Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

टीवी

DD न्यूज़ में अशोक श्रीवास्तव के शो ‘दो टूक’ में कपड़ा फाड़ बवाल, एंकर को गिरा लिया

डीडी न्यूज़ के शो ‘दो टूक’ में हंगामा होने की बात सामने आई है. इस शो को एंकर अशोक श्रीवास्तव होस्ट करते हैं. अशोक अपने शो में “2024 के चुनाव में क्या ब्रांड मोदी बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत हैं” विषय पर चर्चा कर रहे थे.

कार्यक्रम में समाजवादी प्रवक्ता राजकुमार भाटी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के प्रवक्ता बृजमोहन श्रीवास्तव, भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला, आम आदमी पार्टी से विष्णु पाठक, कांग्रेस की तरफ से राजनीतिक विश्लेषक दुष्यंत नागर और वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार शामिल हुए.

इसके अलावा प्रोग्राम में जेएनयू के कुछ छात्रों को बतौर दर्शक बुलाया गया था. कांग्रेस नेता उदित राज के ओएसडी सीपी सोनी के साथ अन्य स्टॉफ भी पहुंचा था. एनएसयूआई से जुड़े कुछ छात्रों को भी शो में शामिल किया गया था.

आरोप है कि एंकर श्रीवास्तव ने छात्रों से मारपीट की थी. वहीं श्रीवास्तव का कहना है कि छात्र आए ही इस मकसद से थे कि शो में हंगामा करना है. बहरहाल, दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है. पूरा मसला 23 फरवरी 2024 का है.

जेएनयू के छात्र कुनाल का आरोप है कि, ‘श्रीवास्तव पीएम की गारंटी का बखान कर रहे थे..उन्होंने किसानों को लेकर सवाल किया तो वे भड़क गए. शो रोक दिया और नीचे उतरकर उनसे उनका फोन छीन लिया. आरोप है कि एंकर ने कुछ सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर कहा कि इस लड़के को छींचकर बाहर फेंको. धक्कामुक्की की गई. बीच बचाव करने आए लड़के को श्रीवास्तव ने पीट दिया. लड़के ने भी श्रीवास्तव को थप्पड़ जड़ा. कुनाल का यह भी आरोप है कि उन्हें आधा घंटे तक बंधक बनाए रखा गया. उनके फोन से सभी वीडियो डिलीट करवा दिए गए.’

अशोक श्रीवास्तव को कथित तौर पर थप्पड़ मारने वाले युवक का नाम मनीष है. मनीष का कहना है कि, ‘वह उदित राज के दफ्तर में काम करते हैं. इसके साथ ही चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में पढ़ाई भी करते हैं. न्यूज़लांड्री के अनुसार मनीष ने बताया कि, जेएनयू के छात्रों के साथ मारपीट हुई थी. हमने बीच बचाव किया तो एंकर ने कुछ लोगों को बुलाकर हमें भी पीटा. मेरी शर्ट और कोट फट गया. उल्टा हमें ही तीन घंटे तक थाने में बिठाया गया.’

मनीष के साथ उदित राज के ओएसडी सीपी सोनी भी थे. सोनी कहते हैं, ‘उन्होंने थाना तिलक मार्ग में शिकायत दी है, जो अभी तक दर्ज नहीं हुई है. किसानों की मौत पर पूरी बहस छिड़ी थी. सोनी कहते हैं कि जब जेएनयू के छात्रों ने एंकर श्रीवास्तव से सवाल किया कि क्या ये कार्यक्रम भीजेपी प्रायोजित है..क्या आप भाजपा के एंकर हैं. जिसपर श्रीवास्तव अपना आपा खो बैठे. श्रीवास्तव ने वहां मौजूद सभी छात्रों से बदतमीजी शुरू कर दी. सुरक्षाकर्मी बुलाकर पिटवाया गया.’

कार्यक्रम के चश्मदीद रहे अन्य छात्रों का कहना है कि, ‘शो में एंकर सिर्फ पीएम मोदी का गुणगान कर रहा था. किसानों के बारे में गलत जानकारी दी जा रही थी. हमने टोका तो मारपीट की गई. समय पर पुलिस न आती तो पता नहीं क्या होता?’

इस प्रकरण में एकर अशोक श्रीवास्तव की तरफ से थाना मंदिर मार्ग में शिकायत दी गई है. श्रीवास्तव कहते हैं, ‘सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी सरकार के विरोध में बोल रहे थे. मैने उनसे काउंटर सवाल किया. जैसे ही मैं एनसीपी प्रवक्ता के पास गया तो ऑडियंस में से किसी ने सवाल पूछने को लेकर कहा. हमने रोका तो हूटिंग शुरू कर दी गई. कहा गया कि भाजपा और मोदी का फिक्स शो है. एक लड़का मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहा था. हमारी तरफ से आपत्ति जताई गई. मोबाइल बंद करने को कहा तो गाली गलौज की गई. पीछे से 4-5 लड़कों ने आकर मुझे गिरा लिया.’

एंकर का आरोप है कि, ‘उदित राज के ओएसडी लड़कों को भड़का रहे थे. हमारे प्रोड्यूसर तुमुल को भी मारा. पुलिस को फोन किया गया. जिसके बाद पुलिस इन्हें गाड़ी में बिठाकर ले गई. हमें दोबारा से कार्यक्रम रिकॉर्ड करना पड़ा. श्रीवास्तव कहते हैं, कुछ लोग उन्हें पीटने योजना बनाकर आए थे.’

मामले में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी कहते हैं कि, ‘ऑडियंस में आए लोग सवाल करना चाहते थे लेकिन अशोक श्रीवास्तव ने उन्हें धमका दिया. भाटी आगे कहते हैं मीडिया में निष्पक्षता नहीं बची है. श्रीवास्तव प्राइवेट न्यूज़ चैनलों के एंकरों से भी ज्यादा बड़े मोदीभक्त हैं. अगर कोई मोदी के खिलाफ बोलता है तो वे उसे बोलने नहीं देते. भाटी का कहना है कि एकर श्रीवास्तव का तरीका ठीक नहीं था. उन्होंने बड़े अजीब तरीके से कहा कि मेरे शो में नेतागिरी करने की जरूरत नहीं है.’

एंकर अशोक श्रीवास्तव की कंप्लेन..

उदित राज के ओएसडी सीपी सोनी की शिकायत..

छात्र मनीष का आरोप पत्र..

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन