Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (पार्ट 9): WhatsApp का सही उच्चारण वॉट्सएप, वॉट्सऐप या वाट्सअप?

WhatsApp का नाम किसने नहीं सुना होगा! आज की तारीख़ में 85 करोड़ भारतीय इस प्लेटफ़ॉर्म पर हैं। लेकिन वे इसे बोल क्या रहे हैं? वॉट्सएप, वॉट्सऐप या वाटस्अप?

यदि आम जनता की ज़बान पर जाएँ तो मेरी समझ है कि अधिकतर बच्चे-बच्चियाँ, युवक-युवतियाँ और अंकल-आंटियाँ इसे वाट्सअप कहते हैं – वाट्सअप। इनमें से ज़्यादातर लोग शायद इसकी स्पेलिंग भी नहीं जानते होंगे सो उनको इस उच्चारण के लिए माफ़ किया जा सकता है। लेकिन हिंदी के पढ़े-लिखे पत्रकार क्या लिख रहे हैं? आइए, देखते हैं।

मैंने इंटरनेट पर हिंदी की कुछ वेबसाइटों की जाँच की तो पता चला कि वहाँ तो ग़ज़ब का लोकतंत्र (दूसरे शब्दों में अराजकता) है। जिसे जो मन आ रहा है, वही लिख रहा है।

लल्लनटॉप (या लल्लनटाप?) में कोई वॉट्सऐप लिख रहा है तो कोई वॉट्सएप। यही हाल हिंदुस्तान में है। वहाँ वॉट्सऐप भी है और वाट्सअप भी। सबसे मज़ेदार स्थिति तो दैनिक भास्कर की है। उसमें मुझे वॉट्सऐप, वॉट्सएप और वाट्सअप – तीनों के दर्शन हुए।

मैंने ऊपर केवल तीन का नाम लिया है लेकिन बाक़ी संस्थानों में भी कम या ज़्यादा यही हाल होगा क्योंकि स्टाइल बुक किस चिड़िया का नाम है, यह न तो इनके संपादकों-मालिकों को मालूम होगा, न उनको इसकी कोई परवाह होगी।

लेकिन शायद आप जानना चाहें कि सही उच्चारण क्या है। शब्दकोशों में आम तौर पर नामों के उच्चारण नहीं मिलते। इसलिए मैंने सोचा, क्यों न उन्हीं लोगों के मुख से सुना जाए जिन्होंने इस ऐप को बनाया या जो आज इस ऐप के मालिक हैं।

WhatsApp बनाने का श्रेय यान कूम (Jan Koum) और उनके कुछ साथियों को जाता है। जब उन्होंने 2009 में एक मेसिजिंग ऐप बनाने की योजना बनाई तो सबसे पहले उनको यही नाम सूझा। कारण यह कि उनको यह नाम What’s up से काफ़ी मिलता-जुलता लगा। What’s up का मतलब आप जानते ही होंगे – क्या हालचाल हैं या क्या चल रहा है? कई लोग शायद इसी कारण इसे वॉट्सअप/वाट्सअप बोलते हैं।

लेकिन क्या यान कूम इसे वॉट्सअप बोलते थे? मैंने यान कूम को एक यूट्यूब विडियो में सुना जिसमें वह अपने ऐप के जन्म और विकास की कहानी सुना रहे थे। इसके अलावा फ़ेसबुक के मालिक मार्क ज़करबर्ग का भी इंटरव्यू सुना जिन्होंने 2014 में WhatsApp को 19 बिलियन डॉलर में ख़रीद लिया था। दोनों वॉट्सऐप/वट्सऐप ही बोल रहे थे।

यानी फ़ैसला हो गया। उच्चारण वही है जो स्पेलिंग से स्पष्ट होता है – वॉट्सऐप या वट्सऐप। जो साथी इस बात से हैरान हो रहे होंगे कि मैं वॉट्सऐप और वट्सऐप, दोनों का उल्लेख क्यों कर रहा हूँ, उनको मैं बता दूँ कि What के दो उच्चारण हैं – वॉट और वट। यह आपपर है कि आप क्या बोलें।

अगर आपको अब भी संदेह है तो ऑक्सफ़र्ड (जी हाँ, Ford का उच्चारण यहाँ फ़र्ड होगा) की ऑनलाइन डिक्शनरी पर जाकर देखें और सुनें।

तो अब जब आप WhatsApp का उच्चारण और उसी के अनुसार हिंदी वर्तनी भी जान गए हैं तो मुझे उम्मीद है कि भविष्य में आप इसका सही उच्चारण ही करेंगे और आपके ग्रूप में कोई ग़लत बोलता हो तो उसे भी सही जानकारी भी देंगे।

यदि आप कोई सवाल पूछना चाहें या सलाह देना चाहें तो इस ईमेल पते पर लिखें – [email protected]

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन