टीवी न्यूज एंकर मीनाक्षी कंडवाल एक बार फिर टेलीविजन की दुनिया में वापसी कर सकती हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वे जल्द ही NDTV की टीम का हिस्सा बन सकती हैं और शाम के प्रमुख शो की कमान संभाल सकती हैं। हालांकि NDTV की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि मीनाक्षी कंडवाल ने लगभग दो साल पहले ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ से विदा लेकर अपना यूट्यूब चैनल ‘News Beatz’ शुरू किया था। ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ में वे सीनियर एडिटर थीं और इससे पहले ‘आजतक’ चैनल में डिप्टी एडिटर के रूप में काम कर चुकी हैं।
इश्क FM के सीईओ बने आलोक सक्सेना
मनोरंजन मीडिया ग्रुप के स्वामित्व में आए रेडियो चैनल ‘इश्क एफएम’ ने मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गज आलोक सक्सेना को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति इंडिया टुडे ग्रुप से ‘इश्क एफएम’ के अधिग्रहण के बाद हुई है और चैनल की नई दिशा की शुरुआत मानी जा रही है।
आलोक सक्सेना को मीडिया और एडवर्टाइजिंग सेल्स के क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे ‘रेड एफएम’ जैसी अग्रणी मीडिया कंपनियों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा चुके हैं और उन्हें रेवेन्यू ग्रोथ और मार्केट स्ट्रैटेजी में विशेषज्ञ माना जाता है।
DMCL बोर्ड में गरिमा भारद्वाज और अमित सिंघल की नियुक्ति
DNA न्यूज चैनल का संचालन करने वाली कंपनी डिलिजेंट मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड (DMCL) ने अपने बोर्ड में दो नए स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति की है। 28 मई 2025 को हुई बैठक में गरिमा भारद्वाज और अमित सिंघल को स्वतंत्र निदेशक के तौर पर शामिल किया गया।
गरिमा भारद्वाज एक अनुभवी लीगल प्रोफेशनल हैं, जिनके पास कानून के विभिन्न क्षेत्रों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्हें कंपनी की स्वतंत्र महिला निदेशक के रूप में पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है।
वहीं, चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित सिंघल को भी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। टैक्स कंसल्टिंग, ऑडिट, ट्रांसफर प्राइसिंग और नियामकीय मामलों में उनका 22 वर्षों का अनुभव DMCL के लिए लाभदायक माना जा रहा है। दोनों की नियुक्तियां शेयरधारकों की स्वीकृति के अधीन हैं।


