मेरठ: पत्रकारों की एकता और सशक्त आवाज़ को मंच देने वाला ‘द प्रेस क्लब’ अब आधिकारिक रूप से सक्रिय हो गया है। मंगल पांडे नगर स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शुरुआत से ही माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी ने संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष रवि शर्मा ने की, जबकि संचालन संयोजक दिनेश चन्द्रा ने किया।
सदस्यता अभियान की धमाकेदार शुरुआत
प्रेस क्लब ने 1 से 15 सितंबर 2025 तक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के पहले ही दिन शाम 5 बजे तक 72 आवेदन पत्र जमा हुए। शुभारंभ मेरठ समाचार के पत्रकार संजय गौतम ने पहला आवेदन पत्र सौंपकर किया। तय किया गया कि 15 सितंबर के बाद सदस्यता प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी और संविधान के अनुरूप समिति नए सदस्यों को जोड़ेगी।
पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान पर फोकस
अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा, “प्रेस क्लब पत्रकारों का साझा मंच है। हमारा लक्ष्य पत्रकारों के अधिकार और सम्मान की रक्षा करना है।”
वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.के. शर्मा ने इसे पत्रकारों की एकता और सहयोग को मज़बूत करने वाला कदम बताया।
महामंत्री दिनेश दिनकर ने कहा कि सदस्यता प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल है, और हर पत्रकार की आवाज़ इस मंच से बुलंद होगी।
वरिष्ठ पत्रकार शादाब रिज़वी ने कहा, “लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की अहम भूमिका है। प्रेस क्लब उनकी सुरक्षा और सम्मान का प्रहरी बनेगा।” वहीं, ज्ञान प्रकाश ने संगठन को पत्रकारों का परिवार बताया।
कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल ने जानकारी दी कि अभी सदस्यता निशुल्क है, जबकि भविष्य में आमसभा द्वारा तय न्यूनतम शुल्क क्लब के खाते में जमा किया जाएगा।
डिजिटल पहचान की ओर कदम
वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा ने बताया कि जल्द ही प्रेस क्लब की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च होगी। इसमें प्रत्येक सदस्य का पूरा विवरण होगा और QR कोड युक्त पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
एकजुटता का संकल्प
बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने सदस्यता अभियान को सफल बनाने और मेरठ में द प्रेस क्लब को पत्रकारों की सशक्त आवाज़ के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया।
बैठक में विनोद गोस्वामी, राम बोल तोमर, विकासदीप त्यागी, राजीव शर्मा, ललित ठाकुर, ओमपाल तोमर, अक्षांश भारद्वाज, विजय वर्मा, राजेश शर्मा, शाहीन परवीन खान, नरेंद्र शर्मा, संदीप कुमार, आसिफ वारसी, प्रशांत कौशिक, मनीष शर्मा समेत कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।



