा और सेना को लेकर फ़र्ज़ी राष्ट्रवाद का नारा बुलंद करता है ताकि अपने भीतर की सांप्रदायिकता को एक नैतिक रंग दे सके। उसके लिए न देशभक्ति अहम है और न राष्ट्रवाद। दोनों में अंतर होता है। ख़ैर। इसलिए वह अर्णव के कथित चैट के बहाने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल को लेकर सवाल नहीं करेगा। जवाब नहीं माँगेगा। चुप रहेगा। क्योंकि अब जब तक वह जीवित है इसी तरह के झूठ और प्रपंच के साथ जीने-मरने के लिए अभिशप्त है।

मैं जानता हूँ कि न्यूज़ चैनलों के ज़रिए भारत की जनता को दैनिक रुप से ग़ुलाम बनाने का अभ्यास कराया जाता है और जनता किस हद तक गुलाम बन चुकी है उसका दैनिक परीक्षण किया जाता है। तभी तो जनता ने साढ़े तीन महीने तक सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की ख़बर पर बतगंड़ी का महाकवरेज देखा था। इस समाज के बीच नैतिकता की कोई जगह नहीं बची है। यह समाज एक गिरोह और उसके सदस्यों की अनैतिकता का बचाव करने के लिए ज़िंदा है। तभी मैंने कहा था कि नागरिक या जनता के अधिकार की किसी भी लड़ाई का गोदी मीडिया के बहिष्कार या उससे लड़ाई के बग़ैर कोई मतलब नहीं है। जब 99.999 प्रतिशत मीडिया गोदी मीडिया हो जाए तो अब हर संघर्ष में इस बात का हिसाब होना चाहिए कि बग़ैर मीडिया के कैसे आंदोलन करना है। जो मीडिया के लिए आंदोलन करेगा उसकी मौत तय है। उसकी असफलता तय है। यह बात सिर्फ़ किसानों के लिए नहीं है बल्कि नौकरी और परीक्षा को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों के लिए भी है। उनके अपने भीतर इस स्वाभिमान को पैदा करना ही होगा कि वे अपने आंदोलन से मीडिया को बाहर कर दें। नहीं करेंगे कोई बात नहीं। उनकी मर्ज़ी। मैं लोड नहीं लेता।

कई लोगों ने मुझसे कहा कि आप अर्णव के चैट के बारे में क्यों नहीं प्रोग्राम कर रहे हैं? मेरा जवाब पेशेवर है। एक कि मैंने चैट देखा नहीं क्योंकि अकेले काम करता हूँ तो पढ़ने का वक़्त नहीं मिला। सोशल मीडिया में इतनी जगह उस चैट के बारे में काट-छाँट कर पेश किया गया है। ऐसे मैं मेरा एक क़ायदा है। मैं थोड़ा रुकता हूँ। ख़ुद पढ़ता हूँ। देर से कर लेंगे कोई तूफ़ान नहीं आ जाएगा। इस दौरान मैं किसानों के मुद्दे को समझने में लगा था। मैंने किसी दूसरे विषय पर कोई प्रोग्राम किया भी नहीं था। सोचा तो यही था कि लगातार 50 एपिसोड करूँगा और किसी दूसरे विषय पर नहीं करूँगा। ज़ाहिर है उसमें व्यस्त रहा। और हूँ भी।

हम अर्णव नहीं है कि व्हाट्स एप का चैट आया और रिया चक्रवर्ती की ज़िंदगी के पीछे पड़ गए। मैंने कई लोगों से पूछा कि इसे औपचारिक रुप से कवर बने में निजता के कौन कौन से सवाल उठते हैं। क्या किसी की निजता भंग होती है? पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट जमा की है तो इसे लेकर किस तरह की नैतिक और क़ानूनी सावधानियाँ बरती जानी चाहिए। हमने तो इतना सोचा है। अगर मेरे बारे में ऐसी कोई सूचना होती तो अर्णव सहित सारे अर्णव इस पर घटों अभियान चला रहे हो। सारे मंत्री पुलिस के साथ मेरे घर आ गए होते। सूचना प्रसारण मंत्रालय की अफ़सर नोटिस जारी कर रही होतीं। क्योंकि मैं अर्णव नहीं हूँ।

अगर मैं अर्णव होता तो सब चुप रहते। आई टी सेल चुप रहता। और सबसे बड़ी बात समाज का बड़ा तबका मेरे साथ खड़ा रहता। मेरी एक बात याद रखिएगा। भारत की सामाजिकता की बुनियाद में नैतिकता है ही नहीं। आगे कहने की ज़रूरत नहीं है। न्यूज़ चैनलों की ग़ुलामी झेल रहे इस समाज से ज़्यादा संवाद करना समय बर्बाद करना है। अब सवाल है कि अर्णव की मदद कैसे की जाए? इसका एक समाधान है जो पेश कर रहा हूँ।

या तो ओवैसी कहीं कुछ बयान दे दें, या मंदिर निर्माण के चंदे को लेकर कोई बोल दे कि चंदा नहीं देना है, इससे होगा कि गोदी मीडिया के सारे अर्णवों को हफ़्ते भर का मुद्दा मिल जाएगा। लोग वैसे भी चंदा देंगे और देते रहेंगे लेकिन टीवी के लिए इससे अच्छा मुद्दा कुछ और नहीं है। या फिर पाकिस्तान से कुछ जोड़ दिया जाए। पाकिस्पतान से जुड़ जाए तो सारे अर्णव बाहर आ जाएँगे। अपना बचाव करने। लगेंगे। इस तरह के मुद्दे किसी न किसी संगठन के लोग बयान देकर उपलब्ध करा ही देंगे। अगर ऐसा हो गया तो सारे अर्णव खुश हो जाएँगे।

याद है न आपको अर्णव के लिए कैसे सारे मंत्री आ जाते थे। बीजेपी के सारे प्रवक्ता आ जाते थे। बोलने और अर्णव को बचाने । सारी सरकार खड़ी हो जाती थी। इस बार भी सब उसके साथ खड़े हैं। बस फ़र्क़ ये है कि बोल नहीं रहे हैं। ज़रूरी भी नहीं कि हर बार बोल कर साथ दिया जाए।

फ़िलहाल न्यूज़लौंड्री ने इस पर हिन्दी में एक रिपोर्ट की है। नवभारत टाइम्स और टाइम्स आप इंडिया में ख़बर छपी है। टाइम्स नाउ ने कवर किया है लेकिन उसमें चतुराई से AS का मतलब नहीं बताया जा रहा है। AS का मतलब बताते ही टाइम्स नाउ बंद कर दिया जाएगा। कैरवां ने भी इस पर रिपोर्टिंग की है मगर वो अंग्रेज़ी में है।

इस लेख का उन्वान\शीर्षक श्री 420 फ़िल्म के एक गाने से प्रभावित है। तीतर के दो आगे तीतर, तीतर के दो पीछे तीतर, बोलो कितने तीतर…

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन