Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तराखंड

फेसबुक पोस्ट से उपजे विवाद के बाद देहरादून के पत्रकार पंकज मिश्रा की संदिग्ध हालात में मौत!

देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा को शराब ने लील लिया। नशे में सीएम और एसएसपी के ख़िलाफ़ लिख मारा। सुबह पोस्ट डिलीट कर माफ़ी माँगी। उसके बाद कुछ लोगों से विवाद हुआ। फिर उनकी मौत हो गई। शुगर और हाई बीपी के बावजूद छक कर शराब पीते थे। मरने को लेकर अलग अलग वर्जन आ रहा है। कोई कह रहा मित्रों से लड़े और मरे। कुछ का कहना है अपने घर में नशे में बाथरूम में गिरे और मरे। पत्नी की उम्र पत्रकार की उम्र से आधी है। बहुत से रहस्य हैं।

देहरादून | 16 दिसंबर 2025 | अविकल थपलियाल

नशे की अवस्था में फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट से शुरू हुए विवाद के बाद देहरादून के दून विहार, जाखन निवासी वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत हो गई। घटना के बाद पत्रकार जगत में हलचल मच गई है। मंगलवार दोपहर कोरोनेशन अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम किया गया।

पंकज मिश्रा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सोशल मीडिया पर नशे में की गई एक पोस्ट को लेकर पंकज मिश्रा का अपने कुछ परिचितों से विवाद हो गया था। बाद में उन्होंने माफी मांगते हुए वह पोस्ट डिलीट कर दी थी। पोस्ट में सीएम, एसएसपी आदि पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।

सोमवार रात पंकज मिश्रा की अपने एक पत्रकार साथी से मोबाइल फोन पर तीखी बहस हुई। इसके बाद दो लोग उनके जाखन स्थित किराए के मकान पर पहुंचे और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान पंकज मिश्रा की पत्नी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। आरोप है कि हमलावर जाते समय पंकज और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर भी पहुंची, लेकिन पंकज मिश्रा ने सुबह कार्रवाई कराने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें दून अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि जिन लोगों को पंकज मिश्रा की पत्नी ने मारपीट के मामले में पहचाना है, उन्हीं में से एक के यहां चार दिन पहले आयोजित वैवाहिक समारोह में पंकज मिश्रा भी शामिल हुए थे। पंकज की पत्नी ने उसी पत्रकार और उसके साथी को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी। परिजनों ने संकेत दिए हैं कि बुधवार को अंतिम संस्कार के बाद एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

मुख्यमंत्री और सूचना महानिदेशक ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी पंकज मिश्रा के निधन पर शोक जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

देखें पंकज की आख़िरी एफबी पोस्ट-


अमर उजाला में प्रकाशित खबर पढ़िये-

राजपुर थानाक्षेत्र की दून विहार कॉलोनी में सोमवार रात को 52 वर्षीय पंकज मिश्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनकी पत्नी ने बताया है कि पंकज को रात करीब साढ़े तीन बजे पेट दर्द हुआ था। वह टॉयलेट गए लेकिन बाहर निकलते समय फिसल कर गिर गए, क्योंकि उनका वजन काफी था इसलिए वह उन्हें बेड तक नहीं ले जा सकी। वहीं कंबल ओढ़ा दिया था। उसके बाद खुद सो गई थीं। सुबह पति होश में नहीं आए तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया।

साथ में शराब पीते वक्त दो लोगों से हुआ था झगड़ा
इससे पहले सोमवार शाम उनके साथ एक घटनाक्रम हुआ। मौत से कुछ घंटे पहले पंकज ने अपने घर में दो लोगों के साथ शराब पी थी। किसी बात पर उनके बीच मारपीट हो गई थी, जिसकी पुलिस कॉल हुई। चीता पुलिस मौके पर गई। पड़ोसी भी वहां जमा थे। पुलिस का कहना है कि पंकज नशे में थे। उन्होंने अपनी मेडिकल जांच कराने और शिकायत देने से मना कर दिया था। इस वजह से चीता पुलिस वापस लौट गई थी। सुबह फिर से पुलिस को उनके बेसुध होने की कॉल मिली तो अस्पताल लेकर गए।

शरीर पर चोट के निशान नहीं, विसरा जांच होगी
पंकज कहीं नौकरी या व्यवसाय नहीं करते थे। वह स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते थे। उनके साथ रात में शराब पीने वाले भी सोशल मीडिया पर पोर्टल चलाने वाले बताए जा रहे हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक के शव पर ऊपरी तौर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। देर शाम पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। उनका विसरा सुरक्षित रखवाया है, जिससे उनके खाने-पीने का पता चलेगा। विसरा एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा।

परिजनों की शिकायत पर जांच के निर्देश
पंकज मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले थे। दून विहार में मकान नंबर-187 में 30 वर्षीय पत्नी के साथ किराये पर रहते थे। एसएसपी ने बताया कि लखनऊ में उनके परिजनों को सूचना दी गई है। वे देर रात तक देहरादून पहुंचेंगे। राजपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि परिजनों की ओर से जो भी लिखित शिकायत मिलेगी, उस पर कार्रवाई अमल में लाएं।

पुलिस के शक की वजह
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पंकज और उनकी पत्नी की उम्र में काफी अंतर है। पति के बाथरूम के बाहर गिरने के बाद वहीं कंबल ओढ़ाकर पत्नी का खुद सो जाना संदिग्ध प्रतीत हुआ, हालांकि इस बारे में जांच और पूछताछ में पत्नी ने बताया कि पंकज रोजाना बहुत शराब पीते थे। उन्हें शुगर और बीपी की समस्या भी थी। वजन अधिक होने के कारण अक्सर घर में कहीं भी नशे में बेसुध होकर सो जाते थे।

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन