नितिन त्रिपाठी-
इन दिनों यूएसए बहुत तेजी से AI सामान्य जीवन में इंप्लीमेंट कर रहा है. मेरे शहर ऑस्टिन में कल से टेस्ला की रोबोटैक्सी सेवा ट्रायल फेस में आरम्भ हो गई है. कहीं आना जाना हो, ऐप पर जाकर टैक्सी बुक कीजिए. ऐप पर आपके पेमेंट डिटेल आदि पहले से ही हैं. निर्धारित समय पर ड्राइवर रहित टैक्सी आपकी लोकेशन पर पहुँच जायेगी. टैक्सी में बैठिए ऐप से ही गाने चेंज कर सकते हैं, तापमान घटा बढ़ा सकते हैं. ड्राइवर रहित टैक्सी आपको फाइनल डेस्टिनेशन में पहुँचा कर दरवाज़ा खोल देगी आप अपने डेस्टिनेशन पहुँच गए हैं उतर जाइए अनाउंसमेंट के साथ.
यह सुविधा अभी ट्रायल फेस में है तो इसका किराया सभी जगह के लिए केवल $4.20 रखा गया है – यह मस्क का फ़ेवरिट लकी नंबर है. हमारे गाँव में तो चार सौ बेसिये को फ्रॉड ही मानते हैं वैसे.
वैसे रोबोटैक्सी में मस्क थोड़ा लेट हो गए. गूगल की कंपनी waymo काफ़ी पहले ही रोबोटैक्सी लॉन्च कर चुकी है. waymo की रोबोटैक्सी ऑस्टिन शहर में उबर ऐप में उपलब्ध हैं. जैसे सामान्य टैक्सी बुक करते हैं वैसे ही रोबोटैक्सी ऑस्टिन में बुक की जा सकती है उबर में. waymo ने अपनी सुविधा का काफ़ी विस्तार कर लिया है सप्ताह में अब ढाई लाख राइड उबर के द्वारा waymo करवा रही है.
हमारे गाँव देहात में जब कोई कुछ नहीं कर पाटावठा दो उसे ड्राइवरी सिखा देते थे. अब यह प्रोफेशन समाप्त ही समझिए. फील्ड में दो कंपनियाँ आ गई हैं. अन्य कंपनियों की भी रोबोटैक्सी बस आने ही वाली हैं. तो रोबोटैक्सी अब कोई अजूबा या हॉलीवुड फ़िल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि प्रॉपर कम्पटीशन है कंपनियों में कॉस्ट और क्वालिटी को लेकर. चूंकि सबको पता है आने वाले साल रोबोटैक्सी के ही हैं, पूरे टैक्सी बाज़ार में रोबोटैक्सी का राज चलेगा, इस लांच के होते ही टेस्ला के शेयर दस प्रतिशत उछले. ट्रम्प चिचा से झगड़ा कर जो बाज़ार खोया था उसकी भरपाई हो रही है.
वैसे केवल ड्राइवर मार्केट ही नहीं समाप्त होगी, कई अन्य व्यवसाय भी समाप्त होंगे रोबोटैक्सी से. मनुष्य की तुलना में ऑटोमैटिक कार ग़लतियाँ बहुत कम करती हैं तो इन्शुरन्स इंडस्ट्री को झटका लगने वाला है. ग़लतियाँ नहीं होंगी तो ट्रैफिक विभाग चालान कैसे वसूलेगा. पुलिस की नौकरी ख़तरे में. यहाँ टोल टैक्स प्रायः ऑटोमेटेड होते हैं. अगर आपकी कार पर स्कैनर लिंक नहीं है तो टोल विभाग चालान घर भेजता है. टोल का रेट भी समय के अनुरूप बढ़ता घटता है, आलसी मनुष्य यह सब गुना भाग नहीं करता. रोबोट सब हिसाब किताब कर सबसे सस्ते तरीके से चलता है तो टोल विभाग की आय में कमी और छटनी.
ऑटोमेशन का युग आ गया है. स्वागत कीजिए.


