देश के प्रतिष्ठित समाचार नेटवर्क NDTV से एक साथ दो बड़ी विदाई की खबर सामने आई है। चैनल के सीनियर मैनेजिंग एडिटर निकुंज गर्ग और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) अनिल उनियाल ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
निकुंज गर्ग ने नवंबर 2023 में NDTV जॉइन किया था, जहां वह ‘NDTV 24×7’ और ‘NDTV इंडिया’ दोनों चैनलों की कंटेंट टीम का नेतृत्व कर रहे थे। समाचार संग्रह और प्रसारण से जुड़ी टीमों के प्रमुख के रूप में उन्होंने संस्थान में अहम भूमिका निभाई। उनके इस्तीफे की पुष्टि एक इंटरनल मेल के ज़रिए NDTV ने की है।
मेल में कहा गया है, “निकुंज ने अपनी लगन, संपादकीय समझ और जुनून से संस्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने न्यूज़रूम में एक गहरी छाप छोड़ी है और उनकी कमी महसूस की जाएगी।” कंपनी के मुताबिक, निकुंज गर्ग का NDTV में आखिरी कार्यदिवस 30 जून 2025 होगा।
निकुंज गर्ग इससे पहले टाइम्स नेटवर्क में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। वह ‘मिरर नाउ’ के एडिटर-इन-चीफ और ‘टाइम्स नाउ’ के मैनेजिंग एडिटर जैसे वरिष्ठ पदों पर रहे। मीडिया जगत में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले निकुंज गर्ग ‘स्टार’ और ‘ज़ी नेटवर्क’ के साथ भी काम कर चुके हैं। उनके अगले करियर कदम को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इसी कड़ी में NDTV के सीओओ अनिल उनियाल ने भी इस्तीफा दे दिया है। अनिल NDTV के साथ दो वर्षों से और पूरी Adani Media Group के साथ लगभग नौ वर्षों से जुड़े हुए थे। वे 2016 में Quint और BloombergQuint वेंचर की शुरुआत के साथ इस मीडिया समूह से जुड़े थे।
NDTV Profit की दोबारा लॉन्चिंग से लेकर बिजनेस रणनीतियों को मजबूत करने तक अनिल ने अहम भूमिका निभाई। उन्हें BloombergQuint को भारत में बिजनेस और फाइनेंशियल न्यूज का बड़ा नाम बनाने का श्रेय भी दिया जाता है। NDTV से जुड़ने से पहले वे Network18 में CNBC-TV18, CNBC आवाज और Forbes India के CEO जैसे पदों पर रह चुके हैं।
NDTV से इन दोनों दिग्गजों की विदाई को चैनल के भविष्य के बदलावों की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निकुंज गर्ग और अनिल उनियाल अगली पारी कहां से शुरू करते हैं।


