इन दिनों National Herald का मामला फिर से चर्चा में है। पिछले सप्ताह दोनों पक्षों के वकीलों ने अदालत के सामने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। इस ख़बर को कवर करते हुए पूरे हिंदी मीडिया ने National Herald को नेशनल हेराल्ड लिखा। वैसे ही जैसे वे ज़माने से लिखते चले आ रहे हैं। स्पेलिंग और उच्चारण के लिए कभी कसौटी माने जाने वाले बीबीसी और नवभारत टाइम्स भी इसे नेशनल हेराल्ड ही लिख रहे हैं।
इसी के साथ एक और ख़बर आई अमेरिका में नीरव मोदी के भाई नेहल मोदी की गिरफ़्तारी के बारे में। दोनों भाई Punjab National Bank घोटाले में अभियुक्त हैं। इस ख़बर को कवर करते हुए हिंदी मीडिया ने शीर्षक में PNB लिखा तो मैटर में पंजाब ‘नेशनल’ बैंक जबकि पंजाब नैशनल बैंक अपने हर नामपट्ट में साफ़- साफ़ लिखता आ रहा है – पंजाब ‘नैशनल बैंक। यानी नेशनल नहीं, नैशनल। पुष्टि के लिए आप PNB की किसी भी शाखा या ATM के बाहर लगा नामपट्ट देख सकते हैं।
यह सही है कि Nation का उच्चारण नेशन होता है लेकिन National का उच्चारण नैशनल होता है। इसीलिए PNB अपने हिंदी नाम में नैशनल का प्रयोग करता है। इसी तरह National Herald का नाम लिखते समय भी National को नैशनल लिखा जाएगा, नेशनल नहीं। यही नहीं, Herald का उच्चारण भी हेराल्ड नहीं, हेरल्ड है।
हेरल्ड क्यों, इसका कारण Donald Trump वाली शब्दचर्चा में मैंने बताया था। नियम यह है कि अंग्रेज़ी में दो सिल्अबल वाले nouns और adjectives में दूसरे हिस्से में मौजूद स्वर हल्का बोला जाता है। हल्का यानी अ, इ या उ। जैसे Donald (Don.ald) में बाद के हिस्से में मौजूद a का उच्चारण ‘अ’ होता है
(डॉनल्ड), वैसे ही Herald (Her.ald) में भी बाद के हिस्से में मौजूद a का उच्चारण ‘अ’ होगा क्योंकि यह भी दो सिल्अबल वाला शब्द है और नाउन है। इसी कारण Backward और Forward का उच्चारण भी बैकवर्ड और फ़ॉरवर्ड होगा, बैकवार्ड या फ़ॉरवार्ड नहीं। इन दोनों ही शब्दों में ward में मौजूद a का उच्चारण हल्का यानी ‘अ’ होता है।
यदि आप यह नियम समझ लें तो अंग्रेज़ी के दो सिल्अबल (दो वावल या दो हिस्सों) वाले सैकड़ों शब्दों का ग़लत उच्चारण करने से बच सकते हैं।
यदि आप किसी शब्द के सही उच्चारण के बारे में जानना चाहते हैं या इस स्तंभ के बारे में कोई सलाह देना चाहते हैं तो [email protected] पर लिखें।
पिछला भाग यहां पढ़ें…



