Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

मथुरा के पत्रकारों ने लगाए “अनिरुद्धाचार्य मुर्दाबाद” के नारे!

मथुरा। यूपी के मथुरा में पत्रकार भड़के हुए हैं। इसकी वजह बने हैं कथावाचक अनिरुद्धाचार्य। बताया जा रहा है कि सार्वजनिक मंच से कथावाचन के दौरान मीडिया और पत्रकारों को लेकर की गई अभद्र, अपमानजनक व अमर्यादित टिप्पणी से पत्रकार जगत में गहरा आक्रोश फैल गया है। कथावाचक द्वारा मीडिया को “मंथरा” और “धृतराष्ट्र” जैसे शब्दों से संबोधित किए जाने को पत्रकारों ने पूरे मीडिया जगत का घोर अपमान बताया है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।

इस मुद्दे को लेकर गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन और वृंदावन मीडिया क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सैकड़ों पत्रकारों ने डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। हाथों में तख्तियां लेकर पत्रकारों ने “अनिरुद्धाचार्य मुर्दाबाद” और “पत्रकार एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए पूरे प्रकरण से अवगत कराया। साथ ही दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई, ताकि भविष्य में इस तरह की अमर्यादित बयानबाजी की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर उ.प्र. श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसकी भूमिका पर इस तरह की टिप्पणी न केवल मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अनिरुद्धाचार्य सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।

वहीं वृंदावन मीडिया क्लब के अध्यक्ष प्रमेंद्र अस्थाना ने कहा कि अनिरुद्धाचार्य के बयानों से पत्रकारों की भावनाएं आहत हुई हैं, जो किसी भी हाल में सहन नहीं की जा सकतीं। पत्रकार समाज ने एक स्वर में स्पष्ट किया कि पत्रकारिता की गरिमा और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा और प्रशासन से अपेक्षा की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी को भी अभद्रता करने की अनुमति नहीं देती। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से पत्रकार नरेंद्र भारद्वाज, पवन नवरत्न, अजय शर्मा, किशन चतुर्वेदी, विनीत मिश्र, डॉ. विजय विद्यार्थी, दिलीप चतुर्वेदी, नितिन गौतम, उमर कुरैशी, अनुपम आचार्य, मनमोहन पारीक, मधुसूदन शर्मा, पवन गौतम, प्रमेंद्र अस्थाना, मोहनश्याम शर्मा, विपिन पाराशर, मनमोहन गौड़, परवेज अहमद, योगेश भारद्वाज, रवि चौधरी, सुरेश सैनी, शिवांगी चौधरी, मीरा शर्मा सहित सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन