उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक निजी चैनल भारत समाचार के रिपोर्टर संजीव नामदेव पर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार, संजीव एक स्थानीय दूध डेयरी पर कवरेज के लिए पहुंचे थे, तभी डेयरी संचालक भाइयों ने उन पर हमला कर दिया।
मामला क्या है?
बताया जा रहा है कि यह डेयरी बड़े पैमाने पर दूध, दही और घी की बिक्री करती है। हाल के दिनों में इस डेयरी से घटिया गुणवत्ता का घी बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों की पड़ताल के लिए जब पत्रकार मौके पर पहुंचे, तो संचालक भाइयों को यह बात नागवार गुज़री और उन्होंने मिलकर पत्रकार की बेरहमी से पिटाई कर दी।
हमले में संजीव नामदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और बड़ी मुश्किल से उन्हें वहां से बचाकर निकाला गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मारपीट की यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह डेयरी संचालक भाइयों ने पत्रकार पर हमला किया।
इस घटना के बाद प्रेस क्लब और स्थानीय पत्रकारों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपी डेयरी संचालकों की गिरफ्तारी और पत्रकार सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लिया है। पुलिस ने आरोपी डेयरी संचालक भाइयों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण पर भारत समाचार ने क्या ट्वीट किया है- पढ़िए
ललितपुर-भारत समाचार के रिपोर्टर संजीव नामदेव पर हमला, नकली घी कारोबारियों की खबर चलाने पर हुआ हमला
मारपीट,खौलता घी डालने की घटना सीसीटीवी में कैद, मिलावटी घी के सैंपल भरने की खबर से की थी प्रकाशित
आरोपी विशाल साह और विकास साहू ने मारपीट की, मारपीट करने वाले दोनों आरोपी सगे भाई हैं
आरोपियों की साहू दूध डेरी से संचालित हैं दुकान, घर, दुकान पर खुलेआम बनाया जाता मिलावटी घी
दबंग घी कारोबारी मिलावट कर लोगों को परोस रहा जहर, दबंगों ने रिपोर्टर पर खौलता घी उड़ेलकर की मारपीट
दबंगों के हमले में भारत समाचार का रिपोर्टर घायल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
मिलावटखोर की अवैध दुकान पर प्रशासन का चला बुल्डोजर, सदर कोतवाली अंतर्गत सुपर मार्केट का मामला



