
अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी की आईपीएल में एंट्री मारने की खबर है. आने वाले दिनों में मैदान पर अंबानी और अडानी के बीच दर्शकों को भिड़ंत देखने को मिल सकती है. लोगों में यह चर्चा का विषय है कि अंबानी को मीडिया में टक्कर देने के बाद अब अडानी क्रिकेट के मैदान पर भी कड़ी टक्कर देते दिखाई पड़ने वाले हैं.
गौरतलब है कि, अंबानी समूह के पास देश के कई मीडिया आउटलेट्स की बागडोर है. देखादेखी अडानी समूह ने भी क्विंट, एनडीटीवी, आईएएनएस पर कब्जा जमाया. अब अडानी के आईपीएल फ्रेंचाइजी हथियाते ही यह प्रतिस्पर्धा क्रिकेट मैदान तक जा पहुंचेगी.
इकोनॉमिक्स टाइम्स की खबर के अनुसार प्राइवेट इक्विटी फर्म सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स में कंट्रोलिंग स्टेक बेचने की तैयारी में है. जिसे लेकर कंपनी अडानी ग्रुप व टोरेंट ग्रुप से बातचीत कर रही है.
सूत्रों की माने तो तीन साल पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स की वैल्यू 1 अरब डॉलर से 1.5 अरब डॉलर के बीच हो सकती है. सीवीसी ने गुजरात टाइटन्स को साल 2021 में 5,625 करोड़ रुपये में खरीदा था.
अडानी व टोरेंट में मुकाबला
एक सूत्र का कहना है कि अडानी ग्रुप साल 2021 में आईपीएल की अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को खरीदने से चूक गया था. जिसके बाद अब अडानी और टोरेंट ग्रुप दोनों गुजरात टाइटन्स में मेजोरिटी स्टेक खरीदने के लिए आक्रामक रूप से कोशिशें कर रहे हैं. वहीं CVC के लिए फ्रेंचाइजी में अपनी हिस्सेदारी बेचने का शानदार मौका है. अडानी और टोरेंट दोनों का ही मुख्यालय अहमदाबाद में है, वहीं सीवीसी कैपिटल का मुख्यालय लक्जमबर्ग में है.
पहले भी क्रिकेट की तरफ रहा अडानी का झुकाव
टोरेंट ने अभी तक क्रिकेट में किसी तरह का कोई निवेश नहीं किया है, वहीं अडानी ने पहले ही वूमेन प्रीमियर लीग और यूएई बेस्ड इंटरनेशनल लीग टी20 में टीमों को खरीदकर क्रिकेट में निवेश किया है. पिछले साल अडानी ने 1,289 करोड़ रुपये की बोली के साथ WPL की अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को खरीदा था.


