नई दिल्ली : प्रख्यात कवि गोपाल दास ‘नीरज’ जी की 7वीं पुण्यतिथि के अवसर पर महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट के संरक्षक उपेन्द्र राय के नेतृत्व में नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में ‘निरंतर नीरज सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया. इस गरिमामयी आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी के साथ साथ देश के कई प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कलाकारों, गीतकारों एवं सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति रही.
इस अवसर पर महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट के संरक्षक और भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी उपेन्द्र राय ने प्रेस क्लब में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
भारत एक्सप्रेस के CMD उपेन्द्र राय ने महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ की रचनात्मक विरासत और साहित्यिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा, “नीरज जी सिर्फ एक कवि नहीं, बल्कि संवेदना थे. उनका लेखन जन-जन के हृदय से जुड़ता था और आज भी वो उतना ही प्रासंगिक है. ऐसे साहित्यकारों की स्मृतियाँ हमें भावनाओं की गहराई में झांकने का अवसर देती हैं.”


‘निरंतर नीरज सम्मान समारोह’ के दौरान प्रख्यात लेखक प्रसून जोशी, गीतकार समीर अनजान, अभिनेता विनीत कुमार सिंह, फिल्म निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष और मुंबई बीजेपी के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा जैसी हस्तियों ने भी अपने विचार साझा किए और महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभवों को याद किया.
इस कार्यक्रम का आयोजन महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ की साहित्यिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था. इस कार्यक्रम ने न केवल महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ की स्मृति को जीवंत रखा, बल्कि साहित्य और कला के प्रति समर्पण को भी दर्शाया. समारोह में जुटे वक्ताओं ने महाकवि गोपाल दास ‘नीरज’ की सरल, सहज और हृदयस्पर्शी कविताओं को श्रद्धांजलि स्वरूप प्रस्तुत किया.


