भारत के मीडिया और डिजिटल इंडस्ट्री में बड़े स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिला है। ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड’ (BCCL), मनीकंट्रोल और NDTV ने हाल ही में अपने शीर्ष प्रबंधन में नई नियुक्तियां की हैं, जो इन कंपनियों की रणनीतिक दिशा और व्यवसायिक मजबूती को प्रभावित करेंगी।
BCCL का नया CMO: गौरव राजपूत
मीडिया दिग्गज BCCL ने गौरव राजपूत को अपना नया चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) नियुक्त किया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वे BCCL के समूचे ब्रैंड पोर्टफोलियो और मार्केटिंग रणनीतियों को सशक्त और आधुनिक बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरव को मार्केटिंग और ब्रैंडिंग में 28 वर्षों का अनुभव है, जिसमें भारत, यूके और दक्षिण-पूर्व एशिया की प्रमुख कंपनियों के साथ काम शामिल है। वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए कर चुके गौरव इससे पहले स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर और ग्लोबल हेड (कॉरपोरेट एंड इन्वेस्टमेंट बैंक मार्केटिंग) रह चुके हैं, जहां उन्होंने 53 देशों में बैंक की मार्केटिंग पहलों को लीड किया था।
मनीकंट्रोल में रोहित गांधी की एंट्री
डिजिटल फाइनेंशियल न्यूज़ प्लेटफॉर्म मनीकंट्रोल (moneycontrol.com) ने रोहित गांधी को वाइस प्रेजिडेंट और रेवेन्यू हेड नियुक्त किया है। वे डिस्प्ले विज्ञापन, ब्रैंडेड कंटेंट, वीडियो प्रोजेक्ट्स और IP डिवेलपमेंट का नेतृत्व करेंगे।
रोहित इससे पहले एचटी डिजिटल स्ट्रीम्स में डिजिटल बिजनेस के रेवेन्यू हेड थे। उनके करियर में टाइम्स इंटरनेट, नेटवर्क18, MX Player, कॉन्डे नास्ट इंडिया, द हिंदू ग्रुप और Bloomberg UTV जैसे संस्थानों में वरिष्ठ भूमिकाएं शामिल रही हैं।
NDTV Alive में राशिद खान की नियुक्ति
NDTV ने अपने नए डिजिटल वर्टिकल ‘NDTV Alive’ के संचालन को मजबूती देने के लिए राशिद खान को डायरेक्टर (ऑपरेशंस) बनाया है। राशिद को मीडिया, स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक का अनुभव है।
वे इससे पहले Significant Sports के सीईओ रहे हैं और T10 सुपर टेनिस-क्रिकेट लीग, Kumite 1 लीग (माइक टायसन के साथ), बिहार क्रिकेट लीग और ‘I AM DANCE’ जैसे इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक लॉन्च कर चुके हैं।
राशिद खान को रेवेन्यू रणनीतियों, ब्रैंड साझेदारियों और बड़े इवेंट्स के क्रियान्वयन में विशेषज्ञता हासिल है।


