नई दिल्ली: देश के टेलीविजन और डिजिटल न्यूज़ जगत में इस वक्त सबसे बड़ी चर्चा है—’ब्लैक एंड व्हाइट’ शो के एंकर सुधीर चौधरी का आज तक से जाना। 4 अप्रैल 2025 को उन्होंने इस लोकप्रिय प्राइमटाइम शो का अंतिम एपिसोड होस्ट किया और अब वे डीडी न्यूज़ की ओर रुख कर चुके हैं।
सवाल यह है कि अब इस हाई-प्रोफाइल शो की कमान किसे सौंपी जाएगी? सुधीर चौधरी के जाने के बाद से दर्शकों और इंडस्ट्री में उनके उत्तराधिकारी को लेकर कयासबाज़ी तेज़ हो गई है। इसी बीच Aaj Tak के ब्रांडिंग में आया ‘लाल’ रंग का नया एलिमेंट दर्शकों के बीच और भी जिज्ञासा पैदा कर रहा है।
जुलाई 2022 में ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की शुरुआत सुधीर चौधरी के साथ हुई थी और देखते ही देखते यह शो हिंदी बेल्ट में टीआरपी चार्ट्स पर टॉप करने लगा। अब जब वह जा चुके हैं, तो शो के फॉर्मेट और प्रेज़ेंटर में बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं।
Aaj Tak द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में देखा गया कि शो के पारंपरिक ब्लैक एंड व्हाइट लोगो में अब एक लाल रंग की झलक भी शामिल की गई है। मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ ब्रांडिंग का बदलाव नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का संकेत हो सकता है।
एक सीनियर मीडिया एक्सपर्ट के अनुसार, “लाल रंग दर्शाता है कि चैनल अब कुछ बोल्ड करने जा रहा है—शायद एक नया चेहरा, नया फॉर्मेट या फिर दोनों। Aaj Tak पहले भी ऐसे प्रयोग करता रहा है, और यह उसकी रणनीति का हिस्सा हो सकता है कि सुधीर चौधरी के प्रभावशाली व्यक्तित्व के बाद भी दर्शकों को जोड़े रखा जाए।”
इस बीच Aaj Tak के कुछ दिग्गज नामों की चर्चा चली—अंजना ओम कश्यप और स्वेता सिंह इनमें प्रमुख नाम थे। अंजना अपने धारदार डिबेटिंग अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं, जबकि स्वेता की गंभीर और संतुलित प्रस्तुति उन्हें विश्वसनीय बनाती है।
चैनल ने शुक्रवार को घोषणा की है कि अंजना ओम कश्यप एक नया साप्ताहिक लाइव डिबेट शो ‘बहस बाज़ीगर’ होस्ट करेंगी। वहीं, ‘ख़बरदार’ को शाम 8 बजे अब स्वेता सिंह होस्ट करेंगी और ‘दस्तक’ रात 10 बजे सईद अंसारी के साथ आएगा।
हालांकि, चैनल द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए नए प्रोमो में दिख रहा है कि आजतक ने अंजना ओम कश्यप को सुधीर के बाद ब्लैक एंड व्हाइट की कमान सौंपी है। हालांकि प्रोमो देख बहुत से लोग इस आश्चर्य में हैं कि अंजना के साथ वीडियो में दिख रही दूसरी अंजना कश्यप कौन है?
या फिर दूसरी अंजना असली अंजना का एआई मॉडल है। फिलहाल, चैनल ने इस पूरे बदलाव को लेकर चुप्पी साध रखी है, लेकिन माना जा रहा है कि 7 अप्रैल तक कोई बड़ा ऐलान हो सकता है।
‘ब्लैक एंड व्हाइट’ का अगला अध्याय निश्चित ही ब्लैक एंड व्हाइट नहीं होगा—यह कहीं ज़्यादा रंगीन, बोल्ड और तकनीकी रूप से एडवांस नजर आएगा।



